1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. संघर्ष के दिनों को कश्मीरा शाह ने किया याद, शर्मिंदगी से बचने के लिए सेट पर पहुंचती थीं जल्दी, सालों बाद बताई वजह

संघर्ष के दिनों को कश्मीरा शाह ने किया याद, शर्मिंदगी से बचने के लिए सेट पर पहुंचती थीं जल्दी, सालों बाद बताई वजह

 Published : Apr 09, 2026 07:17 am IST,  Updated : Apr 09, 2026 07:17 am IST

कश्मीरा शाह ने बताया कि वह 'यस बॉस' के सेट पर ऑटो से आती थीं और अपने को-स्टार्स से अपने संघर्षों को छिपाकर रखती थीं। इसके अलावा शाहरुख खान और जूही चावला संग अपने काम को लेकर भी बात की।

kashmera shah- India TV Hindi
कश्मीरा शाह Image Source : INSTAGRAM/@KASHMERA1

कश्मीरा शाह ने 1977 में रिलीज हुई फिल्म 'यस बॉस' में काम करने के दौरान अपने शुरुआती संघर्ष के दिनों के बारे में खुलकर बात की। एक्ट्रेस ने बताया कि वह सेट पर ऑटो-रिक्शा से आती थीं और दूसरों से इसे छिपाने की कोशिश करती थीं। उन्होंने बताया कि वह सभी अपने संघर्ष को छिपाकर रखती थी, क्योंकि उन्हें शर्मिंदगी महसूस होती थी। आज वह मनोरंजन जगत का जाना पहचाना चेहरा बन चुकी हैं।

स्क्रीन पर अमीर, असल जिंदगी में रहा संघर्ष

कश्मीरा शाह ने हाल ही में भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया के यूट्यूब पॉडकास्ट 'भारती TV' पर बात करते हुए अपने करियर के शुरुआती दिनों की यादें शेयर कीं। एक्ट्रेस ने याद करते हुए बताया कि उन्हें शाहरुख खान और जूही चावला की फिल्म 'यस बॉस' में एक रोल मिला था, जिसमें उन्होंने आदित्य पंचोली के ऑपोजिट एक ग्लैमरस और अमीर महिला का किरदार निभाया था। हालांकि, ऑफ-स्क्रीन उनकी असलियत बिल्कुल अलग थी। उन्होंने कहा, 'मुझे फिल्म में एक अमीर महिला का किरदार निभाना था, लेकिन उस समय मेरे पास अपनी कार भी नहीं थी... न ही मेरे कोई अमीर दोस्त थे, लेकिन मैं वह रोल करना चाहती थी।'

कश्मीरा शाह शर्मिंदगी से बचने के लिए क्या करती थीं?

कश्मीरा ने बताया कि वह सेट पर ऑटो-रिक्शा से जाती थीं, लेकिन इस बात का खास ध्यान रखती थीं कि कोई उन्हें इस तरह आते हुए न देख ले। उन्होंने कहा, 'मैं सुबह 9 बजे के कॉल टाइम के बजाय सुबह 7 बजे ही सेट पर पहुंच जाती थी, क्योंकि मैं नहीं चाहती थी कि कोई मुझे ऑटो में आते हुए देखे और मैं शर्मिंदा हो जाओ।' उन्होंने आगे बताया कि उनके ज्यादातर को-स्टार्स लग्जरी कारों में आते थे। 'शाहरुख खान, जूही चावला और आदित्य पंचोली सभी अपनी-अपनी बड़ी कारों में आते थे।'

मां को बिना बताया शाहरुख खान की फिल्म में किया काम

उस समय अपनी आर्थिक स्थिति के बारे में बात करते हुए कश्मीरा ने कहा कि उन्होंने अपनी मां को भी 'यस बॉस' में काम करने के बारे में नहीं बताया था। उन्होंने कहा, 'मैंने अपनी मां को नहीं बताया था कि मैं यस बॉस कर रही हूं। मैं उन्हें फिल्म दिखाने ले गई थी। बिना मेकअप के मुझे कोई पहचान नहीं पाता था और उस समय मेरे पास पैसे भी नहीं थे।' उन्होंने फिल्म की फीस के बारे में भी खुलासा किया और कहा, 'मुझे इसके लिए 30,000 रुपये मिले थे। उस समय मेरे पास कोई कार नहीं थी, क्योंकि मैं अभी भी संघर्ष कर रही थी। इस रोल के लिए पहले निक्की अनेजा को कास्ट किया गया था, लेकिन वह उपलब्ध नहीं थीं इसलिए उन्होंने फिल्म छोड़ दी। वह फिल्में नहीं करना चाहती थीं... मुझे लगता है कि वह शादी करने वाली थीं।'

कश्मीरा शाह इन फिल्मों में भी आ चुकी नजर

इसके बाद उन्होंने 'प्यार तो होना ही था', 'हेरा फेरी' और 'जंगल' जैसी फिल्मों के साथ-साथ कई मशहूर डांस नंबर्स में भी काम किया। बाद में वह रियलिटी टेलीविजन पर भी एक जाना-पहचाना चेहरा बन गईं। उन्होंने 'नच बलिये 3', 'बिग बॉस 1' और 'फियर फैक्टर: खतरों के खिलाड़ी 4' जैसे शो में हिस्सा लिया। इन दिनों वह 'लाफ्टर शेफ्स - अनलिमिटेड एंटरटेनमेंट' में नजर आ रही हैं।

ये भी पढे़ं-

'सांवली-मोटी कहकर मजाक उड़ाया जाता था', बचपन के दिनों को याद कर छलका दर्द, एक्ट्रेस ने शेयर किया पुराना किस्सा

अमिताभ बच्चन 83 साल की उम्र में भी हर दिन करना चाहते हैं काम, घर पर बैठे रहना नहीं पसंद, बोले- 'अजीब लगता है'

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन