आखिरकार वो पल आ ही गया, जिसका रजनीकांत और कमल हासन के फैंस को लंबे समय से इंतजार था। दक्षिण के दो सुपरस्टार 47 साल के बाद एक बार फिर बड़े पर्दे पर नजर आने वाले हैं। रजनीकांत और कमल हासन नेल्सन की फिल्म 'केएच x आरके' में बड़े पर्दे पर एक साथ नजर आने वाले हैं। फिल्म के निर्माताओं ने 21 फरवरी, 2026 को फिल्म का आधिकारिक प्रोमो जारी किया है, जिससे फैंस के बीच खुशी की लहर है। सोशल मीडिया पर यूजर्स ने कमल हासन और रजनीकांत स्टारर केएच x आरके को लेकर अपनी खुशी जाहिर करना शुरू कर दिया है।
कमल हासन और रजनीकांत आखिरी बार 1979 में रिलीज हुई फिल्म 'अल्लाउद्दीनम अलभूथा विलाक्कुम' में एक साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आए थे, जिसे दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। फैंस को उम्मीद थी कि इस फिल्म के बाद जल्दी ही ये सुपरस्टार जोड़ी साथ नजर आएगी, लेकिन ऐसा होने में 47 साल लग गए। ऐसे में उनके फैंस के लिए उनका यह पुनर्मिलन विशेष महत्व रखता है।
तीन मिनट 46 सेकंड के टीजर में कमल हासन और रजनीकांत अपने कपड़ों और एक्सेसरीज को लेकर सोच-विचार करते हैं और फिर रेट्रो लुक में नजर आ रहे हैं। दोनों होटल में अलग-अलग रूम से निकलते हैं, फिर दोनों के बीच हल्की-फुल्की नोकझोंक भी देखने को मिलती है। प्रोमो में 'आजा राजा' गाना है, जिसके बोल बबलू ने लिखे हैं, गायन चिंटू ने किया है और संगीत अनिरुद्ध ने दिया है।
इस हफ्ते की शुरुआत में, फिल्म के मेकर्स ने फिल्म का पहला पोस्टर जारी किया था, जिससे कमल हासन और रजनीकांत के फैंस एक्साइटेड हो गए। इसी के साथ केएच x आरके के टीजर रिलीज होने का समय भी बताया। पोस्टर में कमल हासन और रजनीकांत के हाथ दिखाए गए हैं, जो रेट्रो लुक देते हैं, साथ ही एक संदेश भी है, "कुछ मर्द नियम बनाते हैं, कुछ मर्द राज करते हैं।" उन्होंने पोस्ट को कैप्शन दिया, "जादू शुरू होने वाला है, दुनिया कल से #KHxRK प्रोमो वीडियो देखेगी। दोपहर 12:07 बजे।
कमल हासन और रजनीकांत को साथ देखकर इनके फैंस बेहद खुश हैं। कई ने टीजर पर प्रतिक्रिया देते हुए अपनी खुशी जाहिर की। एक ने कमेंट में लिखा- 'दो दिग्गज और वो भी एक ही फ्रेम में, कुछ तो बहुत ही बड़ा होने वाला है।' वहीं एक ने लिखा- 'सिनेमाघरों में बड़ा ब्लास्ट होने वाला है। रजनी सर और कमल हासन, क्या गजब की जोड़ी है।' ऐसे ही कमेंट्स के जरिए कमल हासन और रजनीकांत के फैंस ने अपनी खुशी जाहिर की है।
ये भी पढ़ेंः फूल के बगीचे में दफ्न लाशें और सीन दर सीन गहराता सस्पेंस, दहशत का दूसरा नाम बनी 6 एपिसोड वाली ये क्राइम थ्रिलर
कहां गुम हो गए 'रामायण' के अंगद? खोई शोहरत, लाइमलाइट से हुए दूर, अब गुमनामी में गुजार रहे जिंदगी
संपादक की पसंद