1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. सैयारा के बीच नई फिल्म की दहाड़, रिलीज होते ही दिखाया कमाल, IMDb पर मिली 9.9 रेटिंग

सैयारा के बीच नई फिल्म की दहाड़, रिलीज होते ही दिखाया कमाल, IMDb पर मिली 9.9 रेटिंग

 Written By: Priya Shukla
 Published : Jul 26, 2025 07:26 pm IST,  Updated : Jul 26, 2025 07:26 pm IST

दर्शकों के सिर पर इन दिनों 'सैयारा' का खुमार छाया हुआ है, लेकिन इस बीच रिलीज हुई एक फिल्म अब सैयारा को टक्कर देती नजर आ रही है। भारत की पौराणिक कथाओं पर आधारित ये फिल्म 'महावतार नरसिम्हा' है, जिसने आईएमडीबी पर रेटिंग के मामले में भी धूम मचा दी है।

Mahavatar Narsimha Box Office- India TV Hindi
महावतार नरसिम्हा। Image Source : INSTAGRAM/@HOMBALEFILMS

18 जुलाई, 2025 को सिल्वर स्क्रीन पर रिलीज होने के बाद से ही रोहित सूरी निर्देशित 'सैयारा' को दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। अहान पांडे और अनीत पड्डा स्टारर इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर लगातार 8 दिनों से धाक जमा रखी है। लेकिन, अब हाल ही में रिलीज हुई एक फिल्म अहान पांडे और अनीत पड्डा की 'सैयारा' को टक्कर देती नजर आ रही है। हम बात कर रहे हैं 25 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई 'महावतार नरसिम्हा' की, जो एक एनिमेटेड फिल्म है और इसे दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है और अब ये सिनेमाघरों में सैयारा को भी टक्कर देती नजर आ रही है। यही नहीं, आईएमडीबी रेटिंग के मामले में भी इस फिल्म ने इतिहास रच दिया है।

महावतार नरसिम्हा का दर्शकों पर चला जादू

फिल्म की कहानी में राक्षस हिरण्यकश्यप और भगवान विष्णु के सबसे बड़े भक्त प्रह्लाद के बीच के टकराव को दिखाया गया है। साथ ही इस फिल्म के जरिए बुराई पर अच्छाई की जीत को भी प्रदर्शित किया गया है। वैसे तो ऐसी और भी फिल्में भारतीय सिनेमा में बन चुकी हैं, जिसमें पौराणिक कथाओं को दिखाया गया है, लेकिन होम्बले फिल्म्स और क्लीम प्रोडक्शन्स की इस फिल्म ने दर्शकों पर अलग ही जादू चलाया है। इसी का असर है कि जबरदस्त तारीफों के बीच इसकी आईएमडीबी रेटिंग भी रिकॉर्ड तोड़ रही है।

महावतार नरसिम्हा की आईएमडीबी रेटिंग

इस फिल्म को बुक माई शो पर 9.8/10, गूगल पर 5/5 और आईएमडीबी पर 9.9/10 रेटिंग मिली है, जो किसी भी भारतीय फिल्म को मिली अब तक की सबसे ऊंची रेटिंग मानी जा रही है। इस फिल्म को 25 जुलाई को सिनेमाघरों में 3D और 2D फॉर्मेट में हिंदी, तमिल तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज किया गया। इन भाषाओं के अलावा महावतार नरसिम्हा अंग्रेजी, जापानी, कोरियन, स्पैनिश और रूसी भाषा में भी रिलीज की गई है, ताकि ये विदेशी दर्शकों तक भी पहुंच सके। फिल्म ने पहले दिन भारत में 2.29 करोड़ का कलेक्शन किया, वहीं वीकेंड पर फिल्म की कमाई में बढ़ोत्तरी की उम्मीद है।

भगवान विष्णु के दस अवतारों की गाथा बताएगा होम्बले फिल्म्स

होम्बले फिल्म्स और क्लीम प्रोडक्शन्स ने पहले ही इस ग्रैंड एनिमेटेड फ्रैंचाइजी की आधिकारिक लाइनअप जारी कर दी थी, जिसेक साथ बताया गया कि अगले एक दशक तक भगवान विष्णु के दस दिव्य अवतारों की गाथा दर्शकों को दिखाई और बताई जाएगी। इस यूनिवर्स की शुरुआत 'महावतार नरसिम्हा' (2025) से हो रही है, जो 25 जुलाई को रिलीज होगी।

महावतार नरसिम्हा के बाद दस्तक देंगी ये फिल्में

महावतार नरसिम्हा के बाद इसके बाद 'महावतार परशुराम' (2027), 'महावतार रघुनंदन' (2029), 'महावतार द्वारकाधीश' (2031), 'महावतार गोकुलानंद' (2033), 'महावतार कल्कि पार्ट 1' (2035) और 'महावतार कल्कि पार्ट 2' (2037) रिलीज होंगी। ये यूनिवर्स भारतीय माइथोलॉजी को नई तकनीक और भव्यता के साथ दर्शकों के सामने पेश करेगा। महावतार नरसिम्हा का डायरेक्शन अश्विन कुमार ने किया है, और इसे शिल्पा धवन, कुशल देसाई, और चैतन्य देसाई ने कलीम प्रोडक्शंस के तहत प्रोड्यूस किया है।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन