1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'लोहे की रॉड से पीटा, बोरी में बंद कर फेंका', मंजरी फडनिस का रो-रोकर बुरा हाल, सोसाइटी के डॉग से बेरहमी पर बिलख पड़ीं एक्ट्रेस

'लोहे की रॉड से पीटा, बोरी में बंद कर फेंका', मंजरी फडनिस का रो-रोकर बुरा हाल, सोसाइटी के डॉग से बेरहमी पर बिलख पड़ीं एक्ट्रेस

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Jun 09, 2026 01:55 pm IST,  Updated : Jun 09, 2026 05:55 pm IST

एक्ट्रेस मंजरी ने रोते-बिलखते हुए एक वीडियो साझा किया है, जिसमें उन्होंने अपने सोसाइटी डॉग के साथ हुई बर्बरता को उजागर किया है। उन्होंने बताया कि किस तरह एक बेजुबान को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया गया।

manjari fadnnis Instagram- India TV Hindi
मंजरी फडनिस। Image Source : MANJARI FADNNIS INSTAGRAM

'जाने तू या जाने ना' फेम एक्ट्रेस मंजरी फडनिस सालों से लाइमलाइट से दूर हैं, वो सोशल मीडिया और फिल्मी दुनिया में एक्टिव हैं, लेकिन पैप कल्चर काफी दूर रहती हैं। हाल ही में एक्ट्रेस सुर्खियों में आ गई हैं, दरअसल उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सामने आए वीडियो में एक्ट्रेस फफक-फफक कर रोती नजर आ रही हैं। इस वीडियो में उन्होंने अपने गम की वजह भी जाहिर की और बताया कि आखिर मामला क्या है। एक्ट्रेस के इस वीडियो को देखने के बाद बॉलीवुड के सितारे भी उनके सपोर्ट में आगे आए हैं। मामला उनकी सोसाइटी में रहने वाले एक कम्यूनिटी डॉग माइकी से जुड़ा है, जिसकी कुछ लोगों ने बेरहमी से हत्या कर दी है।

पहले गायब हुआ कुत्ता 

सामने आए वीडियो में आप मंजरी को फूट-फूट कर रोते-बिलखते देख सकते हैं। उन्होंने वीडियो में बताया कि मिकी एक पालतू कुत्ता था, जिसे परिवार ने छोड़ दिया और उसके बाद से ही वो उनकी सोसाइटी में साल 2019 या 2020 में आ गया था। तब से वो सोसाइटी में ही रहता था और लोग उसका ख्याल रखते थे। मंजरी ने आग बताया कि मिकी गायब हो गया था और सोसाइटी के लोग उसे खोज रहे थे। लोगों ने पोस्ट बनाए और आस-पास के इलाकों में लगा दिया और सुरक्षाकर्मियों से भी बात की ताकि वो उसे खोज सकें।

मार-मार कर कुत्ते का किया बुरा हाल

वीडियो में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा, 'काश मुझे यह वीडियो कभी न बनाना पड़ता, लेकिन मुझे लगता है कि यह बहुत जरूरी है।' उन्होंने माइकी को बहुत प्यारा कुत्ता बताया और कहा कि इलाके के लोग लगातार उसे ढूंढ रहे थे। इसके बाद फडनीस ने बताया कि सोसाइटी के ही किसी व्यक्ति को माइकी बेसमेंट के पास मिला और उसे लगा कि वो शांति से सो रहा था, तभी उसके सिर पर डंडे या लोहे की रॉड से वार किया गया। वो आगे कहती हैं, 'वह बुरी तरह घबरा गया था। वे उसे घसीटकर B1 और लॉबी के बीच सीढ़ियों वाली जगह पर ले गए और उसे इतना मारा कि उसके मुंह से खून निकलने लगा। डर के मारे उसका मल-मूत्र निकल गया। वह मरने जैसी हालत में था, उन्होंने उसे एक बोरी में डाला और पीछे की एक खाली जगह पर फेंक दिया।'

मंजरी ने जाहिर की चिंता

मंजरी ने बताया कि उन्हें नहीं पता कि माइकी बचा या नहीं, सोसाइटी के लोग उसे खोजने में लगे रहे। एक्ट्रेस ने चिंता जाहिर करते हुए कहा कि इस तरह के क्रिमिनल माइंड लोग कैसे हो सकते हैं, जिन्होंने किसी को कुछ न कहने वाले एक कुत्ते का इतना बुरा हाल किया। उन्होंने ये भी बताया कि निकी लंबे बालों वाला कुत्ता था, जिसे वो कभी-कभी घर ले जाकर नहलाया करती थीं। वीडियो के आखिर में एक्ट्रेस ने कहा, 'वो अब चला गया।'

एक्ट्रेस को मिला साथ

इस वीडियो के साथ एक्ट्रेस ने कैप्शन में लिखा, 'हमारे माइकी की बेरहमी से हत्या कर दी गई और हम उसके लिए लड़ेंगे। ऐसा किसी भी समाज में किसी भी कुत्ते के साथ दोबारा कभी नहीं होना चाहिए! लोगों को किसी जानवर को नुकसान पहुंचाने से डरना चाहिए! हमें जानवरों के साथ क्रूरता के खिलाफ सख्त कानूनों की जरूरत है।' इस पोस्ट पर कई सितारे जैसे भूमि पेडनेकर, वेदिका, डिंपल हयाती, मधुरिया तुली, रिद्धिमा पंडित अदिति गौतम, रोहित वर्मा जैसे सितारों ने चिंता जाहिर की है।

ये भी पढ़ें: नन्हे मुन्ने के आने से पहले नया घर देखने पहुंचीं दीपिका पादुकोण, रणवीर भी दिखे साथ, बेबी बंप पर टिकी निगाहें

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन