1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 90s में टॉप हीरोइन नगमा का था जलवा, सलमान-शाहरुख संग दीं हिट पर हिट, अब सालों बाद आईं नजर, पहचानना हुआ मुश्किल

90s में टॉप हीरोइन नगमा का था जलवा, सलमान-शाहरुख संग दीं हिट पर हिट, अब सालों बाद आईं नजर, पहचानना हुआ मुश्किल

 Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Sep 10, 2026 01:11 pm IST,  Updated : Sep 10, 2026 01:11 pm IST

90 के दशक की मशहूर अभिनेत्री नगमा लंबे समय बाद CINTAA की प्रेस कॉन्फ्रेंस में नजर आईं। बदले लुक पर सोशल मीडिया में चर्चा हुई, वहीं फैंस ने बॉडी-शेमिंग के बजाय उनका समर्थन किया और फिल्मी वापसी की उम्मीद जताई।

nagma- India TV Hindi
नगमा। Image Source : MANORANJANKATTA/INSTAGRAM, IMDB

बॉलीवुड में 90 के दशक में बड़े पर्दे पर अपनी खूबसूरती और अदाकारी से खास पहचान बनाने वाली अभिनेत्री नगमा लंबे वक्त से लाइमलाइट से दूर हैं। ऐसे में जब वह बुधवार को CINTAA की एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में नजर आईं तो उनकी मौजूदगी ने अचानक सोशल मीडिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। कार्यक्रम से सामने आए वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गए और पुराने दौर के फैंस के बीच अभिनेत्री को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं। नगमा को 90 के दशक की चर्चित और ग्लैमरस अभिनेत्रियों में गिना जाता था। हालांकि, इस बार जब लोगों ने उन्हें लंबे समय बाद देखा तो उनके बदले हुए लुक को लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कुछ यूजर्स अभिनेत्री को पहचान तक नहीं पाए। वहीं, कई ऐसे लोग भी थे जिन्होंने नगमा के बदले हुए रूप पर टिप्पणी करने के बजाय उनका समर्थन किया और कहा कि उम्र के साथ शरीर में बदलाव होना बिल्कुल स्वाभाविक है।

सोशल मीडिया पर आईं मिली-जुली प्रतिक्रियाएं

नगमा के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद कमेंट सेक्शन में लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ यूजर्स ने उनके बढ़े हुए वजन पर हैरानी जताई और पुराने दिनों को याद किया। एक यूजर ने लिखा कि नगमा ने काफी वजन बढ़ा लिया है, लेकिन वह अब भी खूबसूरत हैं और उन्हें उनकी पुरानी फिल्में देखना पसंद था। वहीं एक अन्य यूजर ने हैरानी जताते हुए पूछा कि क्या वीडियो में नजर आ रही महिला नगमा ही हैं। हालांकि सोशल मीडिया पर हर प्रतिक्रिया निगेटिव नहीं थी। कई लोगों ने अभिनेत्री को बॉडी-शेम करने की सोच पर सवाल उठाया। एक यूजर ने लिखा कि आखिर लोग हर किसी की तुलना पुराने रूप से क्यों करते हैं। उम्र बढ़ने के साथ इंसान के शरीर और चेहरे में बदलाव आना जिंदगी का सामान्य हिस्सा है। इस तरह की प्रतिक्रियाओं ने नगमा के प्रति फैंस के एक अलग और सकारात्मक पक्ष को भी सामने रखा।

यहां देखें वीडियो

90 के दशक में था नगमा का जलवा

आज की युवा पीढ़ी का एक हिस्सा शायद नगमा को उनके नाम से तुरंत न पहचान पाए, लेकिन 90 के दशक में वह हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की जानी-पहचानी अभिनेत्रियों में शामिल थीं। उन्होंने सलमान खान के साथ फिल्म ‘बागी’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने कई बड़े कलाकारों के साथ काम किया और अपनी पहचान बनाई। शाहरुख खान के साथ ‘किंग अंकल’ और अक्षय कुमार के साथ ‘सुहाग’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुकीं नगमा ने अलग-अलग तरह के किरदार निभाए। उनकी स्क्रीन प्रेजेंस और ग्लैमरस अंदाज ने उस दौर में उन्हें दर्शकों के बीच लोकप्रिय बनाया था।

हिंदी ही नहीं, साउथ और भोजपुरी सिनेमा में भी किया काम

नगमा का फिल्मी करियर सिर्फ हिंदी फिल्मों तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम और भोजपुरी फिल्मों में भी अभिनय किया। अलग-अलग भाषाओं की इंडस्ट्री में काम करके उन्होंने अपनी पहचान को और बड़ा किया। भोजपुरी सिनेमा में उनका गाना ‘लहंगा उठा देम रिमोट से’, जिसमें वह रवि किशन के साथ नजर आई थीं, काफी लोकप्रिय हुआ था। फिल्मों से उनका जुड़ाव लंबे समय तक रहा और उनकी आखिरी फिल्म भोजपुरी ‘ठेला नंबर 501’ बताई जाती है, जो 2008 में रिलीज हुई थी।

क्या फिल्मों में वापसी करेंगी नगमा?

लंबे समय बाद सार्वजनिक कार्यक्रम में नगमा की मौजूदगी ने एक सवाल जरूर खड़ा कर दिया है, क्या अभिनेत्री दोबारा फिल्मों में नजर आ सकती हैं? फिलहाल उनकी वापसी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। हालांकि, सोशल मीडिया पर उनके वीडियो वायरल होने के बाद पुराने फैंस के बीच उनकी फिल्मों और उनके करियर को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है।

ये भी पढ़ें: खड़े-खड़े हुई शरत सक्सेना की MRI, लम्बर स्पाइन की गंभीर सर्जरी से पहले एक्टर ने दिखाई 4 दर्दनाक तस्वीरें

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन