मशहूर प्लेबैक सिंगर नीति मोहन और कोरियोग्राफर शक्ति मोहन, मुक्ति मोहन के पिता बृज मोहन शर्मा इस दुनिया में नहीं रहे। 15 अक्टूबर को उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। इसकी जानकारी नीति मोहन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए दी है। नीति मोहन ने इंस्टाग्राम पर अपने दिवंगत पिता की तस्वीर शेयर करते हुए बताया कि 15 अक्टूबर को उन्होंने 74 वर्ष की आयु में इस दुनिया को अलविदा कह दिया। इसी के साथ उन्होंने अपना गहरा दुख भी जाहिर किया है। जैसे ही नीति मोहन ने अपने पिता के निधन की जानकारी साझा की, फैंस और सेलेब्स हैरान रह गए और सिंगर को सांत्वना दी। श्रेया घोषाल, ताहिरा कश्यप और नेहा धूपिया सहित कई सेलेब्स ने सिंगर के पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए शोक व्यक्त किया है।
नीति मोहन ने दी पिता बृज मोहन शर्मा के निधन की जानकारी
नीति मोहन ने अपने पिता की तस्वीर शेयर करते हुए उनके निधन की जानकारी साझा की। इस पोस्ट में उन्होंने लिखा - 'बहुत गहरे दुख और भारी मन के साथ, हमें आपको यह दुखद सूचना देनी पड़ रही है कि हमारे प्यारे पिता बृज मोहन शर्मा अब इस दुनिया में नहीं रहे। 15 अक्टूबर को इस दुनिया से विदा लेकर प्रभु के चरणों में जा विराजे हैं। वे एक प्यार करने वाले पति और पिता थे। वह हमारा मार्गदर्शन करने वाले और हमारे परिवार की मजबूत नींव थे। उनकी समझदारी, दयालुता, संस्कार और निस्वार्थ प्रेम हमेशा हमारे दिलों में बसे रहेंगे। भले ही वे अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनका आशीर्वाद, उनकी सीख और उनकी खूबसूरत यादें जीवन भर हमारा मार्गदर्शन करती रहेंगी। उनके जाने से एक ऐसा खालीपन आ गया है जिसे कभी भरा नहीं जा सकता, लेकिन उनका प्यार हमेशा हमारे दिलों में जीवित रहेगा। ईश्वर उनकी पवित्र आत्मा को सदैव शांति प्रदान करें। पापा, हम आपको बहुत याद करेंगे।'
नीति मोहन के पिता को सेलेब्स ने दी श्रद्धांजलि
जैसे ही नीति मोहन ने ये पोस्ट साझा किया, मनोरंजन जगत के सितारों ने शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। श्रेया घोषाल ने एक बृज मोहन शर्मा को एक अच्छे इंसान और प्यार करने वाले पिता के रूप में याद करते हुए परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। श्रेया घोषाल ने लिखा - 'परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। वे एक बहुत ही अच्छे इंसान और प्यार करने वाले पिता थे। एक सरल और नेक इंसान। माता-पिता को खोने से जिंदगी में जो खालीपन आता है, वो शब्दों से नहीं भरा जा सकता। ईश्वर आपको और आपके परिवार को इस गहरे दुख को सहने की शक्ति दे। ओम शांति।'
नेहा धूपिता-ताहिरा कश्यप ने भी दी श्रद्धांजलि
नेहा धूपिया ने भी नीति मोहन के पोस्ट पर प्रतिक्रिया दी और लिखा, 'नीति, तुम्हें और पूरे परिवार को मेरा प्यार और हिम्मत।' ताहिरा कश्यप ने फोल्डेड हैंड इमोजी के जरिए श्रद्धांजलि दी और एक्टर और होस्ट मनीष पल ने 'ओम शांति' लिखते हुए नीति मोहन के पिता को श्रद्धांजलि दी। प्रज्ञा जायसवाल, अनन्या बिरला, ऋत्विक धनजानी, हिमेश रेशमिया, शंकर महादेवन, वरुण धवन और मंजरी फडनीस ने भी नीति मोहन के पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए उनके पिता के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
2019 में भी बिगड़ी थी तबीयत
बृज मोहन शर्मा ने अपनी चार बेटियों - नीति, शक्ति, मुक्ति और कृति मोहन की जिंदगी और करियर में अहम भूमिका निभाई। वह हमेशा अपनी बेटियों के समर्थन के लिए खड़े रहे और मनोरंजन जगत में अपनी पहचान बनाने में उनकी मदद की। 2019 में भी कथित तौर पर बृज मोहन शर्मा की तबीयत खराब हुई थी, जिसके बाद नीति की शादी के में उनकी मां ने कन्यादान की रस्म निभाई थीं।
ये भी पढ़ेंः 'चोर बाजार से आईना खरीदा', शक्ति मोहन ने कराया अपने बांद्रा वाले घर का टूर, इंटीरियर ने खींचा ध्यान