बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव के फरवरी 2026 काफी खास रहा है। उन्होंने इस महीने के करीब 12 दिन तिहाड़ जेल में बिताए हैं। 5 फरवरी को एक चेक बाउंस मामले में जेल पहुंचे राजपाल यादव को 12 दिन बाद 17 फरवरी को जमानत मिल गई थी। जेल से छूटने के बाद राजपाल सीधे अपने गांव कुंद्रा पहुंचे जो उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में पड़ता है। यहां उन्होंने अपनी भतीजी की शादी में हिस्सा लिया और खूब नाच गाना दिखाया। इसके बाद फिर से अपनी कर्मभूमि मुंबई लौट आए हैं। आज शनिवार 28 फरवरी को राजपाल ने मुंबई में एक प्रेस मीट रखी थी। जिसमें उन्होंने बताया कि कैसे उनके पास अगले 7 साल तक काम की भरमार है। इतना ही नहीं उन्होंने बताया कि करीब 1200 करोड़ रुपयों से ज्यादा की कीमत के विज्ञापनों का कॉन्ट्रेक्ट उन्हें मिला हुआ है। साथ ही 10 से ज्यादा फिल्में भी उनके किरदारों के साथ रिलीज की तैयारी कर रही हैं जिनका बजट 2000 करोड़ रुपयों से भी ज्यादा है।
शनिवार को प्रेस मीट में राजपाल यादव ने बताया कि, 'अगले 7 सालों में मेरे पास 1200 करोड़ रुपये की ब्रांडिंग परियोजनाएं हैं। मैंने 4 समझौते किए हैं, जिनमें फिल्में शामिल नहीं हैं। इनमें से कुछ परियोजनाएं 200 करोड़ रुपये की हैं, जबकि अन्य 2000 करोड़ रुपये तक की हैं। आय में फीस और परियोजनाओं में हिस्सेदारी दोनों शामिल हैं। इसके अलावा, मेरे पास 10 फिल्में भी पाइपलाइन में हैं।' राजपाल ने जेल में बिताए समय के दौरान मिले समर्थन के बारे में भी बात की। अभिनेता ने कहा कि प्रशंसकों और शुभचिंतकों सहित समाज के हर वर्ग के लोग उनकी मदद के लिए आगे आए। मिले समर्थन और सहानुभूति के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, 'पिछले 20 दिनों में मुझे बच्चों के गुल्लक से लेकर सोशल मीडिया के माध्यम से 1 करोड़ रुपये तक और भी बहुत कुछ मिला है। मैं एक बयान जारी कर उनका धन्यवाद करूंगा, और मैं विशेष रूप से 4-5 लोगों का नाम लेना चाहता हूं। मैं उन लोगों के प्रति भी आभार व्यक्त करना चाहता हूं जो गुमनाम रहना चाहते हैं।'
उन्होंने आगे कहा, 'मैं उनकी सहानुभूति के लिए उन्हें धन्यवाद देना चाहता हूं, लेकिन मैं उनसे अपने बैंक विवरण भेजने का अनुरोध भी करता हूं। मुझे उनसे बस थोड़ा समय चाहिए, लेकिन मैं सम्मानपूर्वक उन सभी का एहसान चुकाऊंगा। हालांकि, मैं देश भर के उन अनगिनत बच्चों का कर्ज नहीं चुका सकता जो मेरे साथ खड़े रहे।' जिन लोगों को जानकारी नहीं है, उन्हें बता दें कि दिल्ली उच्च न्यायालय ने हाल ही में चेक बाउंस मामले में यादव की सजा को 18 मार्च तक अंतरिम रूप से निलंबित कर दिया है। न्यायमूर्ति स्वर्ण कांता शर्मा की पीठ ने अभिनेता को 1 लाख रुपये का निजी मुचलका और इतनी ही राशि की एक जमानत पेश करने का निर्देश दिया। अदालत ने राहत पर विचार करते हुए यह भी गौर किया कि प्रतिवादी के बैंक खाते में 1.5 करोड़ रुपये जमा हैं।
ये भी पढ़ें- प्रधानमंत्री मोदी का रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा को मिला आर्शीवाद, पत्र भेजकर दी शादी की शुभकामनाएं
संपादक की पसंद