नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण’ इस साल की सबसे चर्चित और बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक है। फिल्म का ट्रेलर रिलीज होने के बाद से दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है। हाल ही में मेकर्स ने फिल्म का इंग्लिश ट्रेलर भी रिलीज किया, जिसे देखकर दर्शक और भी इंप्रेस हो गए हैं। इस बीच फिल्म के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने फिल्म को लेकर एक नया खुलासा किया है, जिसके अनुसार रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश और सनी देओल स्टारर ये मेगा बजट फिल्म 2 तारीखों पर रिलीज होगी। पिछले कुछ दिनों से ये चर्चा जोरों पर थी कि फिल्म दो अलग-अलग डेट पर रिलीज होगी, इस चर्चा ने दर्शकों को कन्फ्यूज कर दिया था। अब प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने बताया कि विदेशों में जहां ये फिल्म 6 नवंबर को रिलीज होगी तो वहीं भारत में इसे दिवाली के दिन रिलीज किया जाएगा।
क्यों रखी गई 2 अलग रिलीज डेट?
नमित मल्होत्रा ने एनडीटीवी से बातचीत के दौरान 'रामायण' की दो रिलीज डेट पर खुलकर चर्चा की। उन्होंने बताया कि विदेशों में ये फिल्म 6 नवंबर और भारत में दिवाली के दिन रिलीज की जाएगी। उन्होंने इस फैसले की वजह के बारे में भी खुलकर चर्चा की। नमित मल्होत्रा से जब 'रामायण' की दो अलग-अलग रिलीज डेट्स की कन्फ्यूजन को लेकर पूछा गया तो उन्होंने बताया कि फिल्म ग्लोबल स्तर पर 6 नवंबर और भारत में दीपावली के दिन (8 नवंबर) को रिलीज होगी। उन्होंने कहा कि, क्योंकि विदेशों में फिल्म की रिलीज शुक्रवार के हिसाब से ही तय होती है, इसलिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसे 6 नवंबर को रिलीज किया जाएगा और भारत में इसे दिवाली (8 नवंबर को) रिलीज करने का लक्ष्य है।
'रामायण' के ट्रेलर की धूम
बता दें, मेकर्स ने 30 जुलाई, 2026 यानी 9 दिन पहले ही 'रामायण' का ट्रेलर जारी किया था और रिलीज के साथ ही इसने सोशल मीडिया पर धूम मचा दी। प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने ट्रेलर रिलीज के बाद एएनआई से बातचीत में बताया था कि ट्रेलर को महज पांच दिनों के अंदर ही 1 अरब यानी 100 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। ट्रेलर में रणबीर, साई और यश के साथ-साथ राजा दशरथ के किरदार में नजर आ रहे अरुण गोविल, शूर्पणखा के किरदार में रकुल प्रीत सिंह, कैकयी बनीं लारा दत्ता और लक्ष्मण का किरदार निभा रहे रवि दुबे भी अपनी छाप छोड़ने में सफल रहे। लेकिन, रामायण के ट्रेलर में हनुमान की झलक दिखाई नहीं दी, जिसने सनी देओल के फैंस को थोड़ा निराश कर दिया। सोशल मीडिया पर भी इसे जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है।
‘रामायण’ की फिल्म कास्ट
'रामायण' की कास्ट की बात की जाए तो इस मेगा बजट फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं और साई पल्लवी माता सीता के किरदार में दिखाई देंगी। वहीं यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे और ट्रेलर में ही उनकी दमदार अदाकारी की झलक देखने को मिलती है। रणबीर, साई और यश के अलावा 'रामायण' में सनी देओल हनुमान, रवि दुबे लक्ष्मण, लारा दत्ता कैकेयी, रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा और काजल अग्रवाल मंदोदरी के किरदार में दिखाई देंगे। फिल्म में अरुण गोविल, कुणाल कपूर, विवेक ओबेरॉय और कई अन्य कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
ये भी पढ़ेंः 'रामायण' के ट्रेलर में दिखी मिस्ट्री गर्ल का हुआ खुलासा, जानें कौन हैं मांडवी का रोल निभा रहीं रिया कपूर