संजय मिश्रा हिंदी सिनेमा के सबसे मंझे हुए कलाकारों में से एक हैं। अपनी अदाकारी के साथ-साथ संजय मिश्रा अपने सादगी भरे अंदाज के लिए भी खासे मशहूर हैं। पिछले दिनों संजय मिश्रा को 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में ‘भक्षक’ के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार दिया गया। खास बात तो ये है कि इस सम्मान को लेने की तैयारी में संजय मिश्रा ने किसी टीम को नहीं लगाया, बल्कि खुद ही अपने कपड़े प्रेस किए और सम्मान लेने पहुंचे। अब दिग्गज अभिनेता एक बार फिर अपनी सादगी के लिए सुर्खियों में हैं। हाल ही में संजय मिश्रा अपने पैतृक गांव पहुंचे, जहां एक बार फिर उनका साधारण अंदाज देखने को मिला। संजय मिश्रा बेहद साधारण सी लुंगी और टी-शर्ट पहनकर अपने पैतृक गांव पहुंचे और वो भी बिना किसी तामझाम के।
चर्चा में संजय मिश्रा का साधारण अंदाज
संजय मिश्रा बिहार के दरभंगा स्थित अपने पैतृक गांव नारायणपुर पहुंचे, जहां उन्हें देखते ही गांववाले इकट्ठा हो गए। गांव पहुंचने पर संजय मिश्रा ने अपने रिश्तेदारों और गांववालों से मुलाकात की और फिर उन्होंने कुलदेवी से आशीर्वाद भी लिया। सोशल मीडिया पर दिग्गज अभिनेता का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपने गांव पहुंचते दिखे। यहां पहुंचने पर उन्होंने लोगों से तस्वीरें भी क्लिक कराईं और अपनी कुलदेवी के मंदिर भी पहुंचे। फिर थोड़ी देर गांव क अन्य हिस्से में घूमते दिखे और एक घर के बरामदे में बैठे नजर आए।
संजय मिश्रा की सादगी पर फैंस का आया दिल
जैसे ही ये वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, फैंस संजय मिश्रा की सादगी की तारीफ किए बिना नहीं रह सके। हालांकि, ये पहली बार नहीं है जब संजय मिश्रा अपनी सादगी को लेकर चर्चा में हैं। इससे पहले भी कई मौकों पर वह अपने देसी अंदाज के लिए सुर्खियां बटोर चुके हैं। इससे पहले मई में भी उनका एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह पूरी लगन के साथ एक छोटे से मंदिर की रंगाई-पुताई करते दिखे थे। उनके जमीनी रूप को देखकर फैंस भी हैरान रह गए और इस निः स्वार्थ भाव के लिए उनकी जमकर तारीफ की। ये वीडियो खुद संजय मिश्रा ने शेयर किया था।
72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में किया गया सम्मानित
हाल ही में संजय मिश्रा 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड को लेकर भी चर्चा में रहे। इस पुरस्कार समारोह में उन्हें ‘भक्षक’ के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड के दौरान भी अपनी सादगी को लेकर काफी सुर्खियों में थे। पुरस्कार समारोह में जाने के लिए उन्होंने खुद ही अपने कपड़े प्रेस किए, जिसका वीडियो देखकर फैंस हैरान थे और दिग्गज अभिनेता की तारीफों के पुल बांध दिए। पुलकित के निर्देशन में बनी इस फिल्म में भूमि पेडनेकर लीड रोल में थीं।
ये भी पढ़ेंः कैसा लाइफ पार्टनर चाहती हैं साई पल्लवी? अमिताभ बच्चन ने किया सवाल, 'रामायण' की 'सीता' के जवाब पर बजने लगीं तालियां