प्रभास स्टारर 'स्पिरिट' लंबे समय से सुर्खियों में बनी हुई है। खासतौर पर दीपिका पादुकोण संग निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा के विवाद के बाद इस फिल्म की काफी चर्चा में है। पहले इस फिल्म में प्रभास के साथ दीपिका पादुकोण नजर आने वाली थीं, लेकिन कुछ विवादों के बाद अभिनेत्री इस प्रोजेक्ट से अलग हो गईं और फिल्म में उनकी जगह तृप्ति डिमरी ने ले ली। इस साल की शुरुआत में एक पोस्ट साझा करते हुए मेकर्स ने इस फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान किया था, जिसके अनुसार फिल्म 27 मार्च 2027 में रिलीज होने वाली थी, लेकिन कुछ वजहों से इसकी रिलीज पोस्टपोन कर दी गई और अब मेकर्स ने फिल्म की नई रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है, जिसके अनुसार फिल्म 2027 में रणबीर कपूर स्टारर 'रामायण पार्ट 2' से बॉक्स ऑफिस पर टक्कर लेगी।
संदीप रेड्डी वांगा ने अनाउंस की 'स्पिरिट' की नई रिलीज डेट
रविवार, 18 अक्टूबर को संदीप रेड्डी वांगा ने प्रभास स्टारर 'स्पिरिट' के लिए एक नई रिलीज डेट की घोषणा की और फिल्म का एक नया पोस्टर भी जारी किया। नए पोस्टर में सिर पर हैट पहने प्रभास नजर आ रहे हैं। मेकर्स ने 'स्पिरिट' की रिलीज डेट 29 अक्टूबर 2027 तय की है, यानी फिल्म दिवाली के मौके पर दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसी दौरान रणबीर कपूर स्टारर 'रामायण पार्ट 2' भी रिलीज होने वाली है। यानी बड़े पर्दे पर अब प्रभास Vs रणबीर कपूर देखने को मिल सकता है। इससे पहले यह फिल्म 5 मार्च 2027 को रिलीज होने वाली थी।
'स्पिरिट' का मुकाबला 'रामायण पार्ट 2' से होगा
'एनिमल' के डायरेक्टर ने रविवार को फैंस को एक हिंट दिया। उन्होंने बताया कि वे 'स्पिरिट' फिल्म से प्रभास का एक नया लुक और फिल्म की नई रिलीज डेट सामने लाने वाले हैं और उन्होंने ऐसा ही किया। उन्होंने X (पहले ट्विटर) पर लिखा, 'प्रिय प्रभास अन्ना के फैंस, मैं एक नया पोस्टर पेश करना चाहता हूं, जिसमें चश्मे के पीछे छिपे प्रभास नजर आ रहे हैं और साथ ही नई रिलीज़ डेट भी दी गई है। बस कुछ ही मिनट...' इसके साथ उन्होंने स्पिरिट, वनबैडहैबिट और इंडियाजबिगेस्टसुपरस्टार जैसे टैग्स इस्तेमाल किए।
दिवाली 2027 पर रिलीज होगी स्पिरिट
अब संदीप रेड्डी वांगा ने प्रभास वाला नया पोस्टर जारी किया और फिल्म की रिलीज डेट की पुष्टि की। पोस्टर शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, 'अगले साल, दिवाली एक बुरी आदत के साथ आ रही है। अक्टूबर, दिवाली 2027।' दिलचस्प बात यह है कि बॉक्स ऑफिस पर 'स्पिरिट' का मुकाबला रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण पार्ट 2' से होने वाला है। नमित मल्होत्रा द्वारा प्रोड्यूस की जा रही इस दो-भाग वाली पौराणिक महागाथा का पहला हिस्सा 5 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो रहा है। मेकर्स ने यह भी बताया है कि दूसरा हिस्सा दिवाली 2027 में आएगा, हालांकि इसकी सटीक रिलीज डेट जारी नहीं की गई है।
स्पिरिट: कास्ट और प्रोडक्शन डिटेल
स्पिरिट की कास्ट की बात करें तो प्रभास के अलावा, इस फिल्म में तृप्ति डिमरी, विवेक ओबेराय और अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म नौ भाषाओं में रिलीज होगी, जिनमें अंग्रेजी, तेलुगु, हिंदी, तमिल, कन्नड़, मलयालम, मंदारिन, जापानी और कोरियाई भाषाएं शामिल हैं। इसे भूषण कुमार, प्रणय रेड्डी वांगा, कृष्ण कुमार और प्रभाकर रेड्डी वांगा ने टी-सीरीज फिल्म्स और भद्रकाली पिक्चर्स के बैनर तले प्रोड्यूस किया है।
ये भी पढ़ेंः 'जेलर 2' की कमाई में तीसरे दिन बंपर उछाल, रजनीकांत ने डंके की चोट पर लूटा बॉक्स ऑफिस, 3 बड़ी फिल्मों को छोड़ा पीछे