होली के मौके पर बॉलीवुड से एक दुखद खबर सामने आई है। भारतीय सिनेमा के दिग्गज कलाकार विजय कृष्णा अब इस दुनिया में नहीं रहे। फिल्मों के साथ-साथ विजय कृष्णा थिएटर का भी जाना-माना नाम थे, जिन्होंने 81 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया। फिलहाल उनके निधन की वजह सामने नहीं आई है, लेकिन इस खबर से पूरी इंडस्ट्री में मातम पसर गया है। विजय कृष्णा बड़े पर्दे पर शाहरुख खान से लेकर ऋतिक रोशन जैसे कलाकारों के साथ स्क्रीन शेयर कर चुके थे। उन्होंने 2002 में आई संजय लीला भंसाली की फिल्म 'देवदास' में शाहरुख खान के पिता की भूमिका निभाई थी। इसके अलावा 2010 में आई ऋतिक रोशन और ऐश्वर्या राय स्टारर फिल्म 'गुजारिश' में भी नजर आए थे।
विजय कृष्णा 'देवदास' से लेकर 'गांधी' और 'पीके' जैसी फिल्मों में अपने किरदार के लिए मशहूर थे। अपने फिल्मी करियर में वह कई बड़े सितारों के साथ नजर आए और थिएटर जगत में भी अपनी धाक जमाई। विजय कृष्णा के निधन पर फिल्मी दुनिया के कई सितारों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर से लेकर लिलेट दुबे तक, कई सितारों ने सोशल मीडिया के जरिए दिग्गज अभिनेता को श्रद्धांजलि दी है।
लिलेट दुबे ने विजय कृष्णा को श्रद्धांजलि देते हुए एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें लिखा- 'दिल टूट गया है... हमारे प्यारे विजय कृष्णा, जो 25 वर्षों से अधिक समय तक हमारे थिएटर परिवार और 'डांस लाइक अ मैन' का हिस्सा रहे अब हमारे बीच नहीं रहे। बहुमुखी प्रतिभा के धनी... एक प्रतिभाशाली अभिनेता, सुंदर, आकर्षक, अपनी खास व्यंग्यात्मक हास्य शैली के लिए मशहूर, वे हम सभी के प्रिय थे और हमें बहुत प्यार करते थे। अनगिनत यादें मेरे दिल और दिमाग में उमड़ रही हैं और मुझे भावुक कर रही हैं। RIP मेरे जयराज... आपको कभी भुलाया नहीं जाएगा। ईश्वर करे कि आप स्वर्ग में भी वैसे ही आनंदित हों जैसे आप हम सभी को यहां करते थे। उनकी प्यारी पत्नी स्मिता, बेटियों नायरिका और फ्रेयान और पूरे परिवार के लिए प्यार और प्रार्थनाएं।'
विजय कृष्णा एक अभिनेता होने के अलावा एक एनवायरमेंटलिस्ट और गोदरेज परिवार द्वारा संचालित व्यवसायों में पूर्व कार्यकारी निदेशक भी थे। वह इंडियन थिएटर का जाना-माना नाम थे और 25 सालों से ज्यादा समय तक अभिनय किया। उन्होंने 2004 में इंग्लिश फिल्म 'डांस लाइक ए मैन' के लिए भी खूब तारीफें हासिल कीं, जो महेश दत्तानी के एक प्ले पर आधारित थी। वहीं उनके बॉलीवुड करियर की बात करें तो उन्होंने 'देवदास' में शाहरुख खान के किरदार के पिता की भूमिका से खूब सुर्खियां बटोरीं। उनकी पत्नी स्मिता कृष्णा के जानी-मानी ट्रेडर हैं, जिनकी नेट वर्थ 2.5 बिलियन डॉलर से अधिक है। 2024 के अंत में, उनकी पत्नी और जमशेद गोदरेज को फोर्ब्स की भारत के सबसे धनी व्यक्तियों की लिस्ट में 22वें स्थान पर रखा गया था।
ये भी पढ़ेंः 'सेक्रेड गेम्स' फेम एक्ट्रेस को हुआ ब्रेस्ट कैंसर, अस्पताल से सामने आई फोटो, देखकर फैंस को सताई चिंता
अब गेम ऑफ थ्रोन्स यूनिवर्स के एक किरदार पर बनेगी फिल्म? जियो हॉटस्टार सीरीज के बाद बढ़ने लगा दबदबा
संपादक की पसंद