विक्रांत मैसी ने दिसंबर 2024 में एक पोस्ट शेयर किया था, जिसमें उन्होंने अचानक एक्टिंग से ब्रेक का ऐलान कर दिया। उनके इस पोस्ट से सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री में ही नहीं, उनके फैंस के बीच भी हलचल पैदा हो गई। 12th Fail की जबरदस्त सफलता के बाद विक्रांत मैसी की पॉपुलैरिटी तेजी से बढ़ी है। इस फिल्म की सफलता के बाद विक्रांत ने रिटायरमेंट वाले पोस्ट से सबको चौंका दिया। हालांकि, जैसे ही उनके संन्यास की चर्चा तेज हुई, एक्टर ने आगे आकर साफ किया कि वह रिटायरमेंट नहीं बल्कि सिर्फ काम से ब्रेक लेना चाहते हैं। अब एक्टर ने एक बार फिर इस मुद्दे पर बात की है।
मेरी बातों को गलत समझा गया- विक्रांत
विक्रांत मैसी ने 'टाइम्स नाउ' के साथ बातचीत में अपने फैसले के पीछे की वजह साफ की और बताया कि उनके इस फैसले के पीछे इमोशनल और पर्सनल रिग्रेट थे। विक्रांत मैसी ने इस बारे में बात करते हुए कहा- 'X पे आपको जितने भी लिमिटेड शब्द मिलते हैं, उसमें मैंने सारी इन्फोर्मेशन भरने की कोशिश की और अब हम जानते हैं कि सारी इन्फोर्मेंशन नहीं पहुंची। मेरी बातों को काफी हद तक गलत समझा गया। मैं बस थोड़ा आराम करना चाहता था। उस समय मैं गंभीर तनाव से जूझ रहा था।'
फिल्म के लिए करते हैं खूब मेहनत
विक्रांत मैसी ने अपनी फिल्मों के बारे में बात करते हुए कहा- 'हम फिल्मों में बहुत इमोशन्स डाल देते हैं। इसमें ये नहीं देखा जाता कि आप इसके लिए कितने घंटे दे रहे हैं 12, 14 या 16। बतौर एक्टर या आर्टिस्ट हम अपनी फिल्मों पर सब लगा देते हैं। 12वीं फेल के लिए मैं बेहद शुक्रगुजार हूं। 12वीं फेल के अलावा साबरमती एक्सप्रेस और सेक्टर 26, सभी के लिए। कुछ साल पहले जब रिटायरमेंट का टॉपिक आया तो समझ आया कि साथ में 4 फिल्में करने की जरूरत नहीं है। मैंने अपनी फिल्में देखीं और समझ आया कि मुझे अब खुद को एक लेवल आगे ले जाने की जरूरत है। क्योंकि, अपनी कुछ फिल्मों में मुझे अपनी परफॉर्मेंस में ज्यादा अंतर समझ नहीं आया। मुझे लगा कुछ होमवर्क करना जरूरी है।'
बेटे के साथ समय बिताना किया मिस
विक्रांत आगे बताते हैं कि उन्होंने अपने 7 महीने के ब्रेक के दौरान क्या-क्या किया? उन्होंने कहा- 'अगर आप उन पलों का आनंद नहीं ले सकते जिनके लिए आप मेहनत कर रहे हैं, तो सफलता का क्या फायदा? मैंने अपने बेटे के साथ समय बिताया। जब मेरे बेटे का जन्म हुआ मेरे पास उसकी यादों के तौर पर उसके सिर्फ 2 वीडियो थे, जो मेरी पत्नी ने मुझे भेजे थे। जब उसने मुझे पहली बार 'पापा' कहा, मैं ये सुनने के लिए वहां मौजूद नहीं था। ये मेरे लिए वेक अप कॉल था। मुझे लगा कि इतनी मेहनत, इतना अचीव करने का क्या फायदा, जब मेरा बेटा मुझे पापा बोले, लेकिन तब मैं ये सुनने के लिए वहां मौजूद नहीं था। जब उसने चलना शुरू किया तो मैंने सोचा कि काम तो चलता रहेगा, लेकिन ये चीजें ये मोमेंट वापस नहीं आएंगे।'
प्रोफेशनल लाइफ
विक्रांत मैसी की प्रोफेशनल लाइफ की बात करें तो अभिनेता अब विशाल भारद्वाज की 'ओ'रोमियो' में नजर आएंगे, जिसमें शाहिद कपूर, तृप्ति डिमरी लीड रोल में हैं। इनके अलावा दिशा पाटनी, अविनाश तिवारी, नाना पाटेकर, तमन्ना भाटिया, रणदीप हुड्डा और फरीदा जलाल जैसे कलाकार भी इस फिल्म का हिस्सा हैं। इसके अलावा 'मुसाफिर कैफे' में भी नजर आएंगे। इस फिल्म के साथ वह बतौर प्रोड्यूसर भी डेब्यू कर रहे हैं।