1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. ओटीटी
  4. 'पंचायत' के दामाद जी ने हॉस्पिटल से डिस्चार्ज होते ही लिया बड़ा फैसला, 21 दिन में छोड़ दी ये बुरी आदत, कहा- 'जिंदगी का सौदा'

'पंचायत' के दामाद जी ने हॉस्पिटल से डिस्चार्ज होते ही लिया बड़ा फैसला, 21 दिन में छोड़ दी ये बुरी आदत, कहा- 'जिंदगी का सौदा'

 Published : Aug 03, 2025 09:15 pm IST,  Updated : Aug 03, 2025 09:15 pm IST

'पंचायत' और 'मिर्जापुर' में अपनी भूमिकाओं के लिए मशहूर आसिफ खान को पिछले महीने अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अब उन्होंने फ्रेंडशिप डे के खास मौके पर अपने फैंस को एक खुशखबरी देते हुए एक सलाह भी दी है जो किसी की भी जिंदगी बदल सकता है।

aasif khan- India TV Hindi
आसिफ खान Image Source : INSTAGRAM/@AASIFKHAN_1

वेब सीरीज 'पाताल लोक' और 'पंचायत' के लिए मशहूर एक्टर आसिफ खान को पिछले महीने मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पहले खबर आई थी कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा है, लेकिन बाद में उन्होंने बताया कि उन्हें गैस्ट्रोइसोफेगल रिफ्लक्स हो गया था, जिसमें दिल के दौरे जैसे लक्षण दिखाई देते थे। अब लगभग तीन हफ्ते बाद आसिफ ने बताया कि उन्होंने धूम्रपान छोड़ दिया है और 21 दिनों से सिगरेट नहीं पी है। उन्होंने अस्पताल से कुछ तस्वीरें शेयर कीं, जिससे प्रशंसक यह सोचने पर मजबूर हो गए कि क्या वह अभी भी भर्ती हैं। हालांकि, उन्होंने खुलासा कर दिया है कि वह घर लौट आए हैं और अपनी हेल्थ अपडेट देते हुए कहा कि अब उनकी हालत में काफी सुधार है और वे पहले से ज्यादा अच्छा महसूस कर रहे हैं।

आसिफ खान ने स्मोकिंग से की तौबा

अगस्त के पहले रविवार यानी फ्रेंडशिप डे के खास मौके पर आसिफ खान ने अस्पताल से कई तस्वीरें शेयर कीं। उन्होंने लिखा, 'लोग कहते हैं 21 दिन में हर अच्छी बुरी आदत छूट जाती है, आज मुझे धूम्रपान छोड़े हुए 21 दिन हो गए हैं। आज फ्रेंडशिप डे है तो मुझे लगा... आज से अच्छा दिन क्या हो सकता है कि मैं अपने दोस्तों से कितना प्यार करता हूं ये बताने के लिए और साथ ही यह बताने के लिए कि जिंदगी में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं, लेकिन चढ़ाव में आपके साथ एक हुजुम चलता है... लोगों का सैलाब, लेकिन उतार में जो साथ रहे उन सबको हैप्पी फ्रेंडशिप डे।' उन्होंने इस पोस्ट में अपनी हालिया स्वास्थ्य समस्या पर भी बात की और लोगों से आग्रह किया कि अपनी गलातियों का एहसास करने या सच्चे दोस्तों को पहचानने के लिए अस्पताल में भर्ती होने का इंतजार न करें। उन्होंने लिखा, 'दोस्तों से रोज मिलो, जिंदगी के सौदे 20-30 रुपये की चीजों से मत करो!!! बस बाद में शायद कभी हसूंगा ये बातें पढ़ के।'

आसिफ खान का हेल्थ अपडेट

आखिर में 'पंचायत' के दामाद जी ने अपनी सेहत का अपडेट देते हुए लिखा, 'मैं घर पर हूं, बहुत बेहतर और बहुत स्ट्रांग हूं, ये तस्वीर पुरानी है!!' इससे पहले ईटाइम्स से बातचीत में, आसिफ ने बताया था कि डॉक्टरों ने उन्हें अपनी डाइट में बदलाव करने और कुछ खास तरह के खाने से परहेज करने की सलाह दी है। इसके अलावा, उन्हें ज्यादा व्यायाम करने की भी सलाह दी गई है। उन्होंने कहा, 'मुझे दाल-बाटी खाना बंद करने, नॉन-वेज कम खाने और ज्यादा व्यायाम करने के लिए कहा गया है। मुझे नहीं लगता कि इसका मेरे काम पर असर पड़ना चाहिए। हर किसी की जिंदगी में कुछ न कुछ होता रहता है। लोग आगे बढ़ जाते हैं।'

आसिफ खान कौन हैं?

आसिफ ने प्राइम वीडियो पर प्रसारित द वायरल फीवर के 'पंचायत' में गणेश का किरदार निभाया था। इसमें जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव और नीना गुप्ता जैसे दिग्गज थे। 'पाताल लोक सीजन 1' में आसिफ ने एक संदिग्ध कबीर एम का किरदार निभाया था। उन्होंने नेटफ्लिक्स की क्राइम ड्रामा सीरीज 'जामताड़ा - सबका नंबर आएगा' में अनस अहमद का किरदार भी निभाया था। उन्होंने 'रेडी' (2011) और 'अग्निपथ' (2012) जैसी फिल्मों में एक जूनियर आर्टिस्ट के रूप में अपने अभिनय करियर की शुरुआत की और बाद में 'टॉयलेट: एक प्रेम कथा' (2017), 'पगलैट' (2021) और 'ककुड़ा' (2024) जैसी बॉलीवुड फिल्मों में भी काम किया। उनकी हालिया रिलीज हॉरर-कॉमेडी 'द भूतनी' थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। OTT से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन