भारतीय सिनेमा में इन दिनों जहां एक ओर भारी-भरकम वीएफएक्स और करोड़ों के बजट वाली फिल्मों की धूम है, वहीं दूसरी ओर कुछ ऐसी छोटी फिल्में भी आ रही हैं जो अपनी मिट्टी से जुड़ी कहानियों और बेमिसाल अदाकारी के दम पर बड़े-बड़े धुरंधरों को पछाड़ रही हैं। ऐसी ही एक साउथ की फिल्म ने इस साल की शुरुआत में सिनेमाघरों में तहलका मचाया, जिसने साबित कर दिया कि असली कंटेंट ही बॉक्स ऑफिस का असली राजा होता है। यह कहानी एक ऐसी बुजुर्ग महिला की है, जिसका रसूख और खौफ पूरे गांव के सिर चढ़कर बोलता है।
क्या है फिल्म का प्लॉट?
निर्देशक और लेखक शिवकुमार मुरुगेसन के निर्देशन में बनी फिल्म 'थाई किझावी', जिसका शाब्दिक अर्थ गॉडमदर है, मदुरै के पास कडुपट्टी गांव की पृष्ठभूमि पर आधारित है। कहानी की धुरी है पावनुथाई (राधिका सरथकुमार), एक उम्रदराज लेकिन बेहद सख्त मिजाज की साहूकार। गांव का बच्चा-बच्चा उनसे थर्राता है। पावनुथाई अपनी बेटी सुरुली और पोते के साथ रहती हैं, जबकि उनके तीन बेटे शहर में अपनी अलग-अलग जिंदगियां जी रहे हैं। कहानी में मोड़ तब आता है जब अचानक पावनुथाई को लकवा मार जाता है। उनके बीमार होने और मौत के करीब पहुंचने की खबर मिलते ही उनके तीनों लालची बेटे उप्पिलियन, विजयन और सेल्वम फौरन गांव दौड़ पड़ते हैं। बेटों के इस 'मातृ प्रेम' के पीछे एक बड़ा राज छिपा है। एक स्थानीय जौहरी गोल्ड कुमार खुलासा करता है कि अम्मा के पास करीब 1.28 किलोग्राम सोने के जेवरात का खजाना है। अब शुरू होता है एक चूहे-बिल्ली का खेल, जहां बेटे अपनी मां की सेहत से ज्यादा उस तिजोरी की चाबी में दिलचस्पी रखते हैं, जिसका ठिकाना सिर्फ लकवे की शिकार पावनुथाई को पता है।
दमदार स्टारकास्ट और अभिनय
फिल्म की जान अनुभवी अभिनेत्री राधिका सरथकुमार हैं। उन्होंने एक ऐसी अम्मा का किरदार निभाया है जो बिस्तर पर होने के बावजूद अपनी आंखों और तेवरों से लालची बेटों को अपनी उंगलियों पर नचाती है। उनके साथ सिंगमपुली, अरुलडोस, मुनीशकांत और बाला सरवनन जैसे कलाकारों ने अपनी कॉमिक टाइमिंग से फिल्म में चार चांद लगा दिए हैं। यह एक ऐसी डार्क कॉमेडी-ड्रामा है, जहां लालच को बेहद मजाकिया ढंग से परोसा गया है।
बॉक्स ऑफिस और रेटिंग का धमाका
महज 10 करोड़ रुपये के मामूली बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर सुनामी ला दी। फिल्म ने भारत में ₹57.40 करोड़ का नेट कलेक्शन किया और दुनियाभर में ₹78 करोड़ की ग्रॉस कमाई कर अपना बजट 7-8 गुना वसूल लिया। इतना ही नहीं, फिल्म कितनी शानदार है इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि IMDb पर इसे 8.1 की शानदार रेटिंग मिली है।
ओटीटी पर कब और कहां देखें?
थिएटर में झंडे गाड़ने के बाद अब यह फिल्म डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दस्तक देने के लिए तैयार है। 10 अप्रैल 2026 को यह फिल्म JioHotstar पर स्ट्रीम होगी। खास बात यह है कि तमिल मूल की होने के बावजूद हिंदी भाषी दर्शकों के लिए इसे हिंदी के साथ-साथ तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में भी रिलीज किया जा रहा है। अगर आप एक ऐसी फिल्म की तलाश में हैं जो आपको हंसाए भी और इंसानी रिश्तों के अलग-अलग पहलू को भी उजागर करे तो 'थाई किझावी' आपकी वॉच-लिस्ट में जरूर होनी चाहिए।