1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. टीवी
  4. बिग बॉस में एंट्री के साथ ही एक्ट्रेस को हुआ सर्वाइकल कैंसर, दो दिन में ही छोड़ना पड़ा था शो, बाहर आकर हुई ऐसी हालत

बिग बॉस में एंट्री के साथ ही एक्ट्रेस को हुआ सर्वाइकल कैंसर, दो दिन में ही छोड़ना पड़ा था शो, बाहर आकर हुई ऐसी हालत

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Aug 21, 2025 03:04 pm IST,  Updated : Aug 22, 2025 11:14 am IST

'बिग बॉस' के इताहस में एक ऐसा भी दौर आया था, जब एक कंटेस्टेंट को घर में घुसने के बाद पता चला कि वो सर्वाइकल कैंसर से ग्रसित है। दो दिन ही बिग बॉस के घर में रहने के बाद कंटेस्टेंट को शो छोड़ना पड़ा। बाहर आने के बाद उनकी हालत बिगड़ती गई।

jade Goody Shilpa shetty- India TV Hindi
जेड गुडी और शिल्पा शेट्टी। Image Source : SCREEN GRAB FROM SHOW

'बिग बॉस' के नए यानी 19वें सीजन की वापसी होने जा रही है। 24 अगस्त से ये शो फिर से टीवी के पर्दे पर छाएगा। शो मे आने वाले सितारों के लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। वहीं कई लोग पुराने किस्सों को याद कर रहे हैं। एक ऐसा ही किस्सा आज हम आपके लिए लाए हैं, जो 'बिग बॉस' के शुरुआती दौर में हुआ था। दूसरे सीजन में एक विदेशी कंटेस्टेंट ने शो में हिस्सा लिया था। शो में वो खुशी-खुशी आईं, लेकिन घर में पहुंचने के बाद ही उनकी दुनिया बिखर गई। उनके सामने ऐसी चुनौती खड़ी थी, जिसका उन्हें अंदाजा भी नहीं था। एक्ट्रेस को बीबी हाउस में पता चला कि उन्हें सर्वाइकल कैंसर है, ऐसे में वो टूट गई और दो दिन के भीतर ही उन्हें ये शो छोड़कर वापस जाना पड़ा। बाहर आने के बाद उनकी हालत खराब होती गई। ये एक्ट्रेस कोई और नहीं बल्कि शिल्पा शेट्टी से सीधे पंगा लेने वाली जेड गुडी थीं। 

शिल्पा पर जेड ने किया था रेशियल कमेंट

साल 2007 में एक ऐसा वाकया हुआ जिसने नस्लभेद, इंसानियत और माफ करने की ताकत जैसे विषयों को वैश्विक मंच पर लाकर रख दिया। इसकी दो मुख्य किरदार थीं भारत की लोकप्रिय एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी और ब्रिटेन की रियलिटी टीवी स्टार जेड गुडी। दोनों की मुलाकात ब्रिटेन के रियलिटी शो ‘सेलिब्रिटी बिग ब्रदर’ के घर में हुई थी, जहां कैमरे हर वक्त हर कोने में निगरानी रखते हैं और हर भावना, हर टकराव दुनिया के सामने आ जाता है। शिल्पा शेट्टी शो की इकलौती भारतीय कंटेस्टेंट थीं। उनके आने के बाद कुछ प्रतिभागियों को यह पसंद नहीं आया, खासकर जेड गुडी, जैकी बडेन, डेनेली लॉयड और जो ओ'मेआरा को। इन चारों ने मिलकर शिल्पा पर नस्लीय टिप्पणियां करना शुरू कर दिया। कभी उनकी इंग्लिश का मजाक उड़ाया गया तो कभी उनके हाथ से बनाए खाने को गंदा बताया गया। डेनेली ने यहां तक कह दिया कि उन्हें नहीं पता कि शिल्पा का हाथ कहां-कहां लगा है।

jade Goody shilpa shetty
Image Source : SCREEN GRAB FROM SHOWजेड गुडी और शिल्पा शेट्टी।

नस्लभेदी कमेंट और माफी

एक दिन खाने को लेकर शिल्पा और जेड गुडी में बहस हो गई। जेड ने कहा कि शिल्पा कोई प्रिंसेस नहीं हैं और उन्हें झुग्गियों में रहने की जरूरत है। इस पर शिल्पा ने जवाब दिया कि गुडी को शिष्टाचार और क्लास सीखने की जरूरत है। वहां मौजूद लोगों ने शिल्पा की अंग्रेजी पर तंज कसे, जिससे वह टूट गईं और फूट-फूटकर रो पड़ीं। उस वक्त एक और कंटेस्टेंट, माइकल जैक्सन के भाई जर्मेन जैक्सन ने उन्हें सहारा दिया था। जेड गुडी ने शिल्पा को पोप्पाडोम कहकर बुलाया, जो इंडियन्स के लिए नस्लभेदी स्लैंग माना जाता है। यह टिप्पणी पूरी दुनिया में गूंज गई। बिग ब्रदर की टीम को बयान देना पड़ा कि वे रेसिज्म को बर्दाश्त नहीं करेंगे। गुडी को माफी मांगनी पड़ी और जल्द ही उन्हें शो से बाहर कर दिया गया।

शिल्पा बनीं विजेता

इस घटना ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हलचल मचा दी। ब्रिटेन और भारत की सरकारों तक को बयान देने पड़े। कई ब्रांड्स ने शो से अपने कॉन्ट्रैक्ट वापस ले लिए। इस पूरे विवाद के बीच शिल्पा की गरिमा और संयम ने सबका दिल जीत लिया। 28 जनवरी 2007 को शिल्पा शेट्टी ने 63% वोट पाकर शो जीत लिया। भारत में उन्हें हीरो की तरह स्वागत मिला। नस्लभेद का विरोध करते हुए एक भारतीय महिला की यह जीत, करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा बन गई।

जेड गुडी की माफी और आखिरी सफर

शो के एक साल बाद 2008 में जब शिल्पा ने भारत के 'बिग बॉस 2' को होस्ट किया, तब जेड गुडी उस शो की कंटेस्टेंट बनकर भारत आईं। जैसे ही उनकी एंट्री हुई, लोगों को लगा शायद पुराना विवाद फिर से ताजा हो जाएगा। लेकिन शिल्पा ने गुडी को खुलेआम माफ कर दिया। यह इंसानियत की मिसाल थी, जब पुरानी बातें भुलाकर किसी को दूसरा मौका दिया जाए। शिल्पा ने उन्हें गले लगाया। हालांकि किस्मत ने जेड के लिए कुछ और ही तय कर रखा था। बिग बॉस के दौरान ही उन्हें मेडिकल चेकअप के बाद पता चला कि उन्हें सर्वाइकल कैंसर है और वह भी एडवांस्ड स्टेज में। घर में एंट्री के दो दिन बाद ही उन्हें तुरंत भारत छोड़कर ब्रिटेन लौटना पड़ा। बीमारी ने तेजी से उनका शरीर तोड़ा और 22 मार्च 2009 को उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। TV से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन