1. Hindi News
  2. Explainers
  3. एक हैं वड़िंग, दूसरे चन्नी, पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में क्यों मचा है 'महासंग्राम'

एक हैं वड़िंग, दूसरे चन्नी, पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में क्यों मचा है 'महासंग्राम'

 Written By: Kajal Kumari @lallkajal
 Published : Jul 07, 2026 11:46 pm IST,  Updated : Jul 08, 2026 12:01 am IST

पंजाब में विधानसभा चुनाव में अभी देर है, लेकिन सियासी हलचल चरम पर है। चुनाव से पहले कांग्रेस की अंतर्कलह खुलकर सामने आ गई है। आखिर कांग्रेस में क्यों मची है कलह?

पंजाब कांग्रेस में कलह- India TV Hindi
पंजाब कांग्रेस में कलह

पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में अंतर्कलह चरम पर है और पार्टी में टूट का खतरा मंडरा रहा है। पार्टी प्रभारी भूपेश बघेल ने नेताओं के साथ मीटिंग की और भरोसा दिलाया कि चुनाव से पहले प्रदेश कांग्रेस में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। मंगलवार को बघेल ने चंडीगढ़ में प्रदेश कांग्रेस कमेटी और जिला अध्यक्षों के साथ मीटिंग की, जिसका पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी गुट ने बायकॉट किया और दावा किया कि पंजाब के प्रभारी बनाए गए भूपेश बघेल ने हाईकमान को गुमराह किया है। चन्नी गुट ने आरोप लगाया कि बघेल पंजाब की सही स्थिति के बारे में हाईकमान को जानकारी नहीं दी और राज वड़िंग की बात मानी जा रही है।  

वड़िंग की बड़ा बयान, जानें क्या कहा?

बता दें कि चरणजीत चन्नी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजा वड़िंग की शिकायत लेकर दिल्ली पहुंचे हुए हैं। दिल्ली में चन्नी, सांसद सुखजिंदर रंधावा, प्रगट सिंह समेत अन्य नेताओं के साथ कांग्रेस हाईकमान से मिलेंगे।इसे लेकर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा,  "जैसा कि मैंने पहले भी कहा था, जो कोई भी हाईकमान के खिलाफ बोलेगा या उचित शिष्टाचार का पालन नहीं करेगा, उसे नोटिस जारी किया जाएगा। वड़िंग ने कहा, चन्नी साहब हमारे बड़े भाई हैं। पंजाब कांग्रेस में कोई गुटबाजी नहीं है। पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता जल्द एक मंच पर दिखाई देंगे और 2027 का चुनाव मिलकर लड़ेंगे।

वड़िंग ने आगे कहा,  मुख्यमंत्री का चेहरा कोई भी हो सकता है। मैं इस दौड़ में नहीं हूं। हमारा लक्ष्य कांग्रेस को सत्ता में वापस लाना है। वड़िंग ने ये भी कहा कि चन्नी या किसी वरिष्ठ नेता ने पार्टी विरोधी काम नहीं किया है, लेकिन जो नेता सार्वजनिक रूप से पार्टी के खिलाफ बयान देंगे या अनुशासनहीनता करेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।

वड़िंग का बड़ा बयान
Image Source : INDIATVवड़िंग का बड़ा बयान

पंजाब कांग्रेस में क्यों छिड़ी है बगावत?

कांग्रेस हाईकमान ने पंजाब के नेताओं से मीटिंग के बाद बनाई गई कमेटी की रिपोर्ट मांगी, जिसे देखने के बाद चुनाव के लिए नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई। जिसमें अमरिंदर राजा वड़िंग को प्रदेश अध्यक्ष के पद पर ही रखा गया और चरणजीत चन्नी को कैंपेन कमेटी का चेयरमैन बनाया गया। इससे नाराज चन्नी ने दो जुलाई को पूरा दिन हाईकमान का धन्यवाद नहीं किया और तीन जुलाई को मोरिंडा में अपने घर पर नेताओं के साथ मीटिंग की। जिसके बाद साफ कर दिया कि उन्हें राजा वड़िंग प्रधान के तौर पर मंजूर नहीं।

सबसे बड़ी आग लगाने वाली बात ये रही कि इसी दौरान अचानक गुरदासपुर सांसद सुखजिंदर रंधावा ने भी दिल्ली जाकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर ली। वहीं, चन्नी के तीखे तेवर देख हाईकमान एक्टिव हुआ और उन्हें कहा गया कि अभी कोई बड़ा फैसला मत लीजिए। चन्नी का शक्ति प्रदर्शन देख राजा वड़िंग भी हरकत में आए और उन्होंने एक-एक कर नेताओं के घर जाना शुरू कर दिया। 

चन्नी और वड़िंग के बीच क्यों बढ़ी दूरी?

चरणजीत सिंह चन्नी और उनके सपोर्टर चाहते हैं कि अमरिंदर सिंह राजा वडिंग को पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष पद से हटाया जाए, इससे कम पर बात नही बनेगी और अमरिन्दर सिंह राजा वडिंग डिफेंसिव मोड में हैं, वो पिछले दो दिन में कई बार कह चुके हैं कि वो कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हैं, मुख्यमंत्री पद के दावेदार नहीं हैं। लेकिन पंजाब विधानसभा में लीडर ऑफ अपोजिशन प्रताप बाजवा ने माना कि सबकुछ ठीक तो नहीं हैं। नेताओं के बीच कुछ गिले-शिकवे हैं, लेकिन वो इसे जल्द ठीक कर देंगे।

पंजाब कांग्रेस
Image Source : INDIATVपंजाब कांग्रेस

कल बाजवा ने कहा था कि जब ईरान और अमेरिका एक दूसरे पर बमबारी करके बातचीत की टेबल पर एक साथ बैठ सकते हैं, तो कांग्रेस के नेताओं के बीच तो छोटे मोटे मतभेद हैं। आज बाजवा ने कहा कि वो पंजाब में कांग्रेस के सबसे सीनियर लीडर हैं और वो यूनाइटेड नेशन का रोल निभाएंगे। कांग्रेस के सारे गुटों के बीच सीजफायर करवाएंगे और सबको बातचीत की टेबल पर लाएंगे।बाजवा ने कहा कि उन्हें पूरा यकीन है कि कांग्रेस के सारे नेता एकजुट होकर चुनाव में उतरेंगे।

फैसला हाईकमान के हाथ में

 

 

हालांकि, चन्नी गुट के नेता फिलहाल पीछे हटने के मूड में नहीं दिख रहे हैं और इस गुट के दो विधायक, परगट सिंह और बरिन्दर मीत पहाड़ा दिल्ली में हैं और वो पार्टी हाईकमान से डायरैक्ट बात करना चाहते हैं। हालांकि, राहुल गांधी या मल्लिकार्जुन खरगे ने तो अभी परगट सिंह को मुलाकात का वक्त नहीं दिया है। लेकिन पता चला है कि कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, पंजाब कांग्रेस के कुछ नेता मुलाक़ात कर सकते हैं। परगट सिंह ने इशारों इशारों में अमरिन्दर सिंह राजा वडिंग पर भी हमला किया। उन्होंने कहा कि टीम में सबका रोल इंपोर्टेंट होता है और जरूरी नहीं हैं कि जीतने वाली टीम का कैप्टन ही सबसे काबिल हो।

पंजाब कांग्रेस
Image Source : INDIATVपंजाब कांग्रेस

पंजाब कांग्रेस के एक और सीनियर लीडर सुखपाल सिंह खैरा ने कहा कि पंजाब कांग्रेस में फिलहाल 2-3 गुट बन गए है और चुनाव से पहले इस तरह की गुटबाजी पार्टी के लिए अच्छी नहीं हैं। इसे जितने जल्दी खत्म किया जाए, उतना अच्छा होगा। हालांकि आज पंजाब कांग्रेस के प्रभारी भूपेश बघेल ने इशारों इशारों में कह दिया कि पार्टी हाईकमान किसी प्रैशर में नहीं आएगा। जो कमेटीज बनाई गई हैं, उनमें कोई बदलाव नहीं होगा।

आम आदमी पार्टी क्यों खुश है?

पंजाब कांग्रेस में चल रही फाइट से आम आदमी पार्टी खुश है। पंजाब के फाइनेंस मिनिस्टर हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पंजाब कांग्रेस के बहुत सारे नेता मुख्यमंत्री बनने का ख्वाब देख रहे हैं, लेकिन उन्हें ये पता नहीं है कि चुनाव तो आम आदमी पार्टी ही जीतेगी। पंजाब में जो हो रहा है वो कांग्रेस के लिए शुभ संकेत नहीं हैं। कांग्रेस के नेताओं को लग रहा था कि पंजाब में आम आदमी पार्टी के खिलाफ नाराजगी है।

ऐसे में लग रहा है कि अकाली दल और बीजेपी की ताकत पहले जैसी नहीं हैं। इसलिए पंजाब में कांग्रेस के लिए अच्छा मौका है। लेकिन चुनाव अभी दूर है और अभी से मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर खींचतान शुरू हो गई है। ऐसे में अगर कांग्रेस हाईकमान अपनी बात पर अड़ा रहा तो चन्नी अपना रास्ता अलग करेंगे और अगर ऐसा हुआ तो कांग्रेस उम्मीदों पर पानी फिर जाएगा।

ये भी पढ़ें:

UP फतेह की तैयारी! CM योगी के साथ दोनों डिप्टी CM के घर गए नितिन नवीन, मैंगो पार्टी भी की, अखिलेश ने क्यों ली चुटकी?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Explainers से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।