सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर हो रहा है, जिसमें तेजस्वी यादव मंच के सामने खड़े दिखाई दे रहे हैं और उनके हाथ में एक पोर्टेबल स्पीकर है, जिस पर गाना बज रहा है, “बीजेपी और चुनाव आयोग वोटवा चोर लागेलू”। इस वीडियो को शेयर करते हुए यूजर्स दावा कर रहे हैं कि इंडिया गठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान तेजस्वी ने एक सभा में यह गाना बजाया। हालांकि फैक्ट चेक की जांच में यह वायरल दावा झूठा साबित हुआ। हमारी पड़ताल में सामने आया कि वायरल वीडियो मई 2024 का है और एडिट किया गया है।
क्या हो रहा है वायरल?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक यूजर ने वायरल वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, “वोटर अधिकार यात्रा के दौरान तेजस्वी जी ने बीजेपी वोट चोर का गाना सुनाया। वहीं, एक अन्य यूजर ने वायरल वीडियो को समान दाव के साथ शेयर किया है।

पड़ताल:
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के एक की-फ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज सर्च की मदद से जांचा। जांच में हमें ‘THE HINDU’ की वेबसाइट पर 2 मई 2024 को प्रकाशित एक रिपोर्ट मिली। यहां वायरल विजुअल मौजूद था। ‘THE HINDU’ की रिपोर्ट के अनुसार, पूर्व डिप्टी सीएम ने मंगलवार को मधुबनी में एक चुनावी रैली के दौरान पोर्टेबल ब्लूटूथ स्पीकर से यह रिकॉर्डिंग चलाई और कहा कि प्रधानमंत्री जैसे नेता को जनता से विश्वासघात नहीं करना चाहिए बल्कि अपने किए गए वादों को पूरा करना चाहिए। दो मिनट का यह ऑडियो क्लिप मोदी के कई भाषणों का संकलन था, जो उन्होंने 2014 के आम चुनाव प्रचार के दौरान बिहार में दिए थे।
इसमें उन्हें महंगाई, बिहार की विशेष स्थिति, गरीबों और महिलाओं के बारे में बात करते हुए सुना जा सकता है।ऑडियो में मोदी कहते हुए सुनाई देते हैं, "अगर महंगाई इसी तरह बढ़ती रही, तो गरीब खाएंगे क्या? लेकिन प्रधानमंत्री (मनमोहन सिंह) तो ‘म’ भी बोलने को तैयार नहीं हैं ‘महंगाई’ का। उनका अहंकार इतना फूल गया है। अगर आप मरते हैं तो ये आपकी किस्मत है... देश के नेताओं को गरीबों की जरा भी परवाह नहीं है।

अगर वोट देने जाओ, तो अपने घर में जो गैस सिलेंडर है, उसे जरूर नमस्कार करना। इन लोगों ने गैस सिलेंडर छीन लिए..." बाद में उन्हें यह कहते हुए सुना गया कि अगर बीजेपी सत्ता में आती है, तो वे बिहार की समस्याओं को दूर करने के लिए 1.25 लाख करोड़ रुपये का पैकेज देने का आश्वासन देंगे और जरूरत पड़ने पर बिहार को विशेष राज्य का दर्जा भी दिया जाएगा।
वायरल दावे का सच जानने के बाद हमने संबंधित कीवर्ड से सर्च किया, इस दौरान हमें ‘Tejashwi Yadav’ के एक्स पोस्ट पर वायरल वीडियो मिला। जिसे 1 मई 2024 को पोस्ट किया गया था। तेजस्वी वे वायरल वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, ''कल चुनावी सभा में एक साथी ने Portable Bluetooth Speaker लाकर दिया। इसमें क्या है? आप भी सुनिए और औरों को सुनाइये। प्रधानमंत्री जी द्वारा 10 वर्षों में किए गए वादे अब जनता Speaker पर सुन और सुना रही है। इतना झूठ बोला गया है कि अब समेटें नहीं सिमट पा रहा है। जनता का ध्यान भटकाने के लिए ये लोग कुछ भी बोल और कर सकते है। सार्वजनिक जीवन में इतने बड़े पद पर रहकर इतना अधिक झूठ नहीं बोलना चाहिए। वही बोलो जो कर सको।''
Fact Check में क्या निकला?
हमारी पड़ताल में सामने आया कि वायरल वीडियो मई 2024 का है और एडिट किया गया है। असली वीडियो में तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुछ पुराने बयानों के ऑडियो को स्पीकर पर बजाया था और उन पर वादे पूरे न करने को लेकर निशाना साधा था। फैक्ट चेक की जांच में वायरल दावा फर्जी साबित हुआ। लोगों को ऐसी किसी भी पोस्ट से सावधान रहने की सलाह दी जाती है। (इनपुट: भाषा)