बॉलीवुड एक्टर वरुण धवन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह पैदल चलते नजर आ रहे हैं और लोग उनका वीडियो बना रहे हैं। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि दिल्ली में वरुण धवन की पिटाई हुई है। कई यूजर्स इसे वरुण धवन पर हमले का वीडियो बताकर भी शेयर कर रहे हैं।
हालांकि फैक्ट चेक की जांच में वायरल दावा फर्जी साबित हुआ। हमारी पड़ताल में सामने आया कि यूजर्स जिस वीडियो को शेयर कर रहे हैं, वह न तो हाल का है और न ही दिल्ली का, बल्कि मुंबई के वर्सोवा जेट्टी का पुराना वीडियो है। जिसे अब कुछ यूजर्स हालिया बताकर गलत दावे से शेयर कर रहे हैं।
क्या हो रहा है वायरल?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक यूजर ने वायरल वीडियो को शेयर करते हुए लिखा एक्टर वरुण धवन की दिल्ली में पिटाई। कई यूजर्स ने इसे समान दावे के साथ शेयर किया है।

पड़ताल:
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने संबंधित कीवर्ड से सर्च किया, लेकिन इस दौरान हमें कोई भी विश्वसनीय मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली। इसके बाद हमने वीडियो के एक की-फ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज सर्च की मदद से जांचा। जांच में हमें यह वीडियो ‘Indian Express’ के यूट्यूब चैनल पर मिला, जिसे 28 फरवरी 2025 को अपलोड किया गया था। वीडियो में बताया गया है कि वरुण धवन वर्सोवा जेट्टी पर देखे गए थे। रिपोर्ट में कहीं भी वरुण धवन की पिटाई का जिक्र नहीं है।

पड़ताल के दौरान हमें Moviez Adda के यूट्यूब चैनल पर 3 मिनट 58 सेकंड का फुल वीडियो मिला, जिसमें वरुण धवन वाला हिस्सा मौजूद है। इसमें रूपाली गांगुली और जान्हवी कपूर भी नजर आ रही हैं। यह वीडियो 28 फरवरी 2025 को अपलोड किया गया था, जिसका कैप्शन है, “वरुण धवन, जान्हवी कपूर और रूपाली गांगुली वर्सोवा जेट्टी पर नजर आए।
Fact Check में क्या निकला?
हमारी पड़ताल में सामने आया कि यूजर्स जिस वीडियो को शेयर कर रहे हैं, वह न तो हाल का है और न ही दिल्ली का, बल्कि मुंबई के वर्सोवा जेट्टी का पुराना वीडियो है। जिसे अब कुछ यूजर्स हालिया बताकर गलत दावे से शेयर कर रहे हैं। लोगों को ऐसी किसी भी पोस्ट से सावधान रहने की सलाह दी जाती है। (इनपुट- भाषा)