1. Hindi News
  2. फैक्ट चेक
  3. Fact Check: जयपुर के जहगतपुरा एयरपोर्ट पर हुई गोलीबारी, यहां जानें वायरल Video का सच

Fact Check: जयपुर के जहगतपुरा एयरपोर्ट पर हुई गोलीबारी, यहां जानें वायरल Video का सच

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Oct 31, 2025 11:16 pm IST,  Updated : Oct 31, 2025 11:16 pm IST

वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि जयपुर के जगतपुरा एयरपोर्ट के पास जानलेवा गोलीबारी हुई है। हालांकि, हकीकत कुछ और है। लेबनान का वीडियो जयपुर का बताकर शेयर किया जा रहा है।

Viral Video- India TV Hindi
जयपुर के नाम से वायरल वीडियो Image Source : INSTAGRAMSCREENSHOT

सोशल मीडिया में गोलीबारी का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि यह जयपुर के जगतपुरा एयरपोर्ट का है। वीडियो में कथित तौर पर तीन कारें खाली सड़क पर एक चौराहे पर रुकी हुई दिखाई दे रही हैं, तभी पहली कार से एक व्यक्ति बाहर निकला, जिसके हाथ में एक बंदूक दिख रही थी और उसने बाकी दो गाड़ियों में बैठे लोगों पर लगातार गोलियां चलानी शुरू कर दीं। एक व्यक्ति तो सुरक्षित बच निकला, लेकिन एक अन्य व्यक्ति घायल होकर सड़क पर दर्द से तड़पता नजर आया।

फैक्ट चेक में पाया गया कि इसका जयपुर या भारत के किसी भी हिस्से से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो लेबनान में सुरक्षा अधिकारियों और एक वांछित अपराधी के बीच हुई गोलीबारी का है। इसे सोशल मीडिया पर भारत में हुई गोलीबारी के गलत दावे के साथ शेयर किया गया।

क्या है दावा?

एक इंस्टाग्राम पेज ने 19 अक्टूबर को एक वीडियो शेयर किया, जिसमें एक व्यक्ति गोलीबारी करता नजर आ रहा था। वीडियो में तीन कारें एक खाली सड़क पर एक चौराहे पर रुकी हुई दिखाई दे रही थीं, तभी पहली कार से एक व्यक्ति बंदूक लिए बाहर निकला और बाकी दो गाड़ियों में बैठे लोगों पर लगातार गोलियां चलाने लगा। एक व्यक्ति तो सुरक्षित बच निकला, लेकिन दूसरे व्यक्ति को गोली लगी। वह घायल होकर सड़क पर छटपटाने लगा। वीडियो के साथ दावा किया गया कि यह जयपुर के जगतपुरा एयरपोर्ट का है।

जांच में क्या मिला?

इस वीडियो का कीफ्रेम गूगल क्रोम में सर्च करने पर पता चला कि यह वीडियो लेबनान का है और इसका जयपुर से कोई संबंध नहीं है। अनसेंसर्ड प्रेस नाम के एक इंस्टाग्राम पेज ने यही वीडियो शेयर किया था। पोस्ट के कैप्शन में लिखा था, "दमौर-सादियात रोड पर घात लगाकर किए गए हमले में माउंट लेबनान इन्वेस्टिगेशन यूनिट का एक अधिकारी और एक सदस्य घायल हो गए।" इस घटना से जुड़ी सर्च करने पर कई खबरें और मीडिया संस्थानों को वीडियो मिले, जिनमें यह वीडियो भी शामिल था। इससे पुष्टि हुई कि गोलीबारी वास्तव में लेबनान में हुई थी। रिपोर्ट में कहा गया है कि घटना में एक वांछित व्यक्ति का दामौर-सादियात रोड पर सुरक्षा अधिकारियों द्वारा पीछा किया जा रहा था।

फैक्ट चेक में क्या निकला?

फैक्ट चेक की जांच में यह वायरल दावा फर्जी साबित हुआ। इस वीडियो का जयपुर या भारत के किसी भी हिस्से से कोई संबंध नहीं है। दरअसल, यह वीडियो लेबनान में सुरक्षा अधिकारियों और एक वांछित अपराधी के बीच गोलीबारी का था, और इसे भारत से जोड़कर सोशल मीडिया पर गलत तरीके से शेयर किया गया था। (इनपुट- पीटीआई भाषा)

यह भी पढ़ें-

Fact Check: परिवार को लेकर PM मोदी पर दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने की टिप्पणी? यहां जानें वायरल Video का सच

Fact Check: लखनऊ के मॉल में चीता ने घुसकर मचाई तबाही, क्या है इस दावे की सच्चाई?

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। फैक्ट चेक से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।