सोशल मीडिया में कई तरह के फोटो और वीडियो वायरल होते हैं। इनमें से कई फोटो और वीडियो को गलत दावों के साथ शेयर किया जाता है। अधिकतर सोशल मीडिया यूजर्स इन फोटो को सच मानकर शेयर कर लेते हैं। इंडिया टीवी की फैक्ट चेक टीम ऐसे ही भ्रामक वीडियो और फोटो के सत्यता की जांच करती है।
क्या हो रहा वायरल?
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ मेले से जोड़कर एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर खूब शेयर की जा रही है। करीब 25 सेकंड के इस क्लिप में लोगों की भारी भीड़ किसी नदी में खड़ी नजर आ रही है, जहां अफरा-तफरी का माहौल देखा जा सकता है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स यूजर्स का दावा है कि यह वीडियो महाकुंभ मेले का है, जहां स्नान के दौरान भगदड़ मचने के बाद 50 से ज्यादा लोगों को डूबने से बचाया गया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर Mukesh Tiwari (INDIAN) नाम के यूजर ने #PrayagrajMahakumbh2025 हैशटेग के साथ एक वीडियो शेयर किया और लिखा, 'ब्रेकिंग न्यूज : गंगा घाट में मची भगदड़... 50 से अधिक श्रद्धालु डूबते डूबते से बचे... कौन है जिम्मेदार, कहां है सरकार...?'

भागलपुर जिले का वीडियो
इंडिया टीवी की फैक्ट चेक टीम ने इस वीडियो के सत्यता की जांच की है। इसमें पता चला कि यह वीडियो बिहार के भागलपुर जिले का है, जहां अगस्त 2024 में सावन के चौथे सोमवार को गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी। जहां श्रद्धालुओं के गहरे पानी में चले जाने के कारण 50 से अधिक श्रद्धालु डूबने लगे थे। प्रयागराज में हाल के दिनों में गंगा स्नान के दौरान भगदड़ जैसी कोई घटना नहीं हुई है।
फैक्ट चेक टीम ने की जांच-पड़ताल
वायरल दावे की पुष्टि के लिए इंडिया टीवी की फैक्ट चेक टीम ने संबंधित कीवर्ड की मदद से गूगल सर्च किया। हमें हाल के दिनों में प्रयागराज में गंगा स्नान के दौरान भगदड़ मचने से जुड़ी ऐसी कोई विश्वसनीय मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली। जांच- पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए फैक्ट चेक टीम ने वायरल वीडियो के ‘की-फ्रेम्स’ को गूगल लेंस के जरिये रिवर्स सर्च किया। हमें यह वीडियो ‘आज तक’ न्यूज चैनल के ‘एक्स’ अकाउंट पर 12 अगस्त 2024 को अपलोड हुआ मिला।
भागलपुर में गंगा घाट पर टूटी थी बैरिकेटिंग
पोस्ट के कैप्शन में लिखा था, 'बिहार के भागलपुर में सावन के चौथे सोमवार के मौके पर गंगा घाट पर स्नान के दौरान भगदड़ मच गई। इससे नदी में लगी बैरिकेटिंग टूट गई और कई महिलाओं समेत बच्चे गहरे पानी में पहुंच जाने की वजह से डूबने लगे। गनीमत ये रही की एसडीआरएफ की टीम मौके पर तैनात थी जिसने समय पर पानी में कूद कर सभी की जान बचा ली।'

दैनिक भास्कर न इस खबर को पांच महीने पहले अपने डिजिटल फॉर्म में प्रकाशित की है। इसमें साफ लिखा है, 'गंगा घाट पर मची भगदड़, 50 महिलाओं को बचाया गया: भागलपुर में बैरिकेडिंग तोड़ आगे निकले श्रद्धालु; 30 मिनट तक मची अफरा-तफरी।'

गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा वीडियो
इंडिया टीवी की फैक्ट चेक टीम की जांच से यह स्पष्ट है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो बिहार के भागलपुर जिले का है। प्रयागराज में हाल के दिनों में गंगा स्नान के दौरान भगदड़ जैसी कोई घटना नहीं हुई है। सोशल मीडिया पर यूजर्स पुराने और असंबंधित वीडियो को गलत दावों के साथ शेयर कर रहे हैं।