सोशल मीडिया पर एक विचलित कर देने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दो लोग एक शख्स के साथ मारपीट करते दिख रहे हैं और फिर उसे जबरन एक टैंक में फेंक देते हैं। इसमें से कुछ ही देर में एक कंकाल बाहर निकलता हुआ दिखाई देता है। फेसबुक पर एक यूजर ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, इजरायली जेलों में फिलिस्तीनी कैदियों को एसिड टैंकों में डाल दिया जाता है। इस वीडियो की जब हमने पड़ताल की तो हमने पाया कि यह वीडियो पूरी तरह फर्जी है और गलत दावे के साथ इस वीडियो को शेयर किया जा रहा है।
क्या किया जा रहा है दावा?
फेसबुक पर एक यूजर ने वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, इजरायली जेलों में फिलिस्तीनी कैदियों को एसिड टैंकों में डाल दिया जाता है। कुछ ही सेकेंड में हड्डिया वापस लटक जाती हैं। हमें इजरायल के लोगों और उनके साहस को सलाम करना चाहिए। ऐसे ही कानून भारत को भी सोचना चाहिए। आतंकी के लिए आतंक का धर्म नहीं है, सजा भी फिर ऐसी, अधर्मी वाली होना चाहिए, सही है ना? इंस्टाग्राम पर भी इस वीडियो को इसी तरह के दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। इंस्टाग्राम पर एक यूजर ने लिखा, दिल दहलाने वाला वीडियो। इजरायली जेलों में फलस्तीनी कैदियों को तेजाब के टैंक में डाला जाता है। कुछ सेकेंड में हड्डियां वापस निकलती है। इसके बावजूद कुछ लोग इजरायली प्रोडक्ट्स का बॉयकॉट नहीं करते।
फैक्ट चेक में ये जानकारी आई सामने
इस वीडियो की हमने पड़ताल की। वायरल वीडियो के एक कीफ्रेम को गूगल लेंस से हमने सर्च किया। हमें स्टॉक इमेज वेबसाइट Dreamstime पर एक तस्वीर मिली, जिसमें वायरल वीडियो जैसा सेटअप दिखाई दे रहा है। इस तस्वीर के कैप्शन में बताया गया है कि यह थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में स्थित ड्रीम वर्ल्ड मनोरंजन पार्क में होने वाली हॉलीवुड एक्शन शो की फोटो है। ड्रीम वर्ल्ड थाइलैंड में स्थित एक प्रसिद्ध मनोरंजन पार्क है। इसके अलावा जब हमने इसे गूगल पर सर्च किया तो हमें Dream World Bangkok की वेबसाइट पर एक जानकारी मिली। इसके मुताबिक ड्रीम वर्ल्ड मनोरंजन पार्क में कई तरह के शो आयोजित होते हैं। इनमें एक हॉलीवुड एक्शन शो भी शामिल है। यूट्यूब पर भी इस शो से जुड़े हुए कई वीडियो मौजूद है जिसमें वायरल सेटअप को देखा जा सकता है।