सिनेमाजगत में करण जौहर अब तक कई सितारों को लॉन्च कर चुके हैं। वहीं अब करण ने दो सितारों के नाम का एलान किया है जिन्हें अब करण जौहर की टैलेंट मैनेजमेंट कंपनी देखेगी। ये सितारे तृप्ति डिमरी और गुरफतेह सिंह पीरजादा हैं।
इन दोनों सितारों को लॉन्च करने का एलान करण जौहर ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट के साथ किया। तृप्ति डिमरी की करण ने कई तस्वीरें इंस्टाग्राम पर शेयर की हैं। इसके साथ ही पोस्ट में लिखा- 'उसके अंदर स्पार्क है आग लगाने के लिए। हम लोग सुपर एक्साइटेड हैं तृप्ति डिमरी को बोर्ड पर लाकर..इनके टैलेंट को फ्लोर पर लाने के लिए अब बिल्कुल भी इंतजार नहीं हो रहा है।'
तृप्ति डिमरी की बात करें तो इन्हें आप फिल्म 'बुलबुल' और 'लैला मजनू' में देख चुके हैं। दोनों ही फिल्मों में इनकी एक्टिंग को बहुत सराहा गया था। तृप्ति ने अपने करियर की शुरुआत साल 2017 में श्रेयस तलपड़े के साथ 'पोस्टर ब्वॉयज' फिल्म से की थी।
तृप्ति के अलावा करण जौहर ने गुरफतेह सिंह पीरजादा को भी लॉन्च करने का एलान किया है। इस बात की जानकारी भी करण ने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट करके दी।
आपको बता दें, गुरफतेह सिंह पीरजादा कियारा आडवाणी के साथ फिल्म 'गिल्टी' में नजर आ चुके हैं। इस फिल्म में इन्होंने ननकी दत्ता का रोल निभाया था। ये फिल्म क्रिटिक्स के अलावा दर्शकों को भी बहुत पसंद आई थी। खबरों की मानें तो गुरफतेह सिंह रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' में भी नजर आएंगे।