Published : Apr 27, 2026 09:33 am IST, Updated : Apr 27, 2026 09:33 am IST
1/6Image Source : IMDb
भारतीय सिनेमा में 'डबल रोल' यानी दोहरी भूमिकाओं का चलन दशकों से दर्शकों का पसंदीदा रहा है। चाहे वह 1997 की फिल्म 'जुड़वा' में जन्म के समय बिछड़े भाइयों की कहानी हो, या हालिया ब्लॉकबस्टर 'जवान' में शाहरुख खान द्वारा निभाया गया पिता और पुत्र का दमदार किरदार, इस फॉर्मूले ने हमेशा पर्दे पर जादू बिखेरा है। हाल ही में रिलीज हुई हॉरर-कॉमेडी 'भूत बंगला' में अक्षय कुमार और वामीका गब्बी ने अपनी दोहरी भूमिकाओं से दर्शकों को चौंका दिया है। इसी कड़ी में आने वाले समय में कई बड़ी फिल्में इस लोकप्रिय 'टू-रोल' फॉर्मूले के साथ सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली हैं।
2/6Image Source : Still from Teaser
सुपरस्टार यश की अगली बहुप्रतीक्षित फिल्म 'टॉक्सिक' के टीजर ने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है। टीज़र में यश दो बिल्कुल अलग अवतारों में नजर आए हैं, जिससे यह साफ हो गया है कि वह फिल्म में पिता और पुत्र की दोहरी भूमिका निभा रहे हैं। उनका एक किरदार 'राया' उम्रदराज और परिपक्व दिखता है, जिसकी दाढ़ी उनके व्यक्तित्व को गंभीरता दे रही है। वहीं, दूसरा किरदार 'टिकट' एक युवा और ऊर्जावान अवतार में है। टीजर का संवाद "डैडीज़ होम" और उसके जवाब में "आई एम होम, डैडी" इस बाप-बेटे की जंग को और भी रोमांचक बना देता है। कियारा आडवाणी, नयनतारा और हुमा कुरैशी जैसे सितारों से सजी यह फिल्म 4 जून को बड़े पर्दे पर उतरेगी।
3/6Image Source : Still from Teaser
नितेश तिवारी के मेगा प्रोजेक्ट 'रामायण' को लेकर दर्शकों में भारी उत्साह है। हाल ही में रणबीर कपूर ने पुष्टि की है कि वह इस महाकाव्य में दोहरी भूमिका में नजर आएंगे। रणबीर भगवान विष्णु के दो अलग-अलग अवतारों—मर्यादा पुरुषोत्तम 'श्री राम' और क्रोधी 'परशुराम' को पर्दे पर जीवंत करेंगे। फिल्म में साई पल्लवी 'माता सीता' और यश 'रावण' के रूप में दिखाई देंगे। यह फिल्म दो भागों में रिलीज होगी, जिसका पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में आएगा।
4/6Image Source : IMDb, aneet padda instagram
मोहित सूरी की फिल्म 'सैयारा' से रातों-रात स्टार बनीं अनीता पड्डा अब मैडॉक हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स की अगली फिल्म 'शक्ति शालिनी' की कमान संभालने के लिए तैयार हैं। चर्चा है कि इस फिल्म की कहानी अच्छाई और बुराई के बीच के भीषण संघर्ष पर आधारित होगी, जिसमें अनीता दो विपरीत चरित्र निभाएंगी। एक तरफ वह रक्षक 'शक्ति' के रूप में दिखेंगी, तो दूसरी तरफ प्रतिशोधी आत्मा 'शालिनी' का खौफनाक रूप पेश करेंगी। फिल्म में उनके साथ विशाल जेठवा मुख्य भूमिका में नजर आएंगे।
5/6Image Source : IMDb
संदीप रेड्डी वांगा की 'एनिमल' के अंत ने दर्शकों को एक बड़े सस्पेंस के साथ छोड़ दिया था। फिल्म के क्लाइमेक्स में 'अजीज हक' का परिचय दिया गया था, जिसने रणविजय जैसा दिखने के लिए प्लास्टिक सर्जरी करवाई थी। अब इसके सीक्वल 'एनिमल पार्क' में रणबीर कपूर खुद अपने ही खिलाफ खड़े नजर आएंगे। वह रणविजय और अजीज की दोहरी भूमिका निभाते हुए एक खतरनाक टकराव पेश करेंगे। रश्मिका मंदाना और तृप्ति डिमरी अभिनीत इस फिल्म की शूटिंग 2027 में शुरू होने की उम्मीद है।
6/6Image Source : IMDb
नाग अश्विन की फिल्म 'कल्कि 2898 AD' के अंत में यह खुलासा हुआ था कि प्रभास का किरदार 'भैरव' वास्तव में महाभारत के महान योद्धा कर्ण का पुनर्जन्म है। फिल्म के दूसरे भाग में प्रभास इन दोनों युगों के किरदारों को एक साथ निभाते हुए नजर आएंगे। दिलचस्प बात यह है कि सीक्वल में दीपिका पादुकोण की जगह अब साई पल्लवी एक महत्वपूर्ण भूमिका में दिखाई देंगी। 'कल्कि 2898 AD: पार्ट 2' के साल 2026 के अंत या 2027 की शुरुआत में रिलीज होने की संभावना है।