IPL के इतिहास में सबसे ज्यादा बार डक पर आउट होने वाले टॉप-5 खिलाड़ी, रोहित शर्मा इस नंबर पर मौजूद
IPL के इतिहास में सबसे ज्यादा बार डक पर आउट होने वाले टॉप-5 खिलाड़ी, रोहित शर्मा इस नंबर पर मौजूद
आईपीएल के 18 सीजन में एक से एक शानदार पारियां देखने को मिली हैं तो वहीं कुछ ऐसे भी रिकॉर्ड हैं जिनको बल्लेबाज बिल्कुल भी पसंद नहीं करते हैं। ऐसे में हम आपको आईपीएल के इतिहास में अब तक सबसे ज्यादा बार डक पर आउट होने वाले खिलाड़ियों के बारे में बताने जा रहे हैं।
Published : Mar 18, 2026 01:28 pm IST, Updated : Mar 18, 2026 01:28 pm IST
1/7Image Source : AFP
इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन की शुरुआत 28 मार्च से हो रही है, जिसमें इस बार सभी की नजरें बल्लेबाजी के कई बड़े रिकॉर्ड पर रहने वाली हैं, जिनको टूटते हुए देखने को मिल सकता है। हालांकि कुछ ऐसे भी रिकॉर्ड हैं जिनका हिस्सा कोई भी खिलाड़ी नहीं बनना चाहेगा लेकिन फिर भी वह इस लिस्ट में शामिल हैं। ऐसे में हम आपको आईपीएल इतिहास के ऐसे टॉप-5 प्लेयर्स के बारे में बताने जा रहे हैं जो इस लीग में अब तक सबसे ज्यादा बार डक पर आउट होकर पवेलियन लौट चुके हैं।
2/7Image Source : AFP
ऑस्ट्रेलियाई टीम के ऑलराउंडर खिलाड़ी ग्लेन मैक्सवेल जिनकी गिनती एक समय टी20 क्रिकेट के खतरनाक बल्लेबाजों में की जाती थी, उनका आईपीएल में अधिकतर सीजन उम्मीद के अनुसार प्रदर्शन देखने को नहीं मिला है। ग्लेन मैक्सवेल ने इंडियन प्रीमियर लीग में कुल 141 मैच खेले हैं जिसमें वह 23.88 के औसत से 2819 रन बनाने में कामयाब रहे हैं तो वहीं 19 बार डक पर आउट हुए हैं।
3/7Image Source : AFP
दिनेश कार्तिक जिनका आईपीएल में लंबा सफर देखने को मिला है और वह कई टीमों की तरफ से भी खेले हैं उन्होंने अब क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से रिटायरमेंट ले लिया है। दिनेश कार्तिक ने आईपीएल इतिहास में कुल 257 मैच खेलने के साथ कुल 26.31 के औसत से कुल 4842 रन बनाए हैं, जिसमें वह 18 पारियों में डक पर आउट होकर पवेलियन लौटे हैं।
4/7Image Source : AFP
रोहित शर्मा जिनकी गिनती लिमिटेड ओवर्स फॉर्मेट के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में की जाती है वह इस लिस्ट में संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर मौजूद हैं। रोहित के नाम वैसे तो आईपीएल में बल्लेबाजी के भी कई बड़े रिकॉर्ड दर्ज हैं लेकिन आगामी सीजन में वह इस लिस्ट में भी टॉप पर पहुंच सकते हैं। रोहित शर्मा ने आईपीएल में अब तक कुल 272 मुकाबले खेले हैं जिसमें वह 29.72 के औसत से 7046 रन बनाने में कामयाब रहे हैं। इस दौरान रोहित 18 पारियों में बिना खाता खोले डक पर आउट हुए हैं।
5/7Image Source : AFP
सुनील नारायण जिन्होंने आईपीएल में एक गेंदबाज के तौर पर डेब्यू किया था, लेकिन अब उनकी गिनती मैच विनर ऑलराउंडर खिलाड़ी के तौर पर की जाती है। सुनील नारायण ने आईपीएल के इतिहास में कुल 189 मैचों में खेलते हुए जहां 17.62 के औसत से 1780 रन बनाए हैं, तो वहीं वह 17 बार डक पर आउट हो चुके हैं।
6/7Image Source : AFP
पीयूष चावला जिनकी लेग स्पिन गेंदबाजी का लंबे समय तक आईपीएल में दबदबा देखने को मिला है, उन्होंने साल 2024 में आखिरी बार इस टी20 लीग में खेला था। पीयूष चावला ने कुल 192 मैचों में खेलते हुए 92 पारियों में बल्लेबाजी की और कुल 624 रन 11.14 के औसत से बनाए। इसमें से पीयूष चावला 16 पारियों में डक पर आउट हुए।
7/7Image Source : AFP
राशिद खान जिनकी गिनती मैच विनर गेंदबाज के साथ निचलेक्रम में आक्रामक बल्लेबाज के तौर पर भी की जाती है वह भी इस लिस्ट में संयुक्त रूप से 5वें नंबर पर मौजूद हैं। राशिद खान ने आईपीएल में अब तक कुल 136 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से उन्हें 68 पारियों में बल्लेबाजी करने का मौका मिला और उन्होंने 13.92 के औसत से 585 रन बनाए हैं और इस दौरान 16 पारियों में डक पर आउट हुए हैं।