गुजरात में स्थानीय निकायों के लिए रविवार को मतदान हुआ। इस बीच कई जगहों से परेशान कर देने वाली खबरें भी सामने आई हैं। गुजरात के जामनगर में आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी की मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि दिल का दौरा पड़ने के उनका निधन हुआ है। इसके अलावा पाटन में एक महिला मतदाता की भी दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। गुजरात के आणंद जिले में भी ग्राम पंचायत कर्मचारी की अचानक तबीयत खराब होने के बाद मौत हो गई। बता दें कि गुजरात में अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा और राजकोट सहित 15 नगर निगमों, 84 नगरपालिकाओं, 34 जिला पंचायतों और 260 तालुका पंचायतों के लिए रविवार को मतदान हुआ।
आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी का निधन
दरअसल, जामनगर में आम आदमी पार्टी आप के एक उम्मीदवार का निधन हो गया है। जामनगर के जिलाधिकारी पी बी पंड्या ने बताया, ''जामनगर नगर निगम में वार्ड नंबर 3 से 'AAP' के उम्मीदवार नरेंद्रसिंह जडेजा का कथित तौर पर दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। हालांकि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के सटीक कारण की पुष्टि हो पाएगी।''
वहीं पार्टी के जामनगर के युवा अध्यक्ष धवल जाला ने बताया कि नरेंद्रसिंह जडेजा (38) शनिवार को अस्वस्थ महसूस करने के बाद स्थानीय अस्पताल में भर्ती हुए थे। डॉक्टरों ने रविवार दोपहर करीब 3 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया। AAP के प्रदेश अध्यक्ष इसुदान गढ़वी ने अपने पार्टी सहयोगी के निधन पर शोक व्यक्त किया। गढ़वी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ''आम आदमी पार्टी के जामनगर नगर निगम उम्मीदवार नरेंद्रसिंह जडेजा के असामयिक और दुखद निधन पर मैं गहरा शोक व्यक्त करता हूं।'' उन्होंने कहा, ''ईश्वर से प्रार्थना है कि वह शोक संतप्त परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।''
पाटन में महिला मतदाता की मौत
इसके अलावा पाटन शहर में मतदान करने के बाद एक बुजुर्ग महिला की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। अपर जिलाधिकारी हिरेन चौहान ने बताया कि मतदाता कमला सोलंकी (68) की सुबह बी एम हाई स्कूल में स्थित मतदान केंद्र पर वोट डालने के बाद मृत्यु हो गई। उन्होंने पुष्टि की कि मौत का कारण दिल का दौरा पड़ना था। मृतक कमला सोलंकी पाटन के मायानगर सोसाइटी की निवासी थीं। उनके पुत्र जयेश सोलंकी ने बताया कि मतदान केंद्र के भीतर उनकी मां की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह वहीं गिर पड़ीं।
आनन-फानन में पुलिसकर्मियों, प्रशासनिक कर्मचारियों और अन्य मतदाताओं ने तुरंत उनकी मदद की और उन्हें इलाज के लिए एक ट्रस्ट द्वारा संचालित अस्पताल ले जाया गया। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक हिमांशु पटेल ने बताया कि महिला को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था और प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण दिल का दौरा पड़ना माना गया।
ग्राम पंचायत के कर्मचारी की मौत
इसी तरह आणंद जिले में ड्यूटी पर तैनात ग्राम पंचायत कर्मचारी की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। पेटलाड के तालुका विकास अधिकारी और सहायक निर्वाचन अधिकारी एम वी सोलंकी ने बताया कि संसेज ग्राम पंचायत कार्यालय में चपरासी के रूप में काम करने वाले अमित सोलंकी (48) उसी गांव के एक मतदान केंद्र पर अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। अमित सोलंकी गांव के बूथ नंबर एक पर तैनात थे।
अधिकारी ने कहा, "दोपहर बाद अमित सोलंकी अचानक मतदान केंद्र पर बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें तुरंत तारापुर के एक सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत के सटीक कारण का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।" इस घटना की जानकारी मिलने के बाद सोजित्रा से विधायक विपुलभाई पटेल अस्पताल पहुंचे।
यह भी पढ़ें-
तोते खा गए किसान के अनार, अब सरकार भरेगी मोटा मुआवजा; कोर्ट में 10 साल चला मुकदमा