गुजरात के आनंद की दो लड़कियां अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करों के चंगुल में फंस गई थीं। दोनों को तस्कर लाओस तक ले गए थे। परिवार से उनका संपर्क पूरी तरह टूट गया था। परिजन परेशान थे और सांसद से मदद मांगी। सांसद मितेश पटेल ने मेल कर विदेश मंत्रालय से मदद मांगी और अंत में दोनों बहनें सुरक्षित रेस्क्यू कर ली गईं। दोनों को उनके घर लाया जा रहा है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने मुस्तैदी से 'ऑपरेशन महीसागर 2.0' को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है।
गुजरात के आणंद की दो सगी बहनें रोजगार की तलाश में थाइलैंड गई थीं। दोनों बहनों को थाइलैंड में काम दिलाने के बहाने से अवैध रूप से लाओस भेज दिया गया था। लाओस पहुंचते ही दोनों लड़कियां इंटरनेशनल ह्यूमन ट्रैफिकिंग के जाल में फंस गईं और उनका अपने परिवार से संपर्क पूरी तरह टूट गया। पीड़ित परिवार हताश और परेशान हो गया और आनंद के सांसद मितेश पटेल से मदद की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सांसद मितेश पटेल तुरंत एक्शन में आए और 'ऑपरेशन महीसागर 2.0' शुरू कर दिया।
लाओस आर्मी ने चंगुल से छुड़ाया
सांसद मितेश पटेल ने तुरंत भारतीय विदेश मंत्रालय और लाओस में स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क साधा। भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने लाओस की स्थानीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर लड़कियों की सही लोकेशन का पता लगाया। पुख्ता जानकारी मिलने के बाद सांसद के प्रयासों और डिप्लोमैटिक दबाव के चलते लाओस आर्मी ने उस ठिकाने पर छापेमारी की जहां बेटियों को बंधक बनाकर रखा गया था। लाओस आर्मी और इंडियन एम्बेसी ने दोनों सगी बहनों को मानव तस्करों के चंगुल से सुरक्षित छुड़ा लिया।
दूसरी बार विदेश में फंसे लोगों को बचाया
सांसद मितेश पटेल ने कहा," "हमारी दो बेटियां विदेश में मुसीबत में थीं और मानव तस्करी का शिकार होने जा रही थीं। जैसे ही परिवार ने मुझसे संपर्क किया, हमने तुरंत भारतीय दूतावास और स्थानीय सेना की मदद से 'ऑपरेशन महीसागर 2.0' शुरू किया। मुझे खुशी है कि दोनों बेटियां अब पूरी तरह सुरक्षित हैं और जल्द ही अपने घर लौटेंगी।" यह पहली बार नहीं है जब सांसद मितेश पटेल ने विदेश में फंसे गुजरात के नागरिकों को बचाया हो। इससे पहले अजरबैजान में फंसे युवाओं के लिए 'ऑपरेशन महीसागर' चलाया गया था, और अब यह 'ऑपरेशन महीसागर 2.0' भी बेहद कामयाब रहा है। दोनों बेटियों को सुरक्षित बचाने के बाद अब उन्हें भारत वापस लाने की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
(आणंद से नचिकेत मेहता की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
गुजरात: AC में धमाका, पूरे घर में लगी आग; LIB पुलिसकर्मी जिंदा जल गईं
गुजरात: वडोदरा में आम आदमी पार्टी का शहर अध्यक्ष गिरफ्तार, रेप और ब्लैकमेलिंग के गंभीर आरोप लगे