1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. पद्मश्री से सम्मानित किए जाने के फैसले पर क्या बोले अयोध्या राम मंदिर के वास्तुकार चंद्रकांत सोमपुरा?

पद्मश्री से सम्मानित किए जाने के फैसले पर क्या बोले अयोध्या राम मंदिर के वास्तुकार चंद्रकांत सोमपुरा?

 Published : Jan 26, 2025 09:00 pm IST,  Updated : Jan 26, 2025 09:03 pm IST

वास्तुकार चंद्रकांत सोमपुरा ने ही अयोध्या के भव्य राम मंदिर का मॉडल बनाया है। उनके ही नक्शे पर मंदिर बनाया गया है। वहीं, अब केंद्र सरकार ने उन्हें पद्मश्री देने का ऐलान किया है।

चंद्रकांत सोमपुरा को पद्मश्री पुरस्कार- India TV Hindi
चंद्रकांत सोमपुरा को पद्मश्री पुरस्कार Image Source : FILE PHOTO

अयोध्या में राम मंदिर के वास्तुकार चंद्रकांत सोमपुरा ने रविवार को कहा कि केंद्र द्वारा उन्हें पद्मश्री से सम्मानित करने का फैसला उनके काम को मान्यता देना है। मंदिर वास्तुकारों की परंपरा से जुड़े सोमपुरा गुजरात की उन आठ शख्सियतों में शामिल हैं, जिनके नाम शनिवार को पद्म सम्मान के लिए घोषित किए गए। 

यह मेरे काम और समर्पण को मान्यता- सोमपुरा

गुजरात के अहमदाबाद में रहने वाले 81 वर्षीय सोमपुरा ने कहा, ‘यह मेरे काम और समर्पण को मान्यता है जिसके साथ मेरा परिवार पीढ़ियों से मंदिर डिजाइन में योगदान देता रहा है। पद्मश्री मेरे लिए बहुत खास है। हमारा परिवार कई पीढ़ियों से मंदिर वास्तुकला के लिए समर्पित है।’ 

इन मंदिरों के डिजाइन भी किए तैयार

सोमपुरा ने कहा कि उन्होंने भारत और विदेश में कई प्रसिद्ध मंदिरों का डिजाइन तैयार किया है। इनमें गांधीनगर में अक्षरधाम मंदिर, गुजरात में अंबाजी जैसे विभिन्न शक्तिपीठ, लंदन में स्वामीनारायण मंदिर के अलावा सिंगापुर और अमेरिका में भी कई मंदिर शामिल हैं। 

1980 से राम मंदिर परियोजना से जुड़े

सोमपुरा ने कहा कि वह 1980 से ही राम मंदिर परियोजना से जुड़े रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘हमने पहले भी मंदिर का डिजाइन बनाया था और जब इसका आकार बढ़ा तो हमने इसे फिर से डिजाइन किया।’ सोमपुरा ने कहा कि वह अयोध्या में शबरी और निषादराज जैसे सात अन्य छोटे मंदिरों के डिजाइन में भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन पर काम जारी है। 

अब तक 131 मंदिर की परियोजनाओं को पूरा किया

अपनी वेबसाइट पर एक नोट में सोमपुरा ने कहा है कि अयोध्या में राम मंदिर की योजना और डिजाइन का काम उनके जीवन की विशष्ट उपलब्धि है। सोमपुरा की वेबसाइट के अनुसार, उन्होंने अब तक 131 मंदिर परियोजनाओं को पूरा किया है या उन पर काम किया है। 

दादा प्रभाशंकर सोमपुरा को भी मिल चुका है पद्मश्री

साल 1973 में चंद्रकांत सोमपुरा के दादा प्रभाशंकर सोमपुरा को पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। प्रभाशंकर नागर शैली की वास्तुकला के जाने-माने कलाकार थे और आजादी के ठीक बाद वल्लभभाई पटेल ने उन्हें प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर की योजना और निर्माण का काम सौंपा था। 

भाषा के इनपुट के साथ

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।