कच्छ के भचाऊ तालुका के लाकड़िया स्थित सौराष्ट्र एन्वायरो प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में गुजरात के गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी की उपस्थिति में 875 करोड़ रुपये मूल्य के ड्रग्स के बड़े जखीरे को वैज्ञानिक ढंग से नष्ट किया गया। पूर्व कच्छ (गांधीधाम), पश्चिम कच्छ (भुज) और मोरबी जिले के विभिन्न पुलिस थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त 28 केसों के कुल 391.625 किलो और 8,986 लीटर मादक पदार्थ को नष्ट किया गया है।
क्या बोले हर्ष संघवी?
ड्रग्स के बड़े जखीरे को नष्ट करने की इस पूरी प्रक्रिया को राज्यस्तरीय उच्च स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमिटी व संबंधित जिलों की स्थानीय ड्रग्स डिस्पोजल कमिटियों की निगरानी में वैज्ञानिक विधि, यानि कंपनी के इन्सिनरेशन प्लांट (भट्टी) में सम्पन्न किया गया। अरबों रुपये के ड्रग्स को नष्ट किए जाने के इस अवसर पर गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि युवाओं को नशे के जाल से बचाने के लिए गुजरात सरकार प्रतिबद्ध है, और यह कार्रवाई इसी संकल्प को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्रतिबद्धता और सतर्कता से आज ड्रग्स को नष्ट कर समाज को सकारात्मक संदेश दिया गया है।
क्या-क्या नष्ट किया गया?
इस दौरान, गांधीधाम बी डिवीजन पुलिस थाना में जब्त किए गए 82.616 किलोग्राम कोकीन जिसकी कीमत लगभग 826 करोड़ 16 लाख रुपये है, मंडवी पुलिस थाना से 105.428 किलोग्राम चरस (लगभग 44 करोड़ 57 लाख रुपये) और मोरबी थाना में जब्त 8,986 लीटर कोडीन युक्त सिरप (लगभग 1 करोड़ 84 लाख रुपये) सहित अन्य मादक पदार्थों को भी वैज्ञानिक तरीके से नष्ट किया गया।
इसके अलावा, अन्य 25 अलग-अलग मामलों में जब्त गांजा, कोकीन, चरस, मेफेड्रोन, पोस्तादाना आदि कुल मिलाकर पश्चिम कच्छ का 129.368 किलोग्राम और पूर्व कच्छ गांधीधाम का 74.213 किलोग्राम मादक पदार्थ भी नष्ट किया गया।
ये भी पढ़ें- VIDEO: सूरत पुलिस ने 'चिया गैंग' को दिखाया इलाके का असली 'बाप' कौन है? जहां दहशत फैलाया, वहां माफी मांगते दिखे बदमाश
गुजरात ATS ने अल-कायदा के 4 आतंकियों को किया गिरफ्तार, बड़े हमले की मिलने वाली थी जिम्मेदारी