देशभर में कहीं भी सार्वजनिक स्थानों पर लावारिस बैग, ड्रम या ऐसी कोई भी चीज दिखाई दे तो लोगों में दहशत का माहौल बन जाता है। सरकार की तरफ से भी चेतावनी जारी की जाती है कि कोई भी लावारिस चीज को हाथ न लगाए और पहले पुलिस को जानकारी दे। आज सूरत के कोसांबा इलाके में भी एक ऐसी ही घटना सामने आई। यहां हाईवे किनारे एक लावारिस ट्रॉली बैग दिखने से स्थानीय लोगों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जैसे ही बैग खोला तो सन्न रह गई। 2 फीट के ट्रॉली बैग के अंदर एक महिला का शव पड़ा था।
युवती की बेरहमी से हत्या की गई थी। उसके पैरों को रस्सी से बांधकर महज दो फीट के ट्रॉली बैग में शव को ठूंस-ठूंसकर भरा था। हाथ पर बने टैटू के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
दोनों पैरों को रस्सी से बांधकर बैग में ठूंसा शव
सूरत जिला डीसीपी राजेश गढ़िया ने बताया कि सूरत जिले के कोसंबा इलाके में सड़क किनारे एक बंद ट्रॉली बैग पड़ा था। लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कोसंबा ओवरब्रिज के पास मारुति शोरूम के बगल में ट्रॉली बैग मिला। बैग खोलकर देखा तो उसमें एक युवती का शव था। उसके दोनों पैरों को रस्सी से बांधा गया था और फिर बैग में ठूंस दिया था। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
टैटू के जरिए पहचान करने में जुटी पुलिस
पुलिस को मृतक महिला के हाथ पर टैटू दिखा जिसमें दिल का चित्र है और बाद में एस लिखा है। पुलिस ने टैटू के जरिए भी मृतक महिला की पहचान करने की कोशिश शुरू कर दी है। साथ ही हत्यारे की तलाश के लिए विभिन्न टीम का गठन कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मृत महिला कौन थी, कहां की थी और किसने उसकी हत्या करने के बाद शव को ट्रॉली बैग में भरकर यहां फेंका।
(रिपोर्ट- शैलेष चांपानेरिया)
यह भी पढ़ें-
किराए के कमरे में अकेली रहती थी युवती, सड़ी-गली अवस्था में मिली लाश; मचा हड़कंप