1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. गुजरात में अवैध रूप से दूध तैयार करने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़, 7 हजार लीटर से अधिक दूध जब्त

गुजरात में अवैध रूप से दूध तैयार करने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़, 7 हजार लीटर से अधिक दूध जब्त

 Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Aug 23, 2026 06:58 pm IST,  Updated : Aug 23, 2026 07:15 pm IST

गुजरात के जामनगर में अवैध रूप से दूध तैयार करने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। यहां से बड़ी मात्रा में दूध जब्त किया गया है। वनस्पति घी और मिल्क पाउडर भी बरामद हुआ है।

milk- India TV Hindi
7 हजार लीटर से अधिक दूध जब्त Image Source : REPORTER INPUT

जामनगर: गुजरात के जामनगर से एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। कालावड़ तालुका के हरीपर गांव में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में अवैध रूप से दूध तैयार करने वाली फैक्ट्री का खुलासा हुआ है। मौके से 7 हजार लीटर से अधिक दूध समेत बड़ी मात्रा में वनस्पति घी और मिल्क पाउडर बरामद किया गया है।

मिली सूचना के आधार पर कालावड़ तालुका के हरीपर गांव में छापेमारी की गई। पुलिस को यहां अवैध तरीके से दूध तैयार कर सप्लाई किए जाने की सूचना मिली थी। कार्रवाई के दौरान मौके पर बड़ी मात्रा में दूध बरामद हुआ।

मौके से क्या-क्या जब्त हुआ?

रेड के दौरान करीब 7 हजार लीटर दूध, 120 लीटर वनस्पति घी और 15 किलो मिल्क पाउडर जब्त किया गया है। हालांकि मौके से केमिकल या वॉशिंग पाउडर जैसी कोई सामग्री बरामद नहीं हुई है। मामले में FSO टीम ने दूध और अन्य सामग्री के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेज दिए हैं। मौके से करीब 6 लोगों की पहचान हुई है। अब लैब रिपोर्ट सामने आने के बाद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि यहां तैयार किया जाने वाला दूध जामनगर शहर और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई किया जाता था। पुलिस अब कॉल रिकॉर्डिंग और टेक्निकल सर्विलांस के जरिए इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चैन की जानकारी जुटा रही है।

जिले के कालवाड़ तहसील के हरीपर गांव में हुई इस कार्रवाई के बाद अब पुलिस और खाद्य विभाग की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। लैब रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि फेस्टिवल सीजन में अक्सर दूध और उससे जुड़ी चीजों में मिलावट के मामले सामने आते रहते हैं। ऐसे में अधिकारी चौंकन्ने हो जाते हैं और ऐसे मामलों की सख्ती से जांच शुरू हो जाती है। कई बार ये भी पाया गया है कि मिलावट इस तरह की होती है कि उससे जो माल तैयार होता है, उसे खाना किसी भी इंसान की तबीयत को बिगाड़ सकता है। 

इससे पहले खबर सामने आई थी कि यूपी में भी दूध और उससे जुड़े उत्पादों में मिलावटखोरी भारी पड़ेगी। (रिपोर्ट- जामनगर से हरदीप भोगल)

ये भी पढ़ें-

गाजियाबाद में मिलावट के खिलाफ अभियान तेज, खोया और दूध के कई नमूने लिए गए

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।