1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. दुकान जा रही थी बुजुर्ग महिला, तेंदुए ने हमला कर ले ली जान, इलाके में दहशत

दुकान जा रही थी बुजुर्ग महिला, तेंदुए ने हमला कर ले ली जान, इलाके में दहशत

 Published : May 31, 2023 02:56 pm IST,  Updated : May 31, 2023 02:56 pm IST

गुजरात में तेंदुए ने एक बुजुर्ग महिला पर हमला कर उसकी जान ले ली। सूबे के सौराष्ट्र इलाके में लोग तेंदुओं के खौफ के साए में जीने को मजबूर हैं।

Gujarat, Gujarat leopard attack, Gujarat news, Leopard Attack News- India TV Hindi
गुजरात के सौराष्ट्र इलाके में तेंदुओं ने आतंक मचाया हुआ है। Image Source : PIXABAY REPRESENTATIONAL

दाहोद: गुजरात के दाहोद जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिले में एक तेंदुए ने 70 साल की बुजुर्ग महिला पर हमला कर उसकी जान ले ली। वन अधिकारियों ने बुधवार को इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि तेंदुए को पकड़ने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने एक बयान में कहा कि मंगलवार रात करीब 11 बजे गरबाड़ा वन परिक्षेत्र में महिला छरछोड़ा गांव में अपने घर से एक दुकान की ओर जा रही थी तभी तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया।

तेंदुए को पकड़ने की कोशिश की जा रही है

अधिकारियों ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि तेंदुए के हमले से महिला के बाएं हाथ और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं। उन्होंने बताया कि तेंदुए ने महिला को बचने का जरा भी मौका नहीं दिया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि महिला की पहचान राजलीबेन डामोर के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि तेंदुए को पकड़ने की कोशिश की जा रही है और महत्वपूर्ण स्थानों पर पिंजरे लगाए गए हैं।

पिछले कुछ दिनों में बढ़ा है तेंदुओं का आतंक
बता दें कि राज्य में हाल के दिनों में, विशेष रूप से सौराष्ट्र क्षेत्र के अमरेली जिले में तेंदुए के हमलों में कई लोगों की मौत हुई है। पिछले हफ्ते ही जिले के सरोवदा गांव में तेंदुए ने घर में सो रही एक बुजुर्ग महिला को मार डाला था। वहीं, इस महीने की शुरुआत में इसी जिले के कटार गांव में तेंदुए ने 2 साल के एक बच्चे की जान ले ली थी। यही वजह है कि इलाके के लोग तेंदुओं के खौफ के साए में जी रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।