1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. सूरत 'प्रसाद' जहर कांड: बेटी की लव मैरिज का गुस्सा पड़ोसी पर निकाला, लड्डू में मिलाईं सिरदर्द-नींद की गोलियां

सूरत 'प्रसाद' जहर कांड: बेटी की लव मैरिज का गुस्सा पड़ोसी पर निकाला, लड्डू में मिलाईं सिरदर्द-नींद की गोलियां

 Published : Apr 17, 2026 02:12 pm IST,  Updated : Apr 17, 2026 02:12 pm IST

अगर आपके घर के बाहर कोई खाने की चीज रख जाए तो बिना जांच किए खाने की कोशिश न करे क्योंकि गुजरात के सूरत में एक ऐसा मामला सामने आया है, जो चौंकाने वाला है।

surat prasad laddu- India TV Hindi
प्रसाद के लड्डू में नींद की गोलियां मिलाने वाली महिला ने अपना जुर्म कबूला। Image Source : REPORTER INPUT

सूरत के उत्तरायण इलाके में स्थित शालिग्राम स्टेटस बिल्डिंग में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां घर के बाहर एक थैले में प्रसाद के लड्डू रखे गए थे। इस लड्डू को परिवार के विठ्ठल भाई ने प्रसाद समझकर खा लिया, बाद में उनकी बहू ने भी खाया। लड्डू खाने के बाद दोनों की तबीयत बिगड़ने लगी। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच के दौरान पता चला कि लड्डू में जहर है। किसी ने विठ्ठल भाई के परिवार को जान से मारने की कोशिश की है। लड्डू खाने की वजह से ही दोनों की स्थिति गंभीर हुई थी। राहत की बात यह है कि समय पर इलाज मिलने से दोनों की जान बच गई। पीड़ित परिवार ने सीधे तौर पर अपने सामने रहने वाले पड़ोसियों पर शक जाहिर किया। उनका कहना था कि पड़ोसियों के साथ पुरानी रंजिश के चलते उन्हें मारने के इरादे से घर के बाहर जहरीले लड्डू रखे गए थे।

प्रसाद के लड्डू में मिलाई नींद की गोलियां और सिर दर्द की दवा

डोंडा परिवार द्वारा अपने ही पड़ोसी नाकराणी परिवार पर शक जताए जाने के बाद पुलिस ने इस मामले में पूछताछ शुरू की थी। पुलिस द्वारा उषाबेन नाकराणी से पूछताछ की जा रही थी, तब वह टूट गईं और लड्डू में नींद की गोलियां मिलाकर रखने की बात कबूल कर ली। महिला ने अपनी ही नींद और सिर दर्द की दवाई चूरमा के लड्डू में मिलाई थी। इसके बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई करते हुए उषाबेन नाकराणी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

बेटी ने भागकर की थी लव मैरिज

मिली जानकारी के अनुसार, उषाबेन नाकराणी की बेटी आठ से 10 महीने पहले घर से भागकर प्रेम विवाह कर चुकी थी। इसमें डोंडा परिवार का हाथ होने का उषाबेन को शक था। उषाबेन की बेटी भी डोंडा परिवार की पुत्रवधू किरणबेन के संपर्क में रहती थी। इसी कारण उन्होंने यह कदम उठाया ऐसा प्रारंभिक जांच में सामने आया है। आरोपी महिला इस बात से परेशान हो गई थी और धीरे-धीरे मानसिक रूप से अस्वस्थ होने लगी। उसे रात भर नींद नहीं आती थी। इसके लिए 2 से 3 डॉक्टरों से कंसल्ट किया जिसके बाद उसे नींद की दवाई दी गई। लेकिन फिर भी उसके मन में अपने पड़ोसियों के लिए दुश्मनी पैदा हो गई।

डिप्रेशन में चली थी आरोपी महिला

बताया जा रहा है कि आरोपी महिला डिप्रेशन में चली गई थी। ऐसे में उसने अपनी नींद की दवाई चूरमा वाले लड्डू में मिलाकर उसे पड़ोसी के सिक्योरिटी डोर और मेन डोर के बीच में रख दिया था। जब विठ्ठल भाई दोपहर घर लौटे तो उन्हें लगा किसी रिश्तेदार ने प्रसाद दरवाजे रखा होगा। डिब्बे में एक बेसन का लड्डू था और एक चूरमा का लड्डू था। फिलहाल महिला से सख्ती से पूछताछ करने के बाद पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया।

'अमेरिका एक मिसाइल पड़ोसी पर गिरा देता तो अच्छा होता'

उषाबेन की मानसिक स्थिति दिन ब दिन बिगड़ रही थी। वो यही सोचती थी कि पड़ोसी के साथ क्या करूं जिससे उन्हें सजा मिले। वो सोचती थी कि क्या थप्पड़ मारने से उसे संतुष्टि और उन्हें सजा मिलेगी या क्या ऐसा करूं जिससे उन्हें उनकी गलती का एहसास हो जाए। ऊषाबेन ने मान लिया था कि बेटी के भागने के पीछे पड़ोसियों ने पूरा हाथ है और इसी वजह से बेटी अपनी जिद पर घर छोड़कर चली गई। महिला ने एक बार टीवी पर न्यूज देखते हुए कहा था कि अमेरिका एक मिसाइल पड़ोसी पर भी गिरा देता तो अच्छा होता।

मिलने गई तो बेटी ने बात नहीं की

कुछ समय बाद उषाबेन ने देखा कि पड़ोसी की बेटी ने एक पारिवारिक प्रोग्राम में उसकी बेटी की ड्रेस पहनी हुई है। इससे उसका शक गहरा गया कि पड़ोसी भगाने में शामिल थे। इसके बाद उसने अपनी बेटी से बात करने का प्रयास किया और मिलने भी गई लेकिन बेटी ने न तो बात की न ही उसे मिलने की कभी कोशिश की। इससे वो और परेशान हुई और साथ ही साथ पड़ोसियों के लिए गुस्सा बढ़ता गया। 

पूछताछ में हंस रही थी आरोपी महिला

फ्लोर के चारों घरों में रहने वाले लोगों से पूछताछ करने के लिए पुलिस पहुंची तो उषाबेन उन्हें देखकर बहुत हंस रही थी। ऐसे में पुलिस को शंका हुई। पुलिस ने घर में पड़ी मिठाइयों की जांच की। वहां काफी मिठाइयां रखी थी। पुलिस ने सैंपल लेकर लैब में जांच के लिए भेज दिए। घर में सिर दर्द और नींद की दवाइया भी मिली हैं।

(रिपोर्ट- शैलेष चांपानेरिया)

यह भी पढ़ें-

डॉक्टर के सरकारी क्वार्टर में ANM ने लगा ली फांसी, 4 दिन से साथ रह रही थी; सीढ़ियों पर मिला शव

'बैंक का प्रेशर सहन नहीं हो रहा', 31 लाख के लोन के बोझ तले दबा 2 बच्चों का पिता, ट्रेन से कटकर दी जान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।