Saturday, March 07, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. VIDEO: सनकी आशिक का बदला! मॉडल की मर्सिडीज कार में दोस्तों से लगवाई आग, सामने आए कई राज

VIDEO: सनकी आशिक का बदला! मॉडल की मर्सिडीज कार में दोस्तों से लगवाई आग, सामने आए कई राज

Edited By: Amar Deep Published : Jun 01, 2025 02:09 pm IST, Updated : Jun 01, 2025 02:09 pm IST

गुजरात के सूरत शहर में दो लोगों ने एक मॉडल की मर्सिडीज कार में आग लगा दी। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वहीं मॉडल ने अपने पूर्व प्रेमी पर गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है।

मॉडल की कार में लगाई आग।- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV मॉडल की कार में लगाई आग।

सूरत: शहर के वेसू इलाके में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां दो लोगों ने एक मॉडल की मर्सिडीज कार में आग लगा दी। मामला गैल कॉलोनी का है। यहां श्रीकृष्णा सोसाइटी के पास स्थित नीलकंठ निवास की पार्किंग में खड़ी मर्सिडीज कार में आग लगाने की घटना का वीडियो भी सामने आया है। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वहीं मामले में मॉडल ने वेसू पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई है। परिवार के सदस्यों ने पुरानी रंजिश का शक जताया है। वहीं पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है।

एक्टिवा से आए और मर्सिडीज में लगाई आग

शिकायतकर्ता के अनुसार, दो अज्ञात युवक एक एक्टिवा स्कूटर से आए थे। इनमें से एक के शरीर पर ग्रे रंग की शर्ट, सिर पर नीली टोपी और चेहरे पर रुमाल था। इन बदमाशों ने पूरी योजना के साथ कार पर किसी ज्वलनशील पदार्थ का छिड़काव किया और तुरंत आग लगा दी। सिर्फ कुछ सेकंडों में ही महंगी मर्सिडीज कार आग की लपटों में घिर गई और उसमें से धुआं निकलने लगा। वहां रहने वाले परिवार के सदस्य तुरंत घर से बाहर निकले और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक कार का शीशा, छत, बोनट और इंजन का हिस्सा बुरी तरह जल चुका था। 

मॉडल ने दर्ज कराई दो शिकायतें

वहीं मॉडल ने 12 घंटे में ही दो अलग-अलग थानों में शिकायतें दर्ज करवाई हैं, जिससे इस मामले में किसी बड़ी साजिश की आशंका जताई जा रही है। पहली शिकायत वेसू पुलिस थाने में दर्ज कराई गई है, जिसमें मर्सिडीज कार में आग लगाने का जिक्र है। वहीं दूसरी शिकायत अलथान पुलिस थाने में एक कारोबारी मितेश जैन के खिलाफ दर्ज कराई गई है। इसमें मितेश जैन पर फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर उसके पर्सनल फोटो अपलोड करने, पीछा करने और धमकी देने का आरोप लगाया गया है। मॉडल ने कुछ माह पहले भी मितेश जैन पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज करवाई थी, जिसे बाद में हाईकोर्ट ने उसी के बयान के आधार पर खारिज कर दिया था।

मॉडल की भी हो चुकी है गिरफ्तारी

मॉडल ने पुलिस को बताया कि कुछ समय पहले पांडेसरा क्षेत्र में उनके जीजा की हुंडई क्रेटा कार को भी दो अज्ञात लोगों ने आग लगा दी थी। संदेह है कि मर्सिडीज को जलाने वाले लोग ही इसमें भी शामिल थे।  इसके अलावा पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि 22 अप्रैल को एक व्यापारी की पत्नी ने उमरा थाने में मॉडल के खिलाफ फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर बदनामी करने की शिकायत की थी। उस मामले में मॉडल की गिरफ्तारी भी हुई थी। डीसीपी विजय सिंह गुर्जर ने बताया कि वेसू, अलथान और उमरा पुलिस तीनों मामलों की एक साथ जांच में जुट गई है। इन मामलों की समांतर जांच कर रही है। 

ब्रेकअप के बाद से परेशान करने का आरोप

मॉडल ने अलथान थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में बताया कि उसकी तीन कारों में मितेश जैन ने किसी अनजान व्यक्ति के जरिए GPS डिवाइस लगवाई थी। मॉडल ने यह भी आरोप लगाया है कि पूर्व प्रेमी ने एसिड अटैक की धमकी दी थी। मॉडल ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि व्यापारी मितेश जैन ने पहले प्रेम का नाटक कर रिश्ता बनाया, लेकिन उसने अपने विवाहित होने की बात छिपाई। 2017 में दोस्तों के जरिए पहचान हुई, धीरे-धीरे संबंध बढ़े, लेकिन शादी की सच्चाई सामने आने के बाद मॉडल ने दूरी बनाना शुरू कर दी। इनकार के बावजूद मितेश ने जबरन रिश्ता बनाए रखने की कोशिश की। वहीं उस पर फर्जी आईडी बनाकर निजी फोटो अपलोड करने और मॉडल की तीनों गाड़ियों में चोरी-छिपे GPS ट्रैकिंग डिवाइस लगाने का आरोप है। 

मितेष के कहने पर दोस्तों ने लगाई आग

वहीं DCP विजय सिंह गुर्जर ने बताया कि सभी मामलों की गहन छानबीन की जा रही है। फॉरेंसिक टीम से भी मदद भी ली जा रही है। फिलहाल शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों की पहचान मितेश के सहयोगी सचु राय और तनिष जैन के रूप में हुई है। दोनों ने स्वीकार किया है कि मितेश के कहने पर उन्होंने कार में आग लगाई थी। आरोपी सचु राय, मितेश का दोस्त है और उसी के फ्लैट में रहता है। सचु को वडोदरा से पकड़ा गया है। (इनपुट- शैलेष चांपानेरिया)

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement