1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. जासूसी के आरोप में हरियाणा से एक और यूट्यूबर गिरफ्तार, पाकिस्तानी एजेंटों के कॉन्टैक्ट में था

जासूसी के आरोप में हरियाणा से एक और यूट्यूबर गिरफ्तार, पाकिस्तानी एजेंटों के कॉन्टैक्ट में था

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Oct 02, 2025 10:40 pm IST,  Updated : Oct 02, 2025 10:42 pm IST

हरियाणा के पलवल में एक यूट्यूबर को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और पाकिस्तानी उच्चायोग के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : FILE (PTI)

हरियाणा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए वसीम अकरम नामक एक यूट्यूबर को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) और पाकिस्तानी उच्चायोग के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने गुरुवार को इस गिरफ्तारी की पुष्टि की।

पाकिस्तानी एजेंट के संपर्क में था

पुलिस के अनुसार, पलवल जिले के कोट गांव निवासी वसीम अकरम को बुधवार को गिरफ्तार किया गया। अकरम यूट्यूब पर मेवात के इतिहास से संबंधित वीडियो पोस्ट करता था। अधिकारियों ने बताया कि अकरम पिछले तीन वर्षों से पाकिस्तानी एजेंटों के संपर्क में था। उस पर पाकिस्तानी एजेंटों को सिम कार्ड कथित तौर पर मुहैया कराने का आरोप है।

आपत्तिजनक चैट बरामद

पुलिस को अकरम के फोन से कई आपत्तिजनक व्हाट्सएप चैट मिली हैं। इनमें से कुछ चैट को हटा दिया गया है, जिन्हें साइबर प्रकोष्ठ रिकवर करने की प्रक्रिया में है। पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने पलवल अपराध शाखा और अन्य संबंधित अधिकारियों को मामले की गहन जांच का जिम्मा सौंपा है। खुफिया ब्यूरो (IB) भी पुलिस के संपर्क में है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

दूसरे जासूस से मिली थी जानकारी

अकरम की गिरफ्तारी से एक सप्ताह पहले, पलवल पुलिस ने एक अन्य पाकिस्तानी जासूस तौफीक (निवासी अलीमेव गांव, पलवल) को 26 सितंबर को गिरफ्तार किया था। तौफीक ने ही पूछताछ के दौरान अकरम के बारे में सुराग दिया था। पुलिस के मुताबिक, तौफीक पर 2022 से पाकिस्तान को संवेदनशील जानकारी भेजने का आरोप है। पुलिस ने बताया कि अकरम 2021 में पड़ोसी देश के लिए वीजा आवेदन करते समय पाकिस्तानी एजेंट दानिश के संपर्क में आया था।

एसपी सिंगला ने बताया, "दोनों आरोपी (अकरम और तौफीक) पाकिस्तान उच्चायोग और आईएसआई के संपर्क में थे। अपराध शाखा की टीम उन्हें पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।" पुलिस के अनुसार, अकरम और तौफीक दोनों इंटरनेट कॉल के माध्यम से संपर्क में थे। हालांकि, अकरम के परिवार ने उसकी पाकिस्तान यात्रा से इंकार किया है, लेकिन पुलिस पूछताछ में कई ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जो उसके सीमा पार संबंधों की ओर इशारा करते हैं। (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

भारत और चीन के बीच फिर से डायरेक्ट फ्लाइट सर्विसेज होंगी बहाल, विदेश मंत्रालय ने दी जानकारी

"हम तुम्हें छोड़ रहे हैं, लेकिन...", आधी रात को घर में घुसे बदमाशों ने जमकर काटा बवाल; वारदात CCTV में कैद

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।