फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद में पुलिस ने सेक्टर-58 इलाके में एक कॉलेज छात्रा के साथ बलात्कार के आरोप में एक ऑटोरिक्शा ड्राइवर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी आरोपी छात्रा को उस समय बहला-फुसलाकर अपने कमरे पर ले गया जब वह कॉलेज से घर लौट रही थी। आरोपी का नाम साजिद बताया गया है, जो फतेहपुर टागा गांव का निवासी है। पुलिस ने साजिद को पकड़कर अदालत में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पीड़िता बीए फर्स्ट इयर की छात्रा है और बल्लभगढ़ क्षेत्र की रहने वाली है। वह रोजाना कॉलेज आने-जाने के लिए ऑटो-रिक्शा का इस्तेमाल करती थी।
Related Stories
दोस्ती का नाटक करके जीता था छात्रा का भरोसा
अपनी शिकायत में छात्रा ने कहा कि कॉलेज आने-जाने के दौरान साजिद ने उससे दोस्ती का नाटक कर धीरे-धीरे उसका भरोसा जीत लिया। पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया, 'पिछले साल अक्टूबर में कॉलेज के बाद साजिद मुझे घर छोड़ने के बहाने अपने ऑटो में समयपुर गांव स्थित अपने कमरे पर ले गया और वहां उसने मेरे साथ बलात्कार किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने मुझे धमकी दी कि इस घटना के बारे में किसी को न बताऊं। इसके बावजूद वह बार-बार मेरे साथ जबरदस्ती करने की कोशिश करता रहा। घटना के बाद मैं बहुत डर गई थी और कई दिनों तक कॉलेज नहीं गई। जब मैं दोबारा कॉलेज जाने लगी, तो आरोपी ने फिर से परेशान करना शुरू कर दिया।'
पहले भी POCSO एक्ट के तहत हो चुकी है कार्रवाई
करीब 3 महीने बाद छात्रा ने आखिरकार अपनी मां को घटना के बारे में बताया, जो उसे पुलिस थाने ले गईं। पुलिस ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी साजिद को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ दिल्ली एवं फरीदाबाद में पहले से ही विभिन्न धाराओं के तहत 6 मामले दर्ज हैं, जिनमें POCSO एक्ट भी शामिल है। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और पीड़िता को हर संभव मदद मुहैया कराई जा रही है।