हरियाणा में नायब सिंह सैनी की सरकार ने 100 दिन का कार्यकाल पूरा कर लिया है। इस मौके पर कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने सीएम सैनी और हरियाणा सरकार पर निशाना साधा। हरियाणा में लगातार तीसरी बार बीजेपी की सरकार है। मनोहर लाल खट्टर ने लगभग 10 साल तक सीएम रहने के बाद सैनी को यह जिम्मेदारी दी थी। ऐसे में हुड्डा ने कहा कि 100 दिन में बीजेपी सरकार ने कोई वादा पूरा नहीं किया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने घरेलू गैस सिलेंडर पांच सौ रुपए में देने का वादा किया था, उसका कोई अता-पता नहीं है।
हुड्डा ने कहा कि महिलाओं को पेंशन देने का वायदा पूरा नहीं किया। किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य देने की बात भी झूठी निकली। इन्होंने एक भी वादा पूरा नहीं किया। हुड्डा ने सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि अफसर नायब सैनी को सीएम ही नहीं मानते। अफसरशाही को पता है सरकार की कमांड कहां से है।
प्लाट योजना पर साधा निशाना
ग्रामीणों क्षेत्र में गरीबों को सौ-सौ गज के प्लॉट देने के लिए बीजेपी सरकार ने ड्रा निकाला है। इस पर उन्होंने कहा कि दस साल यह स्कीम रोकने के बाद यह अब प्लॉट देने की बात कर रहे हैं। यह स्कीम भूपेंद्र सिंह हुडा की थी, जिन्होंने सौ-सौ गज के प्लांट देने का काम किया। हमने यह लड़ाई लड़ी, लेकिन अभी भी इसके लिए सर्वे ठीक नहीं हुआ है। धरातल पर अभी जो रिपोर्ट हमें मिल रही है। अभी तक किसी को प्लॉट नहीं मिला है, सिर्फ देने की बात कही जा रही है।
दिल्ली चुनाव में अच्छे प्रदर्शन का भरोसा
दिल्ली चुनाव को लेकर हुड्डा ने कहा कि इस बार कांग्रेस का प्रदर्शन अच्छा रहेगा। उन्होंने कहा कि शीला दीक्षित का कार्यकाल दिल्ली के लिए स्वर्णिम रहा। आज भी लोग उनके विकास कामों को याद करते हैं।
केजरीवाल से ही हमारा मुकाबला है। आप पार्टी हमारी प्रतिद्वंदी है। जितना दिल्ली में अव्यवस्थाओं के लिए केंद्र की बीजेपी सरकार जिम्मेवार है, उतनी ही केजरीवाल की सरकार भी जिम्मेवार है।
सुभाष बराला बोले- सैनी जनता की सोचते हैं
राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के जन्म दिवस पर शुभकामनाएं दीं और कहा कि सैनी जनता के हित की सोचने वाले मुख्यमंत्री हैं। वह फतेहाबाद में मेरा संविधान, मेरा स्वाभिमान कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे थे। नारायणगढ़ में बसपा नेता की हत्या के मामले में सुभाष बराला ने कहा "हरियाणा सरकार अपराधियों से सख्ती से निपट रही है। किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। भाजपा के शासन से पहले अपराधियों को संरक्षण मिलता था, लेकिन भाजपा ने अपराधियों की कमर तोड़ने का काम किया है।
(रोहतक से सुनील कुमार की रिपोर्ट)