1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. हरियाणा में बीजेपी ने लगाई हैट्रिक, लेकिन अपनी सीटें नहीं बचा पाए 8 मंत्री

हरियाणा में बीजेपी ने लगाई हैट्रिक, लेकिन अपनी सीटें नहीं बचा पाए 8 मंत्री

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Oct 08, 2024 10:36 pm IST,  Updated : Oct 08, 2024 10:53 pm IST

Haryana Assembly Election Results 2024: हरियाणा में बीजेपी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है, लेकिन मुख्यमंत्री नायब सैनी की सरकार के 8 मंत्री के अलावा स्पीकर भी विधानसभा चुनाव हार गए हैं।

नायब सिंह सैनी- India TV Hindi
नायब सिंह सैनी Image Source : PTI

Haryana Assembly Election Results 2024: हरियाणा विधानसभा चुनाव में बीजेपी को बड़ी जीत मिली है। लगातार तीसरी बार चुनाव जीतकर इतिहास रच दिया है। वहीं, एग्जिट पोल के आंकड़े से गदगद कांग्रेस नतीजे आने के बाद निराश हो गई है। कांग्रेस को हार का बिल्कुल भी अंदेशा नहीं था। हालांकि, ये चुनाव परिणाम बीजेपी के लिए भी चौंकाने वाले हैं। बीजेपी को इतनी बड़ी जीत की शायद ही उम्मीद होगी। नीतजों में बीजेपी ने हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों में से 48 पर कब्जा जमा लिया है और अब सरकार बनाने की तैयारी करेगी। 

मनोहर लाल खट्टर की जगह पर छह महीने पहले मुख्यमंत्री बनाए गए नायब सिंह सैनी ने भी लाडवा सीट से चुनाव जीत लिया है। उन्होंने कांग्रेस के मेवा सिंह को 16054 वोटों के अंतर से शिकस्त दी है। बीजेपी ने हरियाणा तो बचा लिया है, लेकिन मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरकार के 8 मंत्री और स्पीकर विधानसभा चुनाव हार गए हैं। हरियाणा के सिर्फ 2 मंत्री ही चुनाव जीत पाए हैं। जिन दो मंत्रियों ने चुनाव जीता है उनमें पानीपत ग्रामीण सीट से राज्यमंत्री महिपाल ढांडा और बल्लभगढ़ सीट से कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा शामिल हैं।

  1. स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता को पंचकूला में हार का सामना करना पड़ा। उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के बड़े बेटे और कांग्रेस उम्मीदवार चंद्रमोहन बिश्नोई ने हराया। 
  2. राज्यमंत्री संजय सिंह नूंह में हार गए। यहां से कांग्रेस उम्मीदवार आफताब अहमद ने चुनाव जीता है। नायब सिंह सैनी के मुख्यमंत्री बनने के बाद संजय सिंह को वन और खेल राज्यमंत्री बनाया गया था।
  3. कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर को जगाधरी में हार का सामना करना पड़ा। यहां से कांग्रेस के चौधरी अकरम खान जीते हैं। कंवरपाल गुर्जर मनोहर लाल खट्टर की पहली टर्म की सरकार में स्पीकर थे। दूसरे टर्म में पहले उन्हें शिक्षा मंत्री और बाद में कृषि मंत्री बनाया गया। 
  4. कैबिनेट मंत्री डॉ. कमल गुप्ता को हिसार में हार मिली। यहां वह तीसरे नंबर पर रहे। हिसार से निर्दलीय चुनाव लड़ीं देश की सबसे अमीर महिला सावित्री जिंदल ने जीत दर्ज की। नायब सैनी की सरकार में स्वास्थ्य मंत्री थे।
  5. बीजेपी से बागी होकर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे मंत्री रणजीत चौटाला रानियां से चुनाव हार गए। यहां इनेलो-बसपा के उम्मीदवार और अभय चौटाला के बेटे अर्जुन चौटाला जीते।
  6. राज्यमंत्री असीम गोयल को अंबाला सिटी सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार निर्मल सिंह मोहड़ा शिकस्त मिली। असीम गोयल को नायब सैनी की सरकार में परिवहन और महिला एवं बाल विकास मंत्री बनाया गया था।
  7. राज्यमंत्री सुभाष सुधा को थानेसर में कांग्रेस उम्मीदवार अशोक अरोड़ा से शिकस्त मिली। नायब सैनी के मुख्यमंत्री बनने के बाद सुभाष सुधा को शहरी स्थानीय निकाय मंत्री बनाया गया था।
  8. राज्यमंत्री अभय सिंह को नांगल चौधरी में कांग्रेस उम्मीदवार मंजू चौधरी के सामने हार का सामना करना पड़ा। अभय सिंह यादव को नायब सिंह सैनी के मुख्यमंत्री बनने के बाद जल एवं संसाधन मंत्री बनाया गया था।
  9. कैबिनेट मंत्री जय प्रकाश दलाल को लोहारू में कांग्रेस उम्मीदवार राजबीर फरटिया ने 792 वोटों से हराया। जेपी दलाल को मनोहर लाल के मुख्यमंत्री रहते हुए कृषि मंत्री और नायब सैनी की सरकार में वित्त मंत्री बनाया गया था।

ये भी पढ़ें-

कौन हैं मेहराज मलिक? जिन्होंने AAP को जम्मू-कश्मीर में दिया सरप्राइज गिफ्ट

हरियाणा में कांग्रेस की हार पर आचार्य प्रमोद कृष्णम का बड़ा वार, राहुल गांधी को बता दिया "पनौती"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।