1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. नूंह में ईद की नमाज के बाद दो गुटों में झड़प, जमकर चली लाठियां; 5 घायल

नूंह में ईद की नमाज के बाद दो गुटों में झड़प, जमकर चली लाठियां; 5 घायल

 Edited By: Amar Deep
 Published : Mar 31, 2025 04:41 pm IST,  Updated : Mar 31, 2025 04:41 pm IST

हरियाणा के नूंह में ईद की नमाज के बाद दो गुटों में झड़प हो गई। इस घटना में पांच लोग घायल हो गए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है और शांति व्यवस्था कायम कर दी गई है।

ईद की नमाज के बाद दो गुटों में झड़प।- India TV Hindi
ईद की नमाज के बाद दो गुटों में झड़प। Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

नूंह: हरियाणा के नूंह जिले में ईद की नमाज के बाद दो गुटों के बीच झड़प का मामला सामने आया है। यहां एक गांव में सोमवार को ईद की नमाज के बाद एक ही समुदाय के दो गुटों के बीच हुई झड़प में पांच से अधिक लोग घायल हो गए है। पुलिस ने इस घटना के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि दो गुटों के बीच झड़प की घटना सुबह नौ बजे हुई। इस दौरान तिरवाड़ा गांव में राशिद और साजिद नाम के व्यक्तियों के गुटों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट हुई। हालांकि सूचना मिलने के बाद कई थानों की टीम गांव में पहुंची। फिलहाल शांति व्यवस्था बहाल कर दी गई है।

पुरानी रंजिश के चलते हुआ विवाद

​​अधिकारियों ने बताया कि शांति सुनिश्चित करने के लिए गांव में पुलिस की एक टीम तैनात की गई है। हिंसा तब शुरू हुई जब ईदगाह से नमाज अदा करने के बाद घर लौट रहे एक समूह के सदस्यों का दूसरे पक्ष के कुछ लोगों से विवाद हो गया। इसके बाद दोनों समूहों के सदस्यों ने एक-दूसरे पर लाठियों से हमला किया। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद हिंसा रुकी और घायलों को अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि राशिद और साजिद समूहों के बीच पुराना विवाद है, जिसमें दोनों पक्षों के खिलाफ पहले भी मामले दर्ज किए जा चुके हैं। 

पुलिस ने स्थिति पर पाया काबू

नूंह पुलिस के प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने बताया कि पुरानी रंजिश में तिरवाड़ा गांव में राशिद और साजिद के गुटों के बीच झड़प हो गई। इस मारपीट में राशिद पक्ष से मीरू और हाफिज तथा साजिद पक्ष से खुर्शीद, आशमीन और नूर मोहम्मद घायल हो गए है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नूंह पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि दोनों गुटों के कुछ अन्य लोगों को भी मामूली चोट आई है। हमारी पुलिस टीम मौके पर हैं और स्थिति नियंत्रण में है। मामले की जांच जारी है और जल्द प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें-ं

महाराष्ट्र की मस्जिद में ब्लास्ट, AIMIM नेता ने आरोपियों पर UAPA लगाने की उठाई मांग

ग्रेटर नोएडा में आग की चपेट में आईं कई फैक्ट्रियां, दूर से दिख रहा धुएं का गुबार; दमकल की दर्जनों गाड़ियां मौजूद

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।