1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. फरीदाबाद: बहू की हत्या कर दफनाने से पहले ससुर ने किया था दुष्कर्म, साजिश में सास भी थी शामिल, जांच में खुलासा

फरीदाबाद: बहू की हत्या कर दफनाने से पहले ससुर ने किया था दुष्कर्म, साजिश में सास भी थी शामिल, जांच में खुलासा

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Jun 27, 2025 02:53 pm IST,  Updated : Jun 27, 2025 03:01 pm IST

पुलिस ने आरोपी ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। बहू की हत्या के मामले में उसकी सास भी शामिल थी। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस पूरे हत्याकांड का खुलासा किया है।

पुलिस के चंगुल में आरोपी ससुर भूप सिंह- India TV Hindi
पुलिस के चंगुल में आरोपी ससुर भूप सिंह Image Source : SOCIAL MEDIA

हरियाणा के फरीदाबाद जिले में बहू की हत्या कर शव को घर के बाहर दफनाने के मामले की जांच रिपोर्ट सामने आ गई है। ससुर ने हत्या करने से पहले बहू के साथ दुष्कर्म किया था। पुलिस ने कहा कि बहू की हत्या में सास भी शामिल थी और उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया है। 

मृतका का पति है फरार

पुलिस के मुताबिक, मृतका का पति अरुण घटना के बाद से फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। एक अधिकारी ने कहा कि मुख्य आरोपी भूप सिंह (ससुर) को अपराध शाखा ने फिर से तीन दिन की रिमांड पर लिया है। उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान ससुर ने खुलासा किया कि हत्या की योजना पहले ही बना ली गई थी। 

15 अप्रैल को बनाई थी हत्या की योजना

मामले की जांच में शामिल एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि 24 वर्षीय बहू की हत्या की योजना 15 अप्रैल को बनाई गई थी। उसके पति व सास भी इस योजना में शामिल थे। उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान भूप सिंह ने कथित तौर पर खुलासा किया कि योजना के अनुसार सास को 15 अप्रैल को उत्तर प्रदेश के एटा में अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए भेज दिया गया था। 

नींद में मिलाईं गोलियां

पुलिस के अनुसार, 21 अप्रैल की रात को अरुण ने अपनी पत्नी और बहन काजल के खाने में नींद की गोलियां मिला दीं। पुलिस ने कहा कि खाना खाने के बाद दोनों ही भूतल और पहली मंजिल पर अपने-अपने कमरों में गहरी नींद में सो गए। 

अकेले ही हत्या करने गया ससुर

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि तय हुआ कि ससुर अकेले ही बहू की हत्या करेगा और अरुण भूतल पर बने कमरे में चला गया। उन्होंने कहा कि भूप सिंह देर रात तन्नू के कमरे में घुसा और दुपट्टे से उसका गला घोंटने ही वाला था लेकिन बेहोश बहू को मारने से पहले आरोपी ने उससे दुष्कर्म किया। 

पहले से खोदे गड्ढे में फेंका शव

पुलिस ने कहा कि भूप सिंह ने अपने बेटे और पत्नी को दुष्कर्म के बारे में नहीं बताया। कुछ देर बाद मुख्य आरोपी ने अरुण को ऊपर कमरे में बुलाया और दोनों ने शव को उठाकर गली में पहले से खोदे गए गड्ढे में पर फेंक दिया। 

गड्ढे से निकाला गया बहू का शव

इसके बाद दोनों आरोपियों ने शव के ऊपर ईंट और मिट्टी डाल दी। आस-पड़ोस के लोगों को बताया गया कि गड्ढा सीवर बनाने के लिए किया गया है। नायब तहसीलदार जसवंत सिंह के सामने गड्ढा खोदा गया और बहू का शव बाहर निकाला गया। 

शिकोहाबाद की रहने वाली थी बहू

ससुराल पक्ष के चार लोगों भूप सिंह, सास सोनिया, बेटे अरुण सिंह और बेटी काजल के खिलाफ पल्ला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। बहू की हत्या कर ससुराल पक्ष के लोगों ने शव को घर के सामने ही दफना दिया था। ससुराल पक्ष के लोगों ने करीब दो महीने तक गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराकर मामले को छिपाए रखा। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद की रहने वाली महिला की शादी दो साल पहले रोशन नगर इलाके में रहने वाले अरुण सिंह से हुई थी। (भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।