यमुनानगरः हरियाणा के यमुनानगर जिले के चिक्कन गांव के घने जंगलों में स्थित अजात आश्रम में देर रात एक गंभीर घटना सामने आई, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। यहां पिछले 12 वर्षों के लिए मौन व्रत धारण कर तपस्या कर रहे संत शिव बाबा उर्फ मौनी बाबा पर चार युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। बाबा उस समय गहन योग साधना में लीन थे, जब अचानक चार युवक आश्रम में पहुंचे और भोजन की मांग की।
फल मिलते ही हिंसक हो गए आरोपी
बाबा ने अपनी परंपरा और तपस्या के अनुसार युवकों को फल देकर भोजन प्रदान किया। लेकिन युवकों का व्यवहार हिंसक हो गया और उन्होंने बाबा पर अचानक हमला कर दिया। बाबा हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि, शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली। ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर चारों हमलावरों को काबू में कर लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने हमलावरों का वीडियो भी बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
आश्रम में रह रहे हैं मौनी बाबा
बताया जा रहा है कि अजात आश्रम वन्य प्राणी विहार क्षेत्र में स्थित है और एकांत पहाड़ी पर बना हुआ है। बाबा शिव पिछले 7 वर्षों से यहां मौन व्रत में लीन हैं और अभी 5 वर्ष बाकि मौन के रह गए है। वे दिन में साधना करते हैं और रात में गहन योग तपस्या में डूबे रहते हैं। आश्रम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने पहले इसे बनियांवाला गांव में स्थानांतरित करने का प्रयास किया था, लेकिन मौन व्रत के चलते बाबा ने वहां रहना स्वीकार नहीं किया।
ग्रामीण कुलदीप ने बताया कि बाबा पिछले 7 वर्षो से अधिक समय से इस तपस्या में लीन हैं और समाज से पूरी तरह कटे हुए हैं। वह किसी से बातचीत नहीं करते और अधिकतर समय ध्यान और साधना में बिताते हैं। उनका अभी 5 साल का मौन व्रत शेष है।
पुलिस जांच में जुटी
हमले के बाद घायल बाबा को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चूंकि बाबा मौन व्रत में हैं, इसलिए वे मौखिक बयान नहीं दे सकते। पुलिस बाबा के ठीक होने का इंतजार कर रही है ताकि वे हाथ से लिखकर अपनी आपबीती बता सकें। फिलहाल उन्होंने कुछ बातें पुलिस को हाथ से लिख जरूर दी है, वही अपराध शाखा के अधिकारी चारों आरोपियों से पूछताछ कर रहे हैं।
इनपुट : कुलवंत सिंह यमुनानगर