1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, खड़े कैंटर में घुस गई कार, परिवार के 4 लोगों की मौत, दो घायल

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, खड़े कैंटर में घुस गई कार, परिवार के 4 लोगों की मौत, दो घायल

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Jun 13, 2026 05:25 pm IST,  Updated : Jun 13, 2026 05:59 pm IST

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक कार, सड़क किनारे कैंटर में पीछे से जा घुसी। हादसे में दो लोग घायल भी हैं।

खड़े कैंटर में घुस गई कार। - India TV Hindi
खड़े कैंटर में घुस गई कार। Image Source : REPORTER INPUT

नूंह: हरियाणा के नूंह जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां जिले से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक यह हादसा बघौला गांव के पास एक्सप्रेसवे के 64/170 किलोमीटर प्वाइंट पर हुआ। यहां जयपुर से दिल्ली जा रही एक अल्काजार कार सड़क किनारे खड़े केले से भरे आयशर कैंटर में पीछे से जा भिड़ी।

सुबह-सुबह हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार आयशर कैंटर सुबह करीब 6:24 बजे एक्सप्रेसवे पर आकर खड़ा हुआ था। लगभग 11 मिनट बाद सुबह 6:35 बजे तेज रफ्तार अल्काजार कार कैंटर के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा कड़ी मशक्कत के बाद घायलों और मृतकों को वाहन से बाहर निकाला।

चार लोगों की हुई मौत

मृतकों की पहचान पूनम (37) निवासी शिव कुंडा की तलाई, नाटाटा रोड, थाना आमेर, जयपुर, खुशी (16), केशव (26) निवासी कोटपूतली तथा डूग्गी (12) के रूप में हुई है। इसके अलावा हादसे में जवाहर (62) और चेतन (3) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए जयपुर रेफर कर दिया गया है। फिलहाल उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे में कार के उड़े परखच्चे।
Image Source : REPORTER INPUTहादसे में कार के उड़े परखच्चे।

हादसे की जांच में जुटी पुलिस

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार परिवार में किसी बात को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि मृतक महिला के पिता का 15 दिन पहले कैंसर के कारण निधन हो गया था। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर अल-आफिया अस्पताल, मांडीखेड़ा भेज दिया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। वहीं दुर्घटनाग्रस्त आयशर कैंटर को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आयशर कैंटर एक्सप्रेसवे पर किन परिस्थितियों में खड़ा था और क्या चालक द्वारा आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। (इनपुट- अनिल मोहनिया)

यह भी पढ़ें-

सामने आई INDIA गठबंधन की फूट! लेफ्ट ने पूछा- राहुल गांधी संसद में PM मोदी को गले लगा सकते हैं लेकिन पिनाराई विजयन को क्यों नहीं?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।