1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. हरियाणा में जेजेपी नेता रवींद्र सैनी मर्डर केस में चार साजिशकर्ता गिरफ्तार, पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

हरियाणा में जेजेपी नेता रवींद्र सैनी मर्डर केस में चार साजिशकर्ता गिरफ्तार, पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

 Published : Jul 16, 2024 11:46 pm IST,  Updated : Jul 16, 2024 11:54 pm IST

दस जुलाई को सैनी की हत्या के बाद हांसी के पुलिस अधीक्षक मकसूद अहमद ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था और पुलिस ने 24 घंटे के भीतर विकास उर्फ ​​विक्की नेहरा को गिरफ्तार कर लिया था।

जेजपा नेता रवींद्र सैनी- India TV Hindi
जेजपा नेता रवींद्र सैनी Image Source : PHOTO-फेसबुक/रविंदर सैनी हांसी

हिसार: हरियाणा पुलिस ने जननायक जनता पार्टी (जेजपा) के नेता रवींद्र सैनी (50) की हत्या के मामले में चार मुख्य साजिशकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार लोगों की पहचान हांसी निवासी प्रवीण (32), खिवाड़ा पाली (राजस्थान) निवासी प्रवीण (40), हांसी के सिसाय कलिरावन निवासी रवींद्र (29) और नारनौंद (हिसार) क्षेत्र के गामरा गांव निवासी रमेश उर्फ ​​योगी शिवनाथ (40) के रूप में हुई है।

पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया

आरोपियों को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि हिरासत के दौरान सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जाएगी। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा किया कि उन्होंने कुछ दिन पहले हत्या के 'मास्टरमाइंड' विकास उर्फ ​​विक्की नेहरा के साथ मुलाकात के दौरान सैनी की हत्या की साजिश रची थी। विक्की नेहरा गांव निंदाना (रोहतक) का निवासी है।

एसआईटी का किया गया था गठन

दस जुलाई को सैनी की हत्या के बाद हांसी के पुलिस अधीक्षक मकसूद अहमद ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था और पुलिस ने 24 घंटे के भीतर विकास उर्फ ​​विक्की नेहरा को गिरफ्तार कर लिया था। सैनी की पिछले सप्ताह हिसार में उनके दोपहिया वाहन शोरूम के बाहर तीन लोगों ने दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी थी।

शोरूम में हुई थी हत्या

 बता दें कि हिसार के हांसी में एक मोटरसाइकिल शोरूम के मालिक रवींद्र सैनी  की अज्ञात हमलावरों ने उसकी दुकान के अंदर गोली मारकर हत्या कर दी। सैनी पूर्व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के नेतृत्व वाली जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) से भी जुड़े थे। हमलावर सैनी के शोरूम में आए और उन पर चार से पांच राउंड गोलियां चलाईं। सैनी लगभग 40 वर्ष के थे। उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें मृत घोषित कर दिया गया था।

इनपुट-भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।