1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. इनेलो प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी की गोली मारकर हत्या, एक अन्य की मौत; कई घायल

इनेलो प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी की गोली मारकर हत्या, एक अन्य की मौत; कई घायल

 Reported By: Puneet Pareenja Written By: Amar Deep
 Published : Feb 25, 2024 06:48 pm IST,  Updated : Feb 25, 2024 07:38 pm IST

बहादुरगढ़ इलाके में इनेलो प्रदेश अध्यक्ष एवं बहादुरगढ़ से पूर्व विधायक नफे सिंह राठी की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। नफे सिंह राठी सहित एक अन्य की मौत हो गई है।

इनेलो प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी।- India TV Hindi
इनेलो प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी। Image Source : INDIA TV

झज्जर: हरियाणा के झज्जर जिले में स्थित बहादुरगढ़ इलाके में इनेलो प्रदेश अध्यक्ष एवं बहादुरगढ़ से पूर्व विधायक नफे सिंह राठी पर जानलेवा हमला का मामला सामने आया है। इस हमले में नफे सिंह राठी की मौत हो गई। उनके साथ ही एक अन्य की भी मौत हो गई है। वहीं इस जानलेवा हमले में कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। इस घटना में नफे सिंह राठी के सुरक्षाकर्मियों को भी कई गोलियां लगी हैं। पूर्व विधायक नफे सिंह राठी पर ये हमला बराही फाटक के पास हुआ। बता दें कि नफे सिंह राठी की गर्दन के पास, कमर और थाई पर कई गोलियां लगी हुई हैं।

दो लोगों की हो गई मौत

बताया जा रहा है कि हमले के समय बराही फाटक के पास अचानक से कई बदमाश आए। ये सभी बदमाश आई-10 गाड़ी में सवार होकर आए थे। इसके बाद बदमाशो ने नफे सिंह की गाड़ी पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दी। वहीं इस हमले में घायल सभी लोगों को गम्भीर अवस्था में ब्रह्मशक्ति संजीवनी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। हमले के थोड़ी देर बाद इनेलो प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी और एक अन्य की मौत हो गई। वहीं अस्पताल के डॉक्टर ने बताया कि घायलों की हालत गंभीर है, उपचार किया जा रहा है। वहीं मामले की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सरकार पर साधा निशाना

वहीं इस पूरी घटना को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने हरियाणा सरकार पर निशाना साधा है। भूपेंद्र सिंह हु्ड्डा ने एक्स पर एक पोस्ट किया है। उन्होंने एक्स पर लिखा है कि 'हरियाणा में इनेलो प्रदेश अध्यक्ष श्री नफे सिंह राठी जी की गोली मार कर हत्या करने का समाचार बेहद दुःखद है। यह प्रदेश की कानून व्यवस्था को दर्शाता है। इस घटना ने स्पष्ट कर दिया कि कानून व्यवस्था का दिवाला पिट चुका है। प्रदेश में आज कोई भी अपने आपको सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहा है। दिवंगत आत्मा को मेरी श्रद्धांजलि व परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि परिवारजनों को यह कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें। हमले में घायल हुए सुरक्षाकर्मियों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।'

यह भी पढ़ें- 

हरियाणा के 7 जिलों में इंटरनेट सेवा फिर हुई बहाल, किसान आंदोलन के चलते 13 जनवरी से था बंद

PM मोदी ने राजकोट से देश को समर्पित किए 5 AIIMS, विपक्ष पर साधा निशाना

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।