1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. हुड्डा और सुरजेवाला के बीच जबरदस्त बयानबाजी, वायरल हुआ वीडियो तो देनी पड़ी सफाई

हुड्डा और सुरजेवाला के बीच जबरदस्त बयानबाजी, वायरल हुआ वीडियो तो देनी पड़ी सफाई

 Reported By: Puneet Pareenja Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : Jul 09, 2026 01:47 pm IST,  Updated : Jul 09, 2026 02:38 pm IST

हरियाणा कांग्रेस की बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला के बीच मंच से हुई बयानबाजी ने पार्टी की गुटबाजी उजागर कर दी है। दोनों नेताओं के बयान का वीडियो वायरल है, जिससे कांग्रेस की अंदरूनी एकजुटता पर सवाल खड़े हो गए हैं।

Haryana Congress, Bhupinder Singh Hooda, Randeep Singh Surjewala- India TV Hindi
भूपेंद्र सिंह हुड्डा और रणदीप सिंह सुरजेवाला। Image Source : PTI

चंडीगढ़: हरियाणा कांग्रेस में लंबे समय से चल रही गुटबाजी अब खुले मंच पर भी दिखाई देने लगी है। पार्टी के नए प्रदेश प्रभारी संजय दत्त की मौजूदगी में आयोजित एक बैठक के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला के बीच हुई बयानबाजी ने पार्टी के अंदरूनी मतभेदों को सार्वजनिक कर दिया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसकी सियासी गलियारों में काफी चर्चा हो रही है। हालांकि बाद में वीडियो पर सफाई देते हुए हुड्डा ने कहा कि मंच पर सिर्फ मजाक चल रहा था।

मंच पर कई बड़े नेता थे मौजूद

दरअसल, हरियाणा कांग्रेस के नए प्रभारी संजय दत्त ने चंडीगढ़ स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी की अहम बैठक बुलाई थी। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला, वरिष्ठ नेता बीरेंद्र सिंह, सांसद कुमारी सैलजा, दीपेंद्र सिंह हुड्डा सहित पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता, विधायक और सांसद मौजूद थे। बैठक के दौरान मंच पर बीच में प्रदेश प्रभारी संजय दत्त बैठे थे। उनके दाहिनी ओर भूपेंद्र सिंह हुड्डा और बाईं ओर रणदीप सिंह सुरजेवाला बैठे थे। सुरजेवाला के पास दीपेंद्र सिंह हुड्डा भी मौजूद थे।

'तू मेरा साथ दे दे, फिर देख धमाका!'

कार्यक्रम का संचालन चल रहा था, तभी भूपेंद्र सिंह हुड्डा अपनी सीट से उठे और मंच संचालक से माइक लेकर कुछ शब्द बोले, जिसने पूरे माहौल को चर्चा का विषय बना दिया। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने हरियाणवी में कहा, 'रणदीप सुरजेवाला जी ने ये कहा था कि आपका आशीर्वाद रहा तो सब ठीक होगा। मैं रणदीप जी से कहूंगा कि तू मेरा साथ दे दे, फिर देख धमाका!' उनके इस बयान का रणदीप सिंह सुरजेवाला ने तुरंत जवाब दिया। उन्होंने माइक संभालते हुए कहा, 'मेरे को 20 साल हो गए आपका साथ देते हुए। अब आपकी बारी आ गई है मेरा साथ देने की।'

अन्य नेताओं ने नहीं की कोई टिप्पणी

सुरजेवाला ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा कि हरियाणा के 56 साल के राजनीतिक इतिहास में कांग्रेस केवल 3 बार अपने दम पर पूर्ण बहुमत हासिल कर सकी है। उन्होंने कहा कि केवल वोट प्रतिशत की चर्चा करने से कोई फायदा नहीं है, असली बात यह है कि पार्टी के कितने विधायक जीतकर विधानसभा पहुंचे। बैठक में मौजूद अन्य नेताओं ने इस दौरान कोई सार्वजनिक टिप्पणी नहीं की, लेकिन हुड्डा और सुरजेवाला के बीच हुई यह बातचीत कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। इसके बाद हरियाणा कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी एक बार फिर राजनीतिक बहस का विषय बन गई।

गुटबाजी पर आई हुड्डा की सफाई

इस बीच, भूपेंद्र सिंह हुड्डा की सफाई सामने आई है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हम एकजुट हैं। कोई बिखराव नहीं है। वीडियो में सिर्फ एक मजाक चल रहा था, वो मेरा अजीज है।

ये भी पढ़ें: 'कांग्रेस को हुड्डा पर भरोसा नहीं..', अविश्वास प्रस्ताव पर सीएम नायब सिंह सैनी का विपक्ष पर तंज, सुनाई ये शायरी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।