हरियाणा सरकार ने शनिवार को 'दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना' के तहत 5.22 लाख से अधिक पात्र महिलाओं को 109 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डिजिटल माध्यम से हस्तांतरित की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पात्र लाभार्थियों के खातों में डिजिटल माध्यम से राशि हस्तांतरित की। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही भाजपा सरकार ने हरियाणा के लोगों से किया गया एक और चुनावी वादा पूरा कर दिया है।
सैनी ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, "हम जो कहते हैं, उसे पूरा करते हैं। यह नरेन्द्र मोदी की गारंटी है।’’ मुख्यमंत्री ने शनिवार को हरियाणा के स्थापना दिवस के मौके पर कागज रहित भूमि पंजीकरण प्रणाली की भी शुरुआत की। सैनी ने सवालों के जवाब में कहा कि ‘लाडो लक्ष्मी योजना’ का लाभ उठाने वाले परिवार में पात्र महिलाओं की संख्या पर कोई प्रतिबंध नहीं होगा।
विपक्षी दलों पर साधा निशाना
विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने कर्नाटक, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश में लोगों से बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन इन्हें पूरा नहीं किया। उन्होंने दावा किया कि इसी तरह आम आदमी पार्टी (आप) ने पंजाब में प्रत्येक महिला को 1,000 रुपये देने का अपना वादा अभी तक पूरा नहीं किया है। सैनी ने 25 सितंबर को दीनदयाल उपाध्याय की 109वीं जयंती के मौके पर 'दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना' की शुरुआत की थी।
किन महिलाओं को मिलता है फायदा
दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 23 से 60 वर्ष की आयु की विवाहित और अविवाहित महिलाएओं (जो एक लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले परिवारों से संबंधित हैं) को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से प्रति माह 2,100 रुपये मिलेंगे। साठ वर्ष से अधिक आयु की महिलाएं स्वतः ही वृद्धावस्था सम्मान भत्ता पेंशन योजना के लिए पात्र हो जाती हैं। (इनपुट- पीटीआई भाषा)
यह भी पढ़ें-
ग्वाटेमाला में 'डंकी रूट' पर मारा गया 18 साल का युवराज, मौत का सबूत देने के लिए भी मांगे गए पैसे