1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. पंचकूला के सरकारी स्कूल में बच्ची से मारपीट मामले में बड़ी कार्रवाई, दो JBT शिक्षिकाएं तत्काल प्रभाव से सस्पेंड

पंचकूला के सरकारी स्कूल में बच्ची से मारपीट मामले में बड़ी कार्रवाई, दो JBT शिक्षिकाएं तत्काल प्रभाव से सस्पेंड

 Written By: Mangal Yadav
 Published : Nov 01, 2026 07:22 am IST,  Updated : Nov 01, 2026 07:33 am IST

पंचकूला के सरकारी स्कूल में बच्ची से मारपीट मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो JBT शिक्षिकाएं तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दी गई है। शिक्षिकाओं पर लापरवाही बरतने के आरोप हैं।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : ANI/FILE

पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित राजकीय संस्कृत प्राथमिक विद्यालय में मासूम बच्ची के साथ हुई मारपीट के मामले में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ने स्कूल में तैनात दो JBT शिक्षिकाओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित की गई शिक्षिकाओं की पहचान सिमरनजीत कौर और पूजा रानी के रूप में हुई है। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी की ओर से दोनों शिक्षिकाओं के निलंबन संबंधी आदेश जारी कर दिए गए हैं। निलंबन अवधि के दौरान दोनों शिक्षिकाओं का मुख्यालय जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय निर्धारित किया गया है।

8 साल के बच्चे ने छात्रा को बुरी तरह मारा

आरोप है कि तीसरी कक्षा के आठ साल के एक छात्र ने उसके सिर पर कई बार ईंट से वार किया, उसे बेंच पर दे मारा, टाई पकड़कर घसीटा और तब तक लात मारी जब तक कि वह बेहोश नहीं हो गई। CCTV में कैद हुई यह घटना 28 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे से 4 बजे के बीच सेक्टर 20 स्थित गवर्नमेंट मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल में हुई। बच्ची को चंडीगढ़ के PGIMER में भर्ती कराया गया है और बताया जा रहा है कि अब वह खतरे से बाहर है।

प्रिंसिपल, क्लास इंचार्ज और एक चौकीदार के खिलाफ केस दर्ज

बच्ची के चाचा की शिकायत पर, पंचकूला पुलिस ने स्कूल के प्रिंसिपल, क्लास इंचार्ज और एक चौकीदार के खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की धारा 75 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 125(b) के तहत लापरवाही का मामला दर्ज किया है। घटना के तीन दिन बाद शनिवार को FIR दर्ज की गई। 

शिकायतकर्ता का आरोप है कि लड़का बच्ची को बहला-फुसलाकर पहली मंजिल के एक क्लासरूम में ले गया और वहां उसके साथ मारपीट की। उन्होंने बताया कि वह खतरे से बाहर है, लेकिन सदमे में है। उसके सिर पर चार टांके आए हैं और नाक की हड्डी टूट गई है। 

बच्ची का लड़के से हुआ था झगड़ा

घटनाक्रम के बारे में बताते हुए चाचा ने कहा कि बच्ची और वह लड़का एक-दूसरे को नहीं जानते थे, लेकिन 28 अक्टूबर को उनकी कक्षाओं को एक साथ बैठाया गया था। उन्होंने आरोप लगाया, "लड़का बच्ची को परेशान कर रहा था, जिस पर बच्ची ने उसे 'पागल' कह दिया। इससे लड़का भड़क गया। क्लास खत्म होने पर उसने बच्ची से झूठ कहा कि उसके पिता आए हैं और उसे पहली मंजिल के एक खाली क्लासरूम में ले गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई। 

चाचा ने दावा किया कि CCTV फुटेज में दिख रहा है कि लड़का बच्ची का सिर बेंच पर मार रहा है और ईंट से वार कर रहा है। इसके बाद उसने स्टील के डस्टबिन और फूलों के गमले से भी उस पर हमला किया। उन्होंने बताया कि वह तब तक उसे लात मारता रहा जब तक कि वह बेहोश नहीं हो गई, और फिर उसने बाहर से क्लासरूम का दरवाजा बंद कर दिया। बाद में एक गार्ड ने भी कमरे को लॉक कर दिया। बच्ची करीब दो घंटे तक वहां घायल अवस्था में पड़ी रही। 

रिपोर्टः उमंग श्योराण

ये भी पढ़ेंः 'VIDEO देख नहीं पा रहा', पंचकूला में बच्ची पर हमले को लेकर शिक्षा मंत्री ने दिया बयान; बोले- सख्त कार्रवाई होगी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।