1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. ग्वाटेमाला में 'डंकी रूट' पर मारा गया 18 साल का युवराज, मौत का सबूत देने के लिए भी मांगे गए पैसे

ग्वाटेमाला में 'डंकी रूट' पर मारा गया 18 साल का युवराज, मौत का सबूत देने के लिए भी मांगे गए पैसे

 Published : Nov 01, 2025 07:18 pm IST,  Updated : Nov 01, 2025 07:18 pm IST

हरियाणा के कैथल के रहने वाले 18 वर्षीय युवराज की अमेरिका जाने के खतरनाक ‘डंकी रूट’ पर ग्वाटेमाला में मौत हो गई। मानव तस्करों ने उसे बंधक बनाकर बाद में मार डाला और सबूत के लिए परिवार से पैसे मांगे।

Yuvraj Kaithal Donkey Route, Guatemala death case, Haryana youth death Guatemala- India TV Hindi
डंकी रूट पर हर साल दर्जनों लोगों की मौत हो जाती है। Image Source : AP REPRESENTATIONAL

कैथल: हरियाणा के कैथल जिले के एक 18 साल के लड़के युवराज की अमेरिका जाने के खतरनाक 'डंकी' रूट पर मौत हो गई। शनिवार को युवराज के परिजनों ने दावा किया कि वह पिछले साल अक्टूबर में नौकरी की तलाश में निकला था, लेकिन ग्वाटेमाला में मानव तस्करों (डॉनकर्स) ने उसे बंधक बना लिया और कथित तौर पर मार डाला। युवराज कैथल जिले के मोहना गांव का रहने वाला था। उसके पिता एक किसान हैं।

परिवार की मदद के लिए अमेरिका जाना चाहता था युवराज

परिवार को उसकी मौत की खबर कुछ दिन पहले मिली, जब एक डॉनकर ने मौत का सर्टिफिकेट और युवराज व पंजाब के एक अन्य लड़के की तस्वीरें भेजीं। इन तस्वीरों में दावा किया गया कि दोनों को मार दिया गया है। इस बारे में बताते हुए युवराज के मामा गुरपेज सिंह ने कहा, 'डॉनकर वे मानव तस्कर होते हैं जो गैरकानूनी रास्तों से लोगों को विदेश भेजते हैं। इस दौरान कई यात्री मारपीट और बदसलूकी का शिकार हो जाते हैं।' उन्होंने आगे बताया कि युवराज ने 12वीं पास की थी और परिवार की मदद करने के लिए अमेरिका जाकर नौकरी करना चाहता था।

3 ट्रैवल एजेंटों ने परिवार से ली थी भारी-भरकम रकम

युवराज के मामा ने बताया कि हरियाणा के 3 ट्रैवल एजेंटों ने परिवार से सुरक्षित यात्रा का वादा करके भारी रकम ली थी। ये एजेंट अपने नेटवर्क के दूसरे संपर्कों के ज़रिए काम करते थे। पहली किस्त देने के बाद युवराज से परिवार का संपर्क टूट गया। कुछ महीनों बाद परिवार को वीडियो मिले, जिनमें युवराज और पंजाब का एक अन्य लड़का ग्वाटेमाला में बंधक बनाए गए दिख रहे थे। इसके बाद डॉनकरों ने फिरौती की मांग की। परिवार का मानना है कि हरियाणा के एजेंटों के जरिए भेजी गई रक़म डॉनकरों तक नहीं पहुंची।

युवराज की मौत का सबूत देने के लिए भी मांगे गए पैसे

हाल ही में एक डॉनकर ने संपर्क करके कहा कि युवराज को मार दिया गया है और सबूत के लिए 3 लाख रुपये मांगे। पैसे भेजने पर उसने मौत का सर्टिफिकेट और तस्वीरें भेजीं। गुरपेज सिंह ने कहा, 'कुल मिलाकर परिवार ने ट्रैवल एजेंटों और डॉनकरों को 40 से 50 लाख रुपये दिए।' उन्होंने दावा किया कि परिवार ने पहले पुलिस से शिकायत की थी और 2 लोकल एजेंटों को पकड़ा भी गया, लेकिन हाल ही में उन्हें युवराज की मौत की सूचना मिली। पंजाब, हरियाणा और अन्य राज्यों के कई लोग जोखिम भरे 'डंकी रूट' अपनाते हैं। इस तरह गैरकानूनी तरीकों से पहुंचने वालों में से कई को बाद में डिपोर्ट भी कर दिया जाता है। (PTI)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।