1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. घर-जमीन महंगी, हाईवे पर टोल भी महंगा, पिछड़ा वर्ग-EWS के पुराने सर्टिफिकेट मान्य नहीं; हरियाणा में 1 अप्रैल से और क्या बड़े बदलाव हुए?

घर-जमीन महंगी, हाईवे पर टोल भी महंगा, पिछड़ा वर्ग-EWS के पुराने सर्टिफिकेट मान्य नहीं; हरियाणा में 1 अप्रैल से और क्या बड़े बदलाव हुए?

 Published : Apr 01, 2026 01:18 pm IST,  Updated : Apr 01, 2026 01:18 pm IST

हरियाणा में 1 अप्रैल 2026 यानी आज से कई बड़े बदलाव हुए हैं। इन बदलावों से आपकी रोजमर्रा की जिंदगी पर असर पड़ेगा। छात्रों और सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों पर भी इसका सीधा प्रभाव पड़ेगा। आइए जानते हैं आज से हरियाणा में किन नियमों में बदलाव हुआ है।

nayab singh saini- India TV Hindi
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी। Image Source : PTI

हरियाणा में 1 अप्रैल से कई बड़े बदलाव हुए हैं जो आम लोगों के जीवन से जुड़े हैं। राज्य के सभी जिलों में 15 से 75% तक कलेक्टर रेट (सर्किल रेट) बढ़े हैं जिससे अब घर, जमीन और फ्लैट खरीदना महंगा होगा। प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री महंगी हो जाएगी। कलेक्टर रेट में सर्वाधिक बढ़ोतरी गुरुग्राम, फरीदाबाद, पंचकूला, सोनीपत, झज्जर और हिसार में हुई है। हिसार के अग्रोहा में कलेक्टर के रेट में 75% की भारी बढ़ोतरी हुई। यहां अब जमीन की रजिस्ट्री के लिए अधिक स्टांप शुल्क चुकाना पड़ेगा।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, बढ़ती मांग, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास और बाजार मूल्यों को ध्यान में रखकर ये दरें प्रस्तावित की गई थी।

हरियाणा में और क्या-क्या बदलाव हुए?

  1. भर्ती प्रक्रिया के नियम बदले- हरियाणा सरकार ने न्यायिक सेवाओं में भर्ती प्रक्रिया को लेकर बड़ा संशोधन किया है। सरकार ने हरियाणा उच्च न्यायिक सेवा (संशोधन) नियम, 2026 लागू कर दिए हैं। ये नियम 27 मार्च 2026 से प्रभावी हो गए थे। संशोधित नियमों के तहत अब न्यायिक सेवा में पदों को भरने के लिए प्रमोशन, सीमित प्रतियोगी परीक्षा और सीधी भर्ती का स्पष्ट ढांचा तय किया गया है। नए प्रावधानों के अनुसार 50% पद मेरिट-कम-सीनियरिटी के आधार पर प्रमोशन से भरे जाएंगे। 25% पद सीमित प्रतियोगी परीक्षा और 25% पद सीधी भर्ती के माध्यम से भरे जाएंगे। सीमित प्रतियोगी परीक्षा के जरिए प्रमोशन के लिए न्यूनतम 7 साल का अनुभव और 35 साल की आयु निर्धारित की गई है।
  2. पिछड़ा वर्ग-EWS के पुराने सर्टिफिकेट मान्य नहीं, नए सर्टिफिकेट जरूरी- आज से हरियाणा में 3 कैटेगरी के प्रमाणपत्रों की मान्यता खत्म हो जाएगी। इनमें पिछड़ा वर्ग-ए (बीसी-ए), पिछड़ा वर्ग बी (बीसी-बी) और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के सर्टिफिकेट शामिल हैं। सरकारी नौकरियों में भर्ती के लिए अभ्यर्थियों को नए सर्टिफिकेट बनवाने होंगे।
  3. हाईवे पर टोल महंगा- नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने टोल दरों में 5 रुपये से 265 रुपये तक की बढ़ोतरी की है। सबसे महंगा टोल NH-152D (अंबाला से नारनौल) पर है, जहां कार का एक तरफ का किराया 375 रुपये हो गया है। खेड़की दौला (गुड़गांव) और चौधरीवास (हिसार) जैसे टोल प्लाजा पर भी दरें बढ़ी हैं।
  4. 1 अप्रैल से छात्राओं को मिलेगा दूध- आज से 'मुख्यमंत्री दूध उपहार योजना' के तहत सभी सरकारी स्कूलों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक की छात्राओं को पौष्टिक दूध और प्रोटीन मिल्क बार मिलेगा। छात्राओं को हफ्ते में 4 दिन फोर्टिफाइड सुगंधित दूध और दो दिन प्रोटीन मिल्क बार मिलेगा। इस योजना का उद्देश्य छात्राओं में पोषण की कमी (एनीमिया) को दूर करना है। 
  5. कलेक्टर रेट 75% तक बढ़े- हरियाणा के सभी जिलों में कलेक्टर रेट बढ़ गए हैं। नई दरों में रेजिडेंशियल, कृषि और कॉमर्शियल भूमि के रेट में 75% तक की बढ़ोतरी की गई है।

यह भी पढ़ें-

GST कलेक्शन में जोरदार उछाल, मार्च में ₹2 लाख करोड़ से अधिक हुआ जमा, जानें कितना बढ़ा

सरकार महिलाओं को दे रही 20 हजार रुपये, योजना का लाभ कैसे उठाएं, पात्रता क्या है, क्या डाक्यूमेंट चाहिए? जानें

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।