1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. किसानों के प्रदर्शन के बीच इन रास्तों पर जानें से बचें, ट्रैफिक एडवाइजरी जारी; इस तरह से जानें हर पल की अपडेट

किसानों के प्रदर्शन के बीच इन रास्तों पर जानें से बचें, ट्रैफिक एडवाइजरी जारी; इस तरह से जानें हर पल की अपडेट

 Edited By: Amar Deep
 Published : Feb 11, 2024 04:21 pm IST,  Updated : Feb 11, 2024 04:21 pm IST

अपनी विभिन्न मांगों को लेकर किसानों का प्रदर्शन जारी है। इसी बीच किसान संगठनों ने दिल्ली जाने का फैसला लिया है। वहीं किसानों के दिल्ली कूच को लेकर हरियाणा पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।

किसानों के प्रदर्शन के बीच हरियाणा पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी।- India TV Hindi
किसानों के प्रदर्शन के बीच हरियाणा पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी। Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

चंडीगढ़: किसान संगठनों द्वारा 13 फरवरी को दिल्ली कूच के आह्वान के चलते हरियाणा पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने यात्रियों की सुविधा को लेकर एहतियात के तौर पर ये ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। हरियाणा पुलिस ने इस दौरान लोगों से 13 फरवरी को प्रदेश के मुख्य मार्ग का उपयोग अति आवश्यक स्थिति में ही करने की सलाह दी है। हरियाणा पुलिस ने अपील करते हुए कहा है कि हरियाणा से पंजाब की और जाने वाले सभी मुख्य मार्गों पर यातायात के बाधित रहने की संभावना है। अतः आमजन से अपील की गई है कि वे पंजाब की ओर यात्रा अति आवश्यक परिस्थितियों में ही करें।

यहां से जानें ट्रैफिक की पूरी अपडेट

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) ममता सिंह ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि ट्रैफिक की वर्तमान स्थिति जानने के लिए हरियाणा पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म- एक्स पर @police_haryana और @DGPHaryana तथा फेसबुक पर Haryana Police से अपडेट लेते रहें। इसके अलावा एनएच-44 दिल्ली-चंडीगढ़ हाईवे पर किसी यातायात की बाधा की परिस्थिति में चंडीगढ़ से दिल्ली जाने वाले यात्री डेराबस्सी, बरवाला/रामगढ़, साहा, शाहबाद और कुरूक्षेत्र के रास्ते अथवा पंचकूला, एनएच-344 यमुनानगर इंद्री/पिपली, करनाल होते हुए दिल्ली पहुंचे। इसी प्रकार दिल्ली से चंडीगढ़ जाने वाले यात्री करनाल, इंद्री/पिपली, यमुनानगर, पंचकूला होते हुए अथवा कुरूक्षेत्र, शाहबाद, साहा, बरवाला, रामगढ़ होते हुए अपने गन्तव्य स्थान पर पहुंचे। किसी भी असहज परिस्थिति में डायल-112 पर संपर्क कर सकते हैं।

पुलिस की टीमों ने की पूरी तैयारी

इसके अलावा उन्होंने बताया कि शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने, किसी भी तरह की हिंसा को रोकने और यातायात और सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को सुविधाजनक बनाने के लिए पुलिस द्वारा विस्तृत व्यवस्था की गई है। इस संबंध में सभी रेंज एडीजीपी/आईजीपी, पुलिस आयुक्त और जिलों के एसपी को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं ताकि आमजन को कम से कम असुविधा हो एवं कानून व्यवस्था सुचारू रहे। इसके अतिरिक्त, प्रभावित जिलों खासकर अंबाला, कुरूक्षेत्र, कैथल, जींद, फतेहाबाद और सिरसा में यातायात के रूटों को अस्थाई तौर पर बदलने के लिए पहले से ही तैयारी कर ली गई है।

हरियाणा के लोगों से पुलिस ने की अपील

उन्होंने आगे कहा कि सभी नागरिकों को इन व्यवस्थाओं के बारे में पहले से सूचित किया जा रहा है ताकि वे किसी भी असुविधा से बचने के लिए अपनी यात्रा की योजना बनाते समय इसका ध्यान रखें। संबंधित जिलों को इस संबंध में स्थानीय एडवाइजरी जारी करने के लिए भी कहा गया है। हालांकि, राज्य में अन्य सभी मार्गों पर यातायात की आवाजाही सुचारू रहेगी। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे इस दौरान अनावश्यक रूप से ना निकलें और यदि संभव हो तो यात्रा करने से बचें। ममता सिंह ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल है। किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में नहीं लेने दिया जाएगा तथा कानून व्यवस्था को बाधित करने की कोशिश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- 

दिल्ली कूच पर अड़े किसान, हरियाणा के 7 जिलों में इंटरनेट बंद के बाद पंचकूला में धारा 144 लागू

दिव्यांगों के लिए हरियाणा सरकार ने उठाया बड़ा कदम, अफसर बनने की राह हुई आसान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।