1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. हथनीकुंड बैराज में सेना के अभ्यास के दौरान बड़ा हादसा, नाव पलटकर नदी में डूबी, जवानों के लापता होने की आशंका

हथनीकुंड बैराज में सेना के अभ्यास के दौरान बड़ा हादसा, नाव पलटकर नदी में डूबी, जवानों के लापता होने की आशंका

 Written By: Subhash Kumar
 Published : Sep 02, 2026 09:18 am IST,  Updated : Sep 02, 2026 10:43 am IST

हरियाणा के यमुनानगर में हथनीकुंड बैराज में सेना के अभ्यास के दौरान बड़ा हादसा हुआ है। जानकारी के अनुसार, एक नाव पलटकर नदी में डूब गई। इस हादसे में जवानों के लापता होने की भी आशंका सामने आई है।

haryana yamunanagar army jawan missing - India TV Hindi
यमुना नदी में नाव पलटने से हादसा। Image Source : REPORTER

हरियाणा-हिमाचल सीमा पर हथनीकुंड बैराज क्षेत्र में सेना की एक्सरसाइज के दौरान यमुना नदी में उस वक्त बड़ा हादसा हो गया जब, बाढ़ बचाव की प्रैक्टिस के दौरान सेना की मोटर बोट डेंजर जोन की तरफ चली गई और तेज बहाव के बीच पलटकर नदी में डूब गई। हादसे के बाद एक से दो जवानों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही सेना, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। बताया जा रहा है कि कुछ जवान तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि लापता जवान की तलाश जारी है।

कैसे हुआ ये हादसा?

हथनीकुंड बैराज क्षेत्र में सेना की "वन पैरा स्पेशल फोर्स" के जवानों द्वारा एक्सरसाइज की जा रही थी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इसी दौरान सेना की मोटर बोट यमुना नदी के डेंजर जोन में चली गई। नदी में तेज बहाव होने के कारण नाव हादसे का शिकार होकर पानी में डूब गई। हादसे के बाद सेना के कुछ जवान नदी में फंस गए। इनमें से तीन जवानों के करीब 600 मीटर तक तैरकर सुरक्षित बाहर निकलने की जानकारी सामने आई है। वहीं एक जवान के तेज बहाव में लापता होने की सूचना है। कुछ जानकारी में एक से दो जवानों के लापता होने की आशंका भी जताई जा रही है।

लापता जवान की तलाश जारी

हादसे की सूचना मिलते ही हरियाणा और उत्तर प्रदेश पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। एसडीआरएफ यमुनानगर और अन्य रेस्क्यू टीमों को भी सर्च ऑपरेशन में लगाया गया। काफी प्रयास के बाद सेना की डूबी हुई मोटर बोट को पानी से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन लापता जवान की तलाश अभी भी जारी है। आपको बता दें कि इससे पहले हरियाणा में कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर पिकअप वैन और ट्रक की टक्कर में 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी। वहीं, 14 लोग घायल भी हुए थे।

1 से 2 जवानों के लापता होने की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हथनीकुंड बैराज क्षेत्र में वन पैरा स्पेशल फोर्स के जवान एक्सरसाइज कर रहे थे। इसी दौरान सेना की नाव के साथ हादसा होने की सूचना मिली। एक से दो जवानों के लापता होने की आशंका है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई हैं। फिलहाल नदी में तेज बहाव के बीच लापता जवान की तलाश जारी है। हादसा किस वजह से हुआ और इसमें कुल कितने जवान प्रभावित हुए हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। प्रतापनगर पुलिस ने इसे देश की सुरक्षा से जुड़ा मामला बताते हुए विस्तृत जानकारी देने से इनकार किया है। (रिपोर्ट: कुलवंत चौधरी)

ये भी पढ़ें- CBI ने दबोचा युवाओं को विदेश में 'साइबर स्लेवरी' में फंसाने वाला ठग, देता था मोटी कमाई वाली नौकरी का लालच

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।